App

ट्रक क्लीनर से इंटरनेट सेंसेशन बना अरुण: चाय पीते हुए हंसने का वीडियो हुआ था वायरल, बन गया मीम स्टार; संघर्ष की कहानी कर देगी भावुक

सोशल मीडिया पर आने वाले किसी न किसी मीम में आपने भी उस लड़के का वीडियो जरूर देखा होगा, जो हाथ में चाय का कप लेकर जोर-जोर से हंसता नजर आता है. आज उसकी हंसी लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला रही है. लेकिन इस वायरल चेहरे के पीछे संघर्ष की ऐसी कहानी है, जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे. यहां हम आपको कभी परिवार का पेट पालने के लिए ट्रक पर क्लीनर का काम करने वाले अरुण कुमार के सफर की पूरी कहानी बताने वाले हैं.

ट्रक क्लीनर से इंटरनेट सेंसेशन बना अरुण: चाय पीते हुए हंसने का वीडियो हुआ था वायरल, बन गया मीम स्टार; संघर्ष की कहानी कर देगी भावुक
Image Credit: @officialhumansofbombay | चाय की थड़ी पर हंसते-हंसते रातोंरात स्टार बन गया था ट्रक क्लीनर अरुण!

सोशल मीडिया पर मीम और मजेदार वीडियो देखने वालों के लिए यह चेहरा नया नहीं है. किसी वीडियो में कोई मजेदार बात हो या किसी की जबरदस्त कॉमेडी, अक्सर उसके लास्ट में एक लड़के की जोरदार हंसी सुनाई देती है. हाथ में चाय का कप, चेहरे पर बेफिक्री और बिना रुके लगने वाला ठहाका. बस यही उसकी पहचान बन गई.

लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस लड़के का नाम अरुण कुमार है और वह तेलंगाना का रहने वाला है. आज लोग उसे 'लाफिंग बॉय' के नाम से पहचानते हैं. जिस हंसी ने उसे इंटरनेट पर मशहूर कर दिया, उसके पीछे जिंदगी के कई मुश्किल साल छिपे हैं.

चौथी के बाद छूट गई थी पढ़ाई

अरुण का बचपन आसान नहीं था. परिवार की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी और घर चलाने के लिए कम उम्र में ही उसे काम करना पड़ा. हालात ऐसे बने कि चौथी क्लास के बाद उसकी पढ़ाई छूट गई. जिस उम्र में बच्चे स्कूल जाकर दोस्तों के साथ खेलते और पढ़ाई करते हैं, उस उम्र में अरुण को परिवार की जिम्मेदारियों के बारे में सोचना पड़ रहा था. किताबों और स्कूल से उसका रिश्ता टूट गया. पेट पालने की मजबूरी में उसने छोटी उम्र से ही मेहनत-मजदूरी शुरू कर दी.

ट्रक ड्राइवर ने दिया काम

इसी दौरान अरुण की मुलाकात नेहरू नाम के एक ट्रक ड्राइवर से हुई. नेहरू ने उसे अपने साथ ट्रक पर क्लीनर का काम दे दिया. इसके बाद दोनों का साथ सफर शुरू हुआ. ट्रक में सामान की देखभाल करना, ड्राइवर की मदद करना और लंबे रास्तों पर उसके साथ रहना अरुण की रोजमर्रा की जिंदगी बन गई. हालांकि, दोनों के बीच सिर्फ काम का रिश्ता नहीं था. सफर के दौरान खूब बातचीत होती, हंसी-मजाक चलता और खाली समय में दोनों मोबाइल से इंस्टाग्राम रील्स भी बनाते थे. उस वक्त शायद किसी ने नहीं सोचा था कि इन छोटी-छोटी वीडियो में से एक अरुण की जिंदगी बदल देगी.

 

 

चाय की थड़ी पर हुआ किस्मत का फैसला

एक दिन दोनों नेशनल हाईवे के किनारे एक चाय की दुकान पर रुके थे. वहां किसी बात पर अरुण अचानक जोर-जोर से हंसने लगा. उसकी हंसी में बनावट नहीं थी. वह बिल्कुल वैसे ही हंस रहा था, जैसे कोई इंसान सारी परेशानियां भूलकर कुछ पल के लिए खुश हो जाता है. नेहरू को अरुण का यह अंदाज पसंद आया और उन्होंने मोबाइल कैमरे में उसका वीडियो बना लिया. इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया गया. बस, यहीं से कहानी ने नया मोड़ ले लिया.

वीडियो वायरल हुआ तो हर तरफ होने लगी चर्चा

वीडियो में अरुण की बेफिक्र हंसी लोगों को इतनी पसंद आई कि देखते ही देखते वह इंटरनेट पर छा गया. यूजर्स ने उसकी हंसी को मीम्स और मजेदार वीडियो में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया. धीरे-धीरे यह छोटा सा क्लिप सोशल मीडिया पर उसकी पहचान बन गया. आज हालत यह है कि अरुण का चेहरा और उसकी हंसी इंटरनेट पर एक अलग पहचान रखते हैं. लोग शायद उसका नाम न जानते हों, लेकिन उसका वीडियो देखते ही पहचान जाते हैं. कई बार किसी इंसान की पहचान किसी बड़े काम से नहीं, बल्कि उसकी एक छोटी सी अदा से बन जाती है. अरुण के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ.

मशहूर होने के बाद सबसे पहले याद आई पढ़ाई

अरुण की जिंदगी में सोशल मीडिया से पहचान और कमाई के नए रास्ते खुले. लेकिन उसकी कहानी का सबसे अच्छा हिस्सा सिर्फ वायरल होना नहीं है. जिस पढ़ाई को गरीबी की वजह से उसे बीच में छोड़ना पड़ा था, उसे पूरा करने का फैसला उसने दोबारा लिया. अरुण ने फिर से पढ़ाई शुरू की और इसी साल मार्च में दसवीं की परीक्षा पास कर ली. यह उसके लिए सिर्फ एक परीक्षा पास करने की बात नहीं थी. यह उस अधूरे सपने को पूरा करने जैसा था, जिसे उसने परिवार की मजबूरियों के चलते कभी पीछे छोड़ दिया था.

नेहरू और अरुण की जोड़ी कर रही कमाल

अरुण की इस कामयाबी में नेहरू का भी अहम साथ रहा है. जिस ड्राइवर ने कभी उसे ट्रक पर काम दिया था, उसी ने उसकी हंसी का वीडियो बनाकर दुनिया के सामने पहुंचाया. अब दोनों मिलकर सोशल मीडिया के लिए कंटेंट तैयार करते हैं. बताया जा रहा है कि दोनों को बड़े ब्रांड्स के साथ काम करने के मौके भी मिल रहे हैं और उनकी कमाई में भी सुधार हुआ है. कभी हाईवे पर ट्रक के साथ सफर करने वाले अरुण के लिए यह जिंदगी का बिल्कुल नया दौर है.

लोगों को पसंद आ रही संघर्ष और कामयाबी की कहानी

अरुण की कहानी सोशल मीडिया पर एक बार फिर चर्चा में है. लोग उसकी हंसी के साथ-साथ जिंदगी में आए बदलाव की भी तारीफ कर रहे हैं. कुछ यूजर्स का कहना है कि किस्मत कब और कैसे बदल जाए, कोई नहीं जानता. वहीं, कई लोग नेहरू की भी तारीफ कर रहे हैं कि उन्होंने अरुण के हुनर को पहचाना और उसे दुनिया तक पहुंचाया. कई यूजर्स ने यह भी कहा कि अरुण की कहानी उन लोगों के लिए उम्मीद है, जिनकी पढ़ाई या सपने किसी मजबूरी के कारण बीच में छूट जाते हैं.

हंसी के पीछे छिपी है हिम्मत की कहानी

अरुण आज भले ही इंटरनेट पर अपनी हंसी के लिए पहचाना जाता हो, लेकिन उसकी असली कहानी उस मेहनत की है, जिसने उसे मुश्किल हालात से बाहर निकलने का मौका दिया. चौथी के बाद पढ़ाई छूटना, ट्रक पर क्लीनर का काम करना और फिर लाखों लोगों के बीच पहचान बनाना, यह सफर आसान नहीं रहा होगा. सबसे खास बात यह है कि मशहूर होने के बाद अरुण ने अपनी पढ़ाई को भी अहमियत दी. उसकी कहानी बताती है कि जिंदगी में शुरुआत चाहे कितनी भी मुश्किल क्यों न हो, आगे बढ़ने का मौका मिलने पर रास्ते बदले जा सकते हैं. कभी चाय की दुकान पर लगाई गई एक हंसी आज उसकी पहचान बन चुकी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो