App

नीतीश सेतु के नाम और उद्घाटन पर गरमाई सियासत: PM के दौरे से पहले राजद के तीखे बोल, रख दी ये बड़ी मांग

बिहार में नीतीश सेतु के नाम और उद्घाटन पर सियासत तेज हो गई है. राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने पीएम मोदी से आज ही बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का ऐलान करने की मांग की है.

नीतीश सेतु के नाम और उद्घाटन पर गरमाई सियासत: PM के दौरे से पहले राजद के तीखे बोल, रख दी ये बड़ी मांग
Image Credit: RJD प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव (जी मीडिया)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (21 नवंबर, 2026) बिहार दौरे पर हैं. इस दौरान वे नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे. वहीं, इसे लेकर बिहार में राजनीति भी अपने चरम पर है. राजद ने सत्ता पक्ष पर तीखा हमला बोला है. राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि आज आप बिहार आ रहे हैं सिक्स लेन पुल का उद्घाटन करने के लिए. आपको याद रखना चाहिए कि इस पुल के निर्माण में आपकी कोई भूमिका नहीं है. 2015 में महागठबंधन की जो सरकार बनी थी, उस समय से कार्य आरंभ और शुभारंभ किया गया था और बाद में बनने के बाद नीतीश कुमार ने भी मुख्यमंत्री के तौर पर इसका शुभारंभ कर दिया था.

'पुल अक्षयवट राय जी के नाम पर होना था'

उन्होंने आगे कहा कि अब नीतीश कुमार को हटाकर बिहार में भारतीय जनता पार्टी का मुख्यमंत्री हो गया है. अब उनके नाम पर आपने सेतु का नामकरण किया है. पुल अक्षयवट राय जी के नाम पर होना था, ये नीतीश कुमार का फैसला था, तेजस्वी यादव का सामूहिक फैसला था. अब जनता दल (यू) को आपने डिवाइड (विभाजित) कर दिया है. हाथ जोड़कर आपसे हम प्रार्थना करना चाहते हैं प्रधानमंत्री मोदी कि बिहार की धरती पर आ रहे हैं, तो एक बात याद रखिएगा, यही नीतीश कुमार जी हाथ जोड़कर आपसे कहे थे कि पटना यूनिवर्सिटी को सेंट्रल यूनिवर्सिटी का दर्जा दे दीजिएगा, आपने नहीं दिया.

'बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का ऐलान कीजिए'

शक्ति सिंह यादव ने कहा कि मैं तो उन वादों की ओर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहता हूं, जो बिहार की धरती पर आपने कहा था. भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में सरकार बिहार में बनेगी, तो हम बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देंगे. प्रधानमंत्री जी, आपको कसम है उस गंगे मैया की, जिस गंगा के किनारे बने पुल का आप उद्घाटन करेंगे, उसकी शपथ है, आज बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का आप ऐलान कर दीजिए. बिहार तालियों की गड़गड़ाहट से आपका सम्मान करेगा.

'अब दो काम जरूर कर दीजिएगा'

उन्होंने कहा कि बिहार के खजाने पर कई तरह के ग्रहण लगे हुए हैं, लाले पड़े हुए हैं. खजाने में पैसे नहीं हैं, लेकिन खर्च भी होंगे, सारा महकमा आपके स्वागत में लगा है, करोड़ों-करोड़ रुपए खर्च होंगे. एक बार हाथ जोड़कर आग्रह है कि अब दो काम जरूर कर दीजिएगा, नीतीश जी को बड़ा सुकून मिलेगा, बिहार के लोगों को भी सुकून मिलेगा. बिहार से सांसद चुनकर दिया है बिहार के लोगों ने आपको, जरा कम से कम बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का आज ऐलान करिएगा, अपने 56 इंच के सीने का परिचय दीजिएगा. अगर ऐलान नहीं करेंगे, तो फिर यह समझ लीजिए कि बिहार के लोग आपको 'बहुरूपिया' से ज्यादा दर्जा तो नहीं देंगे. बिहार का पैसा, बिहार के खजाना, उससे इस्तेमाल होने वाला, उससे बनने वाली योजना का उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री जी आएंगे, यही कहेंगे.

रिपोर्ट: प्रिंस कुमार कुशवाहा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More