)
अमेरिका में पिछले कुछ दिनों में बड़ी तकनीकी खामियां देखने को मिली. लगातार तकनीकी रुकावटों के कारण हवाई यात्रा, इंटरनेट और बैंकिंग सेवाएं ठप हुई, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. इस बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रीय साइबर निदेशक सीन केयर्नक्रॉस पर गाज गिरी है.
दरअसल, केयर्नक्रॉस को उनके पद से हटा दिया गया है. हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उन्होंने खुद अपने पद से इस्तीफा दिया है. समाचार एजेंसी एएफपी (AFP) के अनुसार, सूत्रों ने दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उन्हें हटाए जाने के फैसले का पूरा समर्थन किया.
बताया जा रहा है कि केर्नक्रॉस के पास इस काम के लिए जरूरी योग्यताएं नहीं थीं. ऐसे में सवाल खड़ा हो रहा है कि नियुक्ति के दौरान जरूरी योग्यताएं क्यों नहीं जांची गईं. व्हाइट हाउस ने केर्नक्रॉस को ऐसे पर उनके पद से हटाया है, जब हाल में ही माइक्रोसॉफ्ट, प्रमुख अमेरिकी बैंक, विमानन सेवाएं और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) से जुड़ी टेक्निकल परेशानियों ने देश की चिंता बढ़ा दी और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
केर्नक्रॉस की विदाई को अमेरिका में लगातार सामने आ रही तकनीकी बाधाओं के बीच अहम घटनाक्रम माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि केर्नक्रॉस के जाने के बाद अब रक्षा विभाग की मौजूदा चीफ इंफॉर्मेशन ऑफिसर कर्स्टन डेविस इस पद का कार्यभार संभालेंगी.
दावा है कि उनके पास इस भूमिका के लिए अधिक उपयुक्त योग्यताएं हैं और उन्हें सीनेट से भी मंजूरी मिल चुकी है. बता दें कि हाल के दिनों में ही अमेरिका में कई बार तकनीकी सेवाएं बड़े पैमाने पर ठप रहीं, जिससे नगिनत उपयोगकर्ताओं के लिए यात्रा, संचार और ई-कॉमर्स सेवाएं बाधित हुईं.
वहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा प्रशासन के एक अत्यंत गोपनीय आंतरिक संचार नटवर्क पर भी इसका असर देखने को मिला. बता दें कि नेशनल साइबर डायरेक्टर के तौर पर काम करने से पहले केर्नक्रॉस ने ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान व्हाइट हाउस में कई अन्य भूमिकाएं निभाई थीं.