App

क्या नीतीश कुमार PM मोदी के साथ मंच साझा करेंगे? क्यों बना सस्पेंस, बिहार को 3 लाख करोड़ की सौगात और 9.76 KM लंबे नीतीश सेतु का उद्घाटन

आज पीएम मोदी 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन करने वाले हैं. इसी बीच बिहार में सियासी हलचल भी तेज हो गई है कि आखिर पूर्व सीएम नीतीश कुमार पीएम मोदी के साथ मंच साझा करते दिखेंगे या नहीं?

क्या नीतीश कुमार PM मोदी के साथ मंच साझा करेंगे? क्यों बना सस्पेंस, बिहार को 3 लाख करोड़ की सौगात और 9.76 KM लंबे नीतीश सेतु का उद्घाटन
Image Credit: पीएम मोदी और पूर्व सीएम नीतीश कुमार (फाइल फोटो)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से पहले वैशाली में भव्य आयोजन की तैयारी पूरी हो गई है. आज (21 नवंबर) हाजीपुर के जाफरपट्टी में प्रधानमंत्री विशाल जनसभा को संबोधित करने वाले हैं. इस दौरान पीएम बिहार को करीब 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देंगे. 9.76 किलोमीटर लंबे नीतीश सेतु का उद्घाटन भी करेंगे. लेकिन पीएम के दौरे से पहले बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है. साथ ही, सबसे बड़ा सवाल ये उठ रहा है कि क्या नीतीश कुमार प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साझा करेंगे? भाजपा नेताओं के जवाब ने सस्पेंस बढ़ा दिया है.

पीएम के स्वागत के लिए वैशाली तैयार

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए वैशाली पूरी तरह से तैयार हो चुका है. हाजीपुर के जाफरपट्टी में करीब 20 लाख वर्गफीट में विशाल सभा स्थल बनाया गया है. पांच बड़े पंडाल, एक लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था, 60 एलईडी स्क्रीन और 14 पार्किंग जोन. एनडीए के पोस्टर-बैनर से पूरा इलाका सज चुका है. सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. 100 मेटल डिटेक्टर, 27 मेडिकल कैंप, 25 एंबुलेंस, 30 अग्निशमन वाहन और 540 शौचालयों की व्यवस्था की गई है.

नीतीश सेतु पर यातायात हो जाएगा बंद

प्रधानमंत्री के आगमन से करीब दो घंटे पहले नीतीश सेतु पर यातायात बंद कर दिया जाएगा. प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण 9.76 किलोमीटर लंबा नीतीश सेतु है. इसके उद्घाटन से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. साथ ही, जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र की आधारशिला भी पीएम मोदी रखने वाले हैं और 2500 से अधिक योजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है.

पीएम मोदी के साथ मंच पर नीतीश कुमार दिखेंगे या नहीं?

वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के साथ नीतीश कुमार मंच साझा करेंगे या नहीं? इस सवाल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी स्पष्ट जवाब देने से बचते दिखे. एनडीए के सभी नेताओं को निमंत्रण देने की बात कही. लेकिन नीतीश कुमार की मौजूदगी पर सस्पेंस कायम है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैशाली दौरा राजनीतिक और विकास के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. अब नजरें प्रधानमंत्री के मंच पर टिकी हैं. क्या नीतीश कुमार साथ नजर आएंगे.

रिपोर्ट: राजकुमार सिंह

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें डिजिटल मीडिया में 2 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.ISOMES कॉलेज से BJMC करने के बाद रंजना ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में काम किया है. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं.रंजना कुमारी से आप Ranjana.Kumari@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More