App

17 दिन में जारी हुआ यूपी स्पेशल TET का रिजल्ट, आधे से ज्यादा शिक्षक फेल, 39 हजार सफल; प्रमाण-पत्र भी जारी

UP Special TET Result 2026 जारी हो गया है. परीक्षा में 93,681 शिक्षक शामिल हुए, जिनमें 38,902 पास हुए. जानें प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर का रिजल्ट.

17 दिन में जारी हुआ यूपी स्पेशल TET का रिजल्ट, आधे से ज्यादा शिक्षक फेल, 39 हजार सफल; प्रमाण-पत्र भी जारी
Image Credit: UP Special TET Result 2026

प्रयागराज /लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूलों में पढ़ा रहे शिक्षकों के लिए बड़ी खबर है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने स्पेशल टीईटी 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. शुक्रवार देर रात घोषित हुए इस रिजल्ट में कुल 93,681 शिक्षकों में से 38,902 शिक्षक पास हुए हैं. यानी सिर्फ 41.5% शिक्षक ही इस परीक्षा को क्वालिफाई कर पाए. यह परीक्षा 3 नवंबर 2026 को आयोजित हुई थी और आयोग ने महज 17 दिन में ही इसका परिणाम घोषित कर दिया. सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र भी जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं.

प्राइमरी में सिर्फ 30% शिक्षक पास

प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 की स्पेशल टीईटी में कुल 50,666 शिक्षक शामिल हुए थे. इनमें से सिर्फ 15,159 शिक्षक सफल हो पाए. इस स्तर पर पास प्रतिशत करीब 30% रहा.

अपर प्राइमरी में 55% शिक्षकों को मिली सफलता

वहीं बात करें उच्च प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 6 से 8 की परीक्षा की तो इसमें 43,015 टीचरों ने हिस्सा लिया था. इनमें से 23,743 शिक्षक पास हुए. यहां पास प्रतिशत करीब 55% रहा, जो प्राइमरी के मुकाबले काफी बेहतर है.

17 दिन में आया रिजल्ट

स्पेशल टीईटी की लिखित परीक्षा प्रदेश के 6 मंडल मुख्यालयों पर हुई थी. आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार की ओर से शुक्रवार देर रात रिजल्ट जारी किया गया.आयोग ने परीक्षा के 17 दिन बाद ही शुक्रवार देर रात इसका परिणाम घोषित कर दिया.

जुलाई वाली UPTET से तुलना क्यों नहीं?

इससे पहले 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित सामान्य UPTET में करीब 71% अभ्यर्थी पास हुए थे. लेकिन दोनों परीक्षाओं की सीधी तुलना ठीक नहीं है. जुलाई वाली परीक्षा में सभी पात्र अभ्यर्थी शामिल हो सकते थे, जबकि स्पेशल टीईटी सिर्फ बेसिक शिक्षा विभाग में पहले से कार्यरत शिक्षकों के लिए थी.

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हुई थी परीक्षा

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने परिषदीय स्कूलों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए TET पास करना अनिवार्य कर दिया है. ऐसे शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक TET उत्तीर्ण करना होगा, जिन्हें छूट नहीं मिली है. इसी आदेश के अनुपालन में सरकार के निर्देश पर आयोग ने कार्यरत शिक्षकों के लिए स्पेशल टीईटी कराई थी.अब पास हुए शिक्षकों को प्रमाण-पत्र मिल गया है, जबकि फेल हुए शिक्षकों को तय समयसीमा के अंदर TET पास करना ही होगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More