App

इडली में भर दिया बटर चिकन, भड़के लोग: किसी ने कहा जेल भेजो, तो किसी ने बताया खाने के साथ अत्याचार; पोस्ट वायरल

इडली का नाम सुनते ही आपको सॉफ्ट, सफेद और भाप में पकी डिश की याद आ जाती होगी. वहीं बटर चिकन का जिक्र हो तो क्रीमी ग्रेवी और मसालेदार चिकन याद आता है. लेकिन सोचिए, इन दोनों को मिलाकर एक ही डिश बना दी जाए तो क्या होगा? सोशल मीडिया पर बटर चिकन स्टफ्ड इडली की तस्वीर सामने आते ही कुछ ऐसा ही हुआ. किसी ने इसे खाने के साथ एक्सपेरिमेंट बताया तो किसी ने बनाने वाले को जेल भेजने की मांग कर दी.

इडली में भर दिया बटर चिकन, भड़के लोग: किसी ने कहा जेल भेजो, तो किसी ने बताया खाने के साथ अत्याचार; पोस्ट वायरल
Image Credit: X- @yougotvansh | इडली में बटर चिकन की स्टफिंग देख चकराया लोगों का दिमाग!

इडली और बटर चिकन, दोनों के अपने अलग फैन हैं. दक्षिण भारत की मशहूर इडली सुबह के नाश्ते में लोगों को खूब पसंद की जाती है, जबकि बटर चिकन का स्वाद लेने के लिए लोग रेस्टोरेंट तक पहुंच जाते हैं. लेकिन इन दोनों को मिलाकर बनाई गई डिश ने इंटरनेट पर खाने के शौकीन लोगों को दो हिस्सों में बांट दिया है.

मामला तब चर्चा में आया, जब एक्स पर वंश नाम के यूजर (@yougotvansh) ने बटर चिकन स्टफ्ड इडली की तस्वीर शेयर करते हुए फूड डिलीवरी स्टार्टअप स्विश को टैग किया. तस्वीर में प्लेट पर छह इडली दिखाई दे रही हैं. इनमें से दो इडली काटी गई हैं, जिनके अंदर नारंगी रंग की बटर चिकन फिलिंग नजर आती है. साथ में चटनी भी रखी है.

179 रुपये में मिल रही अजीबोगरीब डिश

स्विश के मेन्यू में इस डिश की कीमत 179 रुपये बताई गई है. कंपनी ताजा खाना, स्नैक्स और ड्रिंक्स कम समय में डिलीवर करने का दावा करती है. यह बेंगलुरु, गुरुग्राम और नोएडा में अपनी सर्विस देती है. मेन्यू के अनुसार, इस डिश में बटर चिकन के स्वाद को नरम, भाप में पकी इडली के साथ मिलाया गया है. यानी इडली के अंदर चिकन की फिलिंग रखी गई है, जिससे खाने वाले को एक ही बाइट में दोनों का स्वाद मिल सके. लेकिन यही आइडिया कुछ लोगों को पसंद नहीं आया. वंश ने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'कम से कम 20 साल की जेल.' उनकी यह लाइन देखते ही देखते चर्चा का हिस्सा बन गई. लोगों ने भी मजेदार कमेंट करने शुरू कर दिए.

 

 

'आखिर किसने सोचा होगा ऐसा करने के बारे में?'

इस डिश को देखकर कई यूजर्स हैरान रह गए. किसी को समझ नहीं आया कि इडली के साथ ऐसा एक्सपेरिमेंट करने की जरूरत ही क्या थी. एक यूजर ने मजाक में पूछा कि आखिर इस डिश को बनाने का आइडिया किसे आया होगा. एक दूसरे यूजर ने तो उम्रकैद की मांग कर दी. वहीं, कुछ लोगों ने हैरानी जताते हुए लिखा कि क्या यह सच में कोई डिश है? इस तरह के कमेंट बताते हैं कि इडली और बटर चिकन का यह मेल लोगों के लिए कितना अनोखा है. मामले में एक और दिलचस्प मोड़ तब आया, जब पोस्ट करने वाले यूजर ने बताया कि स्विश के मेन्यू में टोफू इडली भी मिलती है. इसका मतलब इडली के साथ नए-नए प्रयोग सिर्फ बटर चिकन तक सीमित नहीं हैं.

किसी ने कहा- इडली का नाम तो छोड़ दो

इस बहस में कुछ लोगों ने डिश के स्वाद से ज्यादा उसके नाम पर आपत्ति दर्ज की. एक यूजर ने कहा कि इसे चाहे जो नाम दे दिया जाए, लेकिन इसमें इडली शब्द का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. दरअसल, कई लोगों के लिए इडली सिर्फ एक नाश्ता नहीं, बल्कि दक्षिण भारतीय खाने की पहचान है. ऐसे में उसके पारंपरिक रूप में बदलाव देखकर कुछ लोग नाराज हो गए. हालांकि, यह नाराजगी सोशल मीडिया पर मजाक और मीम्स के अंदाज में भी दिखाई दी.

कुछ लोगों को पसंद आया यह फूड एक्सपेरिमेंट

ऐसा नहीं है कि हर किसी ने इस डिश को खारिज कर दिया. कुछ यूजर्स ने इसका बचाव भी किया. एक यूजर ने कहा कि यह चिकन से भरे बाओ बन जैसी डिश है. जब डोसा और मीट का कॉम्बिनेशन पहले से खाया जाता है, तो इडली के साथ ऐसा प्रयोग करने में बुराई क्या है? एक शख्स ने बताया कि वह इस डिश को चख चुका है. उसके अनुसार, स्वाद के लिहाज से यह ठीक थी, हालांकि उसे बहुत शानदार नहीं कहा जा सकता. एक दूसरे यूजर ने भी कहा कि कम से कम इसे स्वादिष्ट बनाने की कोशिश तो की गई है. मतलब कुछ लोगों के लिए यह खाने के साथ बेवजह की छेड़छाड़ है, जबकि दूसरों को लगता है कि नए स्वाद आजमाने में कोई नुकसान नहीं.

सोशल मीडिया पर क्यों छिड़ जाती है खाने की जंग?

खाने के साथ नए प्रयोग होते रहते हैं. कभी दो अलग-अलग व्यंजनों को मिलाकर नई डिश बनाई जाती है, तो कभी किसी पुराने व्यंजन को नए अंदाज में पेश किया जाता है. कुछ प्रयोग लोगों को पसंद आते हैं, जबकि कुछ देखते ही चर्चा और मजाक का विषय बन जाते हैं. बटर चिकन स्टफ्ड इडली के मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ. डिश की तस्वीर सामने आई तो लोगों ने स्वाद चखने से पहले ही अपनी राय देनी शुरू कर दी. किसी ने इसे खाने की आजादी बताया, तो किसी ने इसको इडली के साथ अन्याय तक कह दिया.

(Disclaimer: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद डिटेल्स को एकत्रित करके बनाई गई है. Zee News इसके प्रमाणिकता, दावों और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More