SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मुर्दों की कब्रों को भी नहीं छोड़ा: फूल, मोमबत्तियां और लालटेन चुराती थी 57 साल की महिला; 20 परिवारों ने की शिकायत

कनाडा के मिल्टन स्थित एक कब्रिस्तान में कब्रों पर रखे पौधे, मोमबत्तियां और लालटेन अचानक गायब होने लगे. पहले एक-दो परिवारों ने इसकी शिकायत की, लेकिन धीरे-धीरे करीब 20 परिवारों ने पुलिस को बताया कि उनके अपनों की कब्रों से सामान चोरी हो रहा है. करीब चार महीने की जांच के बाद पुलिस ने 57 साल की एक महिला को गिरफ्तार किया है. उसके घर से चोरी का सामान भी बरामद हुआ.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 07, 2026, 07:30 AM IST | Updated: Nov 07, 2026, 07:35 AM IST
Image Credit: प्रतीकात्मक AI इमेज | कब्रिस्तान से पौधे और मोमबत्तियां चुराती थी महिला!
Join

किसी अपने के दुनिया से चले जाने के बाद उसकी यादें ही परिवार के पास रह जाती हैं. ऐसे में लोग उनकी कब्र पर फूल, पौधे, मोमबत्तियां और दूसरी छोटी-छोटी चीजें रख जाते हैं.इन चीजों की बाजार में भले ही ज्यादा कीमत न हो, लेकिन परिवार के लिए ये बेहद खास होती हैं.

कनाडा के ओंटारियो प्रांत के मिल्टन स्थित एवरग्रीन सिमेट्री में भी परिवार अपने दिवंगत लोगों की याद में ऐसी ही चीजें रखते थे. लेकिन कुछ समय बाद लोगों ने महसूस किया कि कब्रों के पास रखा सामान लगातार गायब हो रहा है. शुरुआत में किसी को समझ नहीं आया कि आखिर ये चीजें कहां जा रही हैं.

एक-दो नहीं, 20 परिवारों ने की शिकायत

जब अलग-अलग कब्रों से सामान गायब होने लगा तो परिवारों को शक हुआ कि इसके पीछे किसी की हरकत हो सकती है. इसके बाद लोगों ने पुलिस से संपर्क किया. धीरे-धीरे करीब 20 परिवारों ने शिकायत दर्ज कराई. परिवारों का कहना था कि वे अपने प्रियजनों की कब्र पर पौधे, मोमबत्तियां और लालटेन जैसी चीजें रखकर जाते थे, लेकिन अगली बार पहुंचने पर वे वहां नहीं मिलती थीं. किसी अनजान व्यक्ति का इस तरह कब्रों से सामान उठाकर ले जाना लोगों को काफी परेशान कर रहा था.

चार महीने बाद पुलिस के हाथ लगा सुराग

हालटन रीजनल पुलिस सर्विस के अनुसार, कब्रिस्तान से सामान गायब होने की घटनाएं जून के आखिर में शुरू हुई थीं. जुलाई में पुलिस को इसकी शिकायतें मिलनी शुरू हुईं. इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई. पुलिस ने कब्रों से गायब हुई चीजों के बारे में जानकारी जुटाई और संदिग्ध सामान की तलाश की. जांच के दौरान 57 साल की डायना एंडरसन का नाम सामने आया. पुलिस को उनके घर से कई ऐसी चीजें मिलीं, जिनके चोरी होने की शिकायत परिवारों ने की थी.

घर से मिले पौधे, मोमबत्तियां और लालटेन

पुलिस ने डायना के घर से पौधे, मोमबत्तियां और लालटेन समेत कई सामान बरामद किए. ये वही चीजें थीं, जिन्हें परिवारों ने अपने मृत परिजनों की कब्रों पर रखा था और बाद में उनके गायब होने की शिकायत की थी. पुलिस ने पहले इन सामानों को अपने कब्जे में लिया. इसके बाद अक्टूबर के आखिरी दिनों में डायना को हिरासत में ले लिया गया. इस तरह जून में शुरू हुई चोरी की घटनाओं की गुत्थी करीब चार महीने बाद सुलझ सकी.

महिला पर 5000 डॉलर से कम की चोरी का आरोप

पुलिस के अनुसार, डायना एंडरसन पर 5000 डॉलर से कम कीमत के सामान की चोरी करने का आरोप लगाया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. हालांकि, पुलिस की जांच अभी इस बात पर भी केंद्रित है कि बरामद सामान किन-किन परिवारों का है. हर चीज की पहचान कर उसे संबंधित परिवार तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी.

कई परिवारों को अब भी नहीं पता सामान चोरी हुआ

पुलिस का मानना है कि हो सकता है कि कब्रिस्तान में आने वाले कुछ परिवारों को अभी तक पता ही न चला हो कि उनके अपनों की कब्र से सामान गायब हो चुका है. ऐसे में बरामद हुई सभी चीजों को उनके असली मालिकों तक पहुंचाना एक चुनौती है. इस घटना ने उन परिवारों को भी परेशान कर दिया है, जो अपने प्रियजनों की याद में कब्र पर छोटी-छोटी चीजें रखकर जाते हैं. उनके लिए ये सामान सिर्फ सजावट का हिस्सा नहीं, बल्कि अपनों से जुड़ी भावनाओं की निशानी हैं. कब्रिस्तान में हुई इस चोरी की घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है. आखिर कोई उन चीजों को भी क्यों चुराएगा, जिन्हें परिवार अपने दिवंगत सदस्यों की याद में छोड़कर जाते हैं. फिलहाल पुलिस बरामद सामान की पहचान करने और उसे परिवारों तक लौटाने में जुटी है.

यह भी पढ़ें:- यहां जानवर आजाद, कैद में इंसान: एम्स्टर्डम के अनोखे म्यूजियम में पिंजरे में बंद होते हैं टूरिस्ट; सिर के ऊपर दिखते हैं मगरमच्छ

यह भी पढ़ें:- 'आपका बैंक अकाउंट मनी लॉन्ड्रिंग में फंसा है...' एक फोन कॉल और महिला के खाते से निकल गए 3 करोड़ रुपये, रोते हुए पहुंची थाने

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES