App

एक तरफ यूक्रेन वॉर पर पुतिन नहीं कर रहे ट्रंप की परवाह, दूसरी तरफ उनके ही पड़ोसी ने तरेरी आंख, बंद कर दिया बॉर्डर

एस्टोनिया ने सुरक्षा कारणों से रूस से सड़क सीमा से जुड़े रूट को छह महीने तक बंद रखने का फैसला लिया है. सरकार का कहना है कि इससे संभावित रूसी गतिविधियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी. वहीं रूस ने इस कदम को नया ‘आयरन कर्टन’ बताते हुए राजनीतिक और कूटनीतिक प्रतिक्रिया देने की चेतावनी दी है.

एक तरफ यूक्रेन वॉर पर पुतिन नहीं कर रहे ट्रंप की परवाह, दूसरी तरफ उनके ही पड़ोसी ने तरेरी आंख, बंद कर दिया बॉर्डर
Image Credit: सांकेतिक तस्वीर (AI)

रूस-यूक्रेन युद्ध की धधकती चिंगारी ज्वालामुखी बनकर तबाही मचा रही है. इस बीच पुतिन ने क्रीमिया के पुल हुए हमले का भीषण बदला भी ले लिया है. ट्रंप लाख कोशिशें करके जंग रोक नहीं पा रहे हैं, तो जेलेंस्की भी मानो नहीं चाहते कि जंग खत्म हो. ऐसी अनिश्चितताओं के बीच कभी सोवियत संघ का हिस्सा रहे एस्टोनिया ने अपनी जड़ों में बैठे लोगों को आंखे दिखाते हुए रूस से लगने वाली सड़क सीमा को छह महीने के लिए बंद करने का फैसला लिया है.

आज भले ही एस्टोनिया की गिनती उत्तरी यूरोप के बाल्टिक देशों में होती है. एस्टोनिया नाटो का सदस्य है, इसलिए इस फैसले ने एक और बॉर्डर पर तनाव पैदा कर दिया है. एस्टोनिया सरकार का बयान सामने आने के बाद मॉस्को ने चेतावनी दी कि अगर ये फैसला लागू हुआ, तो रूस भी राजनीतिक और कूटनीतिक कदमों के जरिए माकूल जवाब देगा.

एस्टोनिया के फैसले की वजह क्या है?

नाटो और यूरोपीय संघ के सदस्य एस्टोनिया ने रविवार को रूस की सुरक्षा एजेंसियों पर एक एस्टोनियाई रक्षा कंपनी में आग लगाने की कोशिश कराने का आरोप लगाया था. एस्टोनिया के मुताबिक, इस साल 2026 में यह इस तरह की यह दूसरी घटना थी.

सीमा बंद करने का फैसला 1 दिसंबर से लागू होगा.

एस्टोनिया के गृह मंत्री इगोर तारो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि इस कदम से देश की व्यापक सुरक्षा स्थिति से निपटने में मदद मिलेगी और रूस की ओर से इस तरह के और हमलों की योजना बनाने की क्षमता सीमित होगी.

रूस का आरोपों से इनकार

तारो ने कहा, 'रूसी सुरक्षा एजेंसियां हमारे उन नागरिकों को डराने और उन्हें अपने लिए काम करने के लिए तैयार करने की कोशिश कर रही हैं, जो सीमा चौकियों के जरिए यात्रा करते हैं. अब हम इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते.'

हालांकि, क्रेमलिन ने पिछले वीकेंड में हुई आगजनी की घटना में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया है. रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जखारोवा का कहना है कि एस्टोनिया ने बॉर्डर बंद करने का फैसला लागू किया तो ये ठीक नहीं होगा.

जखारोवा ने इस फैसले को पूर्व दिशा से आने वाले काल्पनिक खतरे के बहाने नया आयरन कर्टन यानी लोहे की परदा/दीवार खड़ा करने की कोशिश बताया.

रूस-एस्टोनिया बॉर्डर की अहमियत

यूक्रेन का मजबूत समर्थन करने वाले एस्टोनिया में फिलहाल पांच सीमा चौकियां हैं, जहां से लोग रूस में प्रवेश कर सकते हैं या रूस से एस्टोनिया आ सकते हैं. एस्टोनिया से देखने पर रूस पूर्व में है, और रूस से देखने पर एस्टोनिया पश्चिम में है.

ये आवाजागी बिल्कुल उसी तरह आसान है जैसे नोएडा में रहने वाला कोई शख्स टहलते हुए या बाइक/कार से दिल्ली के अशोक नगर या मयूर विहार फेज-3 पहुंच जाए.

इसी तरह एस्टोनिया के उत्तरी पड़ोसी फिनलैंड ने भी साल 2023 में रूस से लगने वाली अपनी सभी सीमा चौकियां बंद कर दी थीं और तब से उन्हें बंद रखा है. इसी तरह से, दक्षिण में स्थित बाल्टिक देशों लातविया और लिथुआनिया ने रूस के साथ अपने सीमा मार्ग खुले रखे हैं.

एस्टोनियाई पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल एस्टोनिया-रूस सीमा से 7.60 लाख लोगों ने आवाजाही की. इनमें करीब 3.07 लाख रूसी नागरिक, 1.75 लाख एस्टोनियाई नागरिक और 54 हजार फिनलैंड के पासपोर्ट धारक थे.

एस्टोनिया ने स्पष्ट किया है कि सड़क मार्ग बंद करने के फैसले का रेल माल ढुलाई पर असर नहीं पड़ेगा. हालांकि, रेल से आने-जाने वाले माल पर सख्त सीमा शुल्क जांच जारी रहेगी.

विरासत का सवाल

सोवियत संघ के दौर की विरासत के कारण एस्टोनिया में रहने वाले हजारों लोगों के परिवार रूस में हैं, जबकि रूस में रहने वाले कई लोगों के रिश्तेदार एस्टोनिया में हैं. एस्टोनिया की सीमा पर स्थित नार्वा शहर में बड़ी संख्या में रूसी भाषी लोग रहते हैं. यह सीमा मार्ग यूरोप के दूसरे हिस्सों से सेंट पीटर्सबर्ग जाने वाले लोगों के लिए भी अहम है. सड़क मार्ग से सेंट पीटर्सबर्ग यहां से कुछ ही घंटे की दूरी पर है.

FAQ- 

सवाल- बाल्टिक देश किन देशों का कहा जाता है?

जवाब- उत्तर-पूर्वी यूरोप में बाल्टिक सागर के पूर्वी तट पर स्थित तीन देशों- एस्टोनिया, लातविया और लिथुआनिया को कहा जाता है. इनका नामकरण बाल्टिक सागर के आधार पर हुआ है.

सवाल- रूस से किन-किन देशों की सीमा मिलती है?

जवाब- रूस की सड़क सीमा 14 देशों से मिलती है. इसके अलावा वो कुछ देशों के साथ समुद्री सीमा भी साझा करता है. 

सवाल - रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एस्टोनिया के फैसले के क्या मायने हैं?

जवाब- रूस का बयान आया है, लेकिन उसमें क्या एक्शन लिया जाएगा ये साफ नहीं है.

पुतिन ने लिया पुल पर हमले का बदला

रूस और क्रीमिया के मध्य समुद्र के ऊपर बने 19 किलोमीटर लंबे ब्रिज पर यूक्रेन के हमले का बदला रूस ने ले लिया है. यूक्रेन पर 400 से ज्यादा ड्रोन और 110 से ज्यादा मिलाइलें दागीं गई. इस हमले में 8 लोगों की मौत हो गई. 

बीते गुरुवार को रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने क्रीमिया ब्रिज पर हमले पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी थी कि रूस इस हमले का दर्दनाक जवाब देगा. 

अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि रूस, एस्टोनिया के खिलाफ क्या जवाबी एक्शन लेगा.   

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Shwetank Ratnamber

Shwetank Ratnamber

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More