)
बिहार में गंगा नदी पर बना एक और भव्य पुल राज्य की कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने के लिए तैयार है. कच्ची दरगाह से बिदुपुर तक निर्मित छह लेन का 'नीतीश सेतु' बनकर तैयार हो चुका है. पीएम मोदी 21 नवंबर को वैशाली जिले के दौरे पर आ रहे हैं. इस दौरान वे करीब 5,571 करोड़ रुपये की लागत से बने नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे. वहीं, इसके बाद वे राजापाकर में जनसभा को भी संबोधित करने वाले हैं. बता दें इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा, साथ ही राजधानी पटना पर यातायात का दबाव कम होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकेगा.
मिली जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी करीब 2 घंटे तक बिहार में रहने वाले हैं. पीएम मोदी दोपहर 12:55 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे, फिर यहां से हेलीकॉप्टर से वैशाली जिले के लिए रवाना होंगे. उनका ये दौरा राघोपुर से शुरू होने वाला है. रूस्तमपुर में हेलीकॉप्टर उतरेगा और फिर पीएम मोदी गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन नीतीश सेतु का उद्घाटन करेंगे और साथ ही पुल का निरीक्षण भी करेंगे.
वहीं, बिहार में 'नीतीश सेतु' को लेकर सियासत गरमाई हुई है. तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के नाम से सेतु पर आपत्ति जताई, तो पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्वनी चौबे ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि नीतीश जी के नाम पर सेतु है, इससे बड़ी खुशी की बात क्या होगी. तेजस्वी पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि क्या इस पुल का नाम तब तेजस्वी सेतु कर दिया जाए क्या? जब हम कैबिनेट में थे, तब सबने मिलकर यह प्रस्ताव दिया था. 2012 से 14 तक पूरी तरह समीक्षा हुई, बिहार सरकार ने पैसे लगाए. तेजस्वी यादव को मेंढक बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे मेंढक जो आते हैं, ऐसे मेंढकों की जरूरत नहीं है.
वहीं, तेजस्वी यादव ने नीतीश सेतु नामकरण को लेकर कहा कि हम लोगों ने पुल बनवाया है. नीतीश कुमार सचेत अवस्था में होते, तो अछेवट राय जी के नाम पर होता पुल का नाम, लेकिन नीतीश जी अभी अचेत अवस्था में हैं.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संजय सरावगी ने कहा कि 21 तारीख को बिहार की धरती पर, वैशाली की धरती पर प्रधानमंत्री का आगमन हो रहा है. 20 नवंबर को एनडीए सरकार का एक वर्ष पूरा हो रहा है और 21 तारीख को प्रधानमंत्री का आगमन हो रहा है. प्रधानमंत्री का आगमन हमेशा से ही बिहार के लिए उत्साहवर्धक रहा है. पीएम मोदी नीतीश सेतु को आमजन के लिए समर्पण करने वाले हैं. कई योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन पीएम मोदी करने वाले हैं. कोई पीले चावल लेकर निमंत्रण दे रहा है, कई महिलाएं गांव में गीत गाकर उत्साह दिखा रही है. जिस स्थल पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम है, वह भी ऐतिहासिक स्थल है.
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले समय में मुख्यमंत्री की जो सोच है बिहार को समृद्ध बनाने की. पूरा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, जो जंदाहा, राजापाकर, महुआ का इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, वहां आने वाले समय में बड़े-बड़े उद्योग लगने वाले हैं. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में जो जंगलराज से सुशासन स्थापित हुआ और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में समृद्ध बिहार की स्थापना होगी. इस समृद्ध बिहार की स्थापना में एक मील का पत्थर वह हमारा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर है. जो भी नीतीश कुमार के नाम का विरोध करेगा, आम जनता उसका सूपड़ा साफ कर देगी.
नीतीश सेतु पर विपक्ष का हमला और नाम के विरोध को लेकर बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री मंगल पांडे ने कहा कि कारण क्या है कि विपक्ष के लोग नीतीश सेतु का विरोध कर रहे हैं? इसलिए कि नीतीश कुमार जी का राजनीतिक विरोध करते रहना है, इसलिए विरोध कर रहे हैं. इसलिए कर रहे हैं कि नीतीश कुमार जी विकास के प्रतीक थे और ये लोग तो विनाश के प्रतीक रहे हैं. विनाश वालों को विकास कहां से अच्छा लगेगा? नीतीश जी ने जिस प्रकार से 20 वर्षों में बिहार को आगे पहुंचाया, वह इनको न तो दिखाई पड़ता है और दिखता भी है तो मन में खलता है. जो ब्रिज बना है यह बिदुपुर के ऊपर, यह नीतीश कुमार जी की दूरगामी सोच का परिणाम है, जिसमें वह बिहार के विकास का सपना संजोए हुए थे. सपने के साकार होने के बाद स्वाभाविक रूप से उनके नाम पर इसका नामकरण किया जा रहा है, जिसके वह हकदार थे. तो इनके पेट में राजनीतिक कारणों से दर्द हो रहा है.
रिपोर्ट: जी मीडिया