App

अल्लाह हम सबसे इसका हिसाब... जेल में सड़ रहे इमरान खान के लिए क्यों फूट-फूटकर रोई ये एक्ट्रेस? Video ने उड़ाई नींद

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में हालत को लेकर एक्ट्रेस मिशी खान और मरियम नफीस का भावुक वीडियो वायरल हो रहा है. मिशी खान ने इमरान खान को बुनियादी अधिकार न मिलने पर नाराजगी जताई है और सिस्टम व सरकार पर सवाल उठाए हैं.

अल्लाह हम सबसे इसका हिसाब... जेल में सड़ रहे इमरान खान के लिए क्यों फूट-फूटकर रोई ये एक्ट्रेस? Video ने उड़ाई नींद
Image Credit: इमरान खान की सेहत और हालात पर चिंतित दिखीं पाकिस्तानी एक्ट्रेस (AI Image)

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान लंबे समय से जेल में बंद हैं और अब उनकी हालत को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है. पाकिस्तानी एक्ट्रेस मिशी खान का एक भावुक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे इमरान खान के साथ हो रहे बर्ताव को लेकर रोती हुई नजर आ रही हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट पर इमरान खान के राजनीतिक सफर और उनके मौजूदा हालात को लेकर नई बहस शुरू हो गई है.

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के मुताबिक, एक्ट्रेस मिशी खान ने जेल में बंद इमरान खान को बुनियादी मानवाधिकार न दिए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है.इंस्टाग्राम पर pakistanicinemaa द्वारा शेयर किए गए वीडियो में मिशी खान का वीडियो आया है. उनका कहना है कि इमरान खान ने पाकिस्तान के लिए इतना कुछ किया, लेकिन आज उनके साथ सही व्यवहार नहीं हो रहा है. वीडियो में भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि इस बात के लिए सिस्टम और आम जनता दोनों को आखिरकार अल्लाह के सामने जवाब देना होगा.

इमरान खान के संघर्ष पर जताया अफसोस

अपने बयान में मिशी खान ने इमरान खान के राजनीतिक और निजी संघर्ष को भी याद किया. मिशी खान ने कहा कि उन्हें इस बात का बहुत अफसोस है कि इमरान खान ने कभी खुद को प्राथमिकता नहीं दी और हमेशा देश के लिए संघर्ष किया. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी दो हिस्सों में बंटे नजर आ रहे हैं और उनके बलिदान व राजनीतिक सफर पर अपनी राय रख रहे हैं.

वीडियो में काफी इमोशनल नजर आ रहीं मिशी खान ने पाकिस्तान की मौजूदा सरकार को भी आड़े हाथों लिया. वायरल क्लिप के मुताबिक, उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जैसा करोगे वैसा ही भरोगे. मिशी खान ने आरोप लगाया कि इमरान खान के साथ बहुत जुल्म किया जा रहा है और जेल के लोगों को उनके सलाम का जवाब देने से भी मना किया गया है. उन्होंने कहा कि यह बहुत गलत है और अल्लाह इस चीज का हिसाब जरूर लेगा.

मरियम नफीस ने की दुआ की अपील

मिशी खान के अलावा पाकिस्तान की जानी-मानी टीवी एक्ट्रेस मरियम नफीस भी इमरान खान की बिगड़ती सेहत को लेकर काफी दुखी नजर आईं. सामने आई जानकारी के मुताबिक, मरियम नफीस ने भी एक वीडियो शेयर कर दुनियाभर के लोगों से इमरान खान की अच्छी सेहत और सलामती के लिए दुआ करने की अपील की है. उनके इस संदेश पर कई फैंस ने भी इमरान खान की बेहतरी के लिए कमेंट किए हैं.

कब से जेल में बंद हैं इमरान खान?

गौरतलब है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं. साल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए प्रधानमंत्री पद से हटाए जाने के बाद उन पर भ्रष्टाचार से जुड़े कई मामले दर्ज किए गए थे. हालांकि, इमरान खान और उनके समर्थकों ने शुरू से ही इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. इमरान खान का कहना रहा है कि उनके खिलाफ ये सभी केस राजनीतिक बदले की भावना से लगाए गए हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More