App

ट्रंप का ईरान पर 'वेट एंड वॉच': US राष्ट्रपति ने तेहरान पर हमले से पहले खींचे हाथ, कहा- अब अगले साल देखेंगे

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि अमेरिका फिलहाल ईरान पर कोई हमला करने के पक्ष में नहीं है. ट्रंप ने एक साक्षात्कार के दौरान कहा कि वह 1 जनवरी के बाद देखेंगे कि क्या होता है.

ट्रंप का ईरान पर 'वेट एंड वॉच': US राष्ट्रपति ने तेहरान पर हमले से पहले खींचे हाथ, कहा- अब अगले साल देखेंगे
Image Credit: ट्रंप ने ईरान पर किया नया ऐलान. (फोटो- एक्स)

ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा ऐलान किया है. अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना है कि वह फिलहाल तेहरान पर किसी भी सैन्य कार्रवाई के पक्ष में नहीं हैं. अगले साल की शुरुआत में वह स्थितियों को देखने के बाद ही किसी हमले पर विचार करेंगे. ट्रंप के इस बयान से संकेत मिलते हैं कि अमेरिका ने संभावित बमबारी अभियान की अपनी योजनाओं को फिलहाल रोक दिया है.

दरअसल, चीन से लौटते समय गुरुवार को ट्रंप ने 'एक्सियोस' (Axios) को एक संक्षिप्त फोन इंटरव्यू दिया. इस दौरान एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मैं ईरान को लेकर कोई भी फैसला लेने में जल्दबाजी नहीं कर रहा हूं. अगले साल की शुरुआत के बाद हम देखेंगे कि क्या होता है. वहीं, समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि साल की शुरुआत के बाद मैं इस मसले पर बात करूंगा.

ट्रंप के बयान के मायने? 

अमेरिकी राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब ईरान के साथ उसके तनाव लगातार बढ़ रहे हैं. हाल में ही ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिकी सेना पूरी तरीके से तैयार है और ईरान पर कभी भी हमला किया जा सकता है.

हाल में ही कुछ रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा था कि अमेरिका, इजरायल के साथ मिलकर फिर से ईरान पर एक नया हमला करने का विचार कर रहा है. वहीं, वाशिंगटन ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी और आर्थिक दबाव का अभियान भी चला रहा है.

ईरान को धमकी देते रहे हैं ट्रंप

इससे पहले कई मौकों पर ट्रंप तनाव बढ़ने की धमकी देते आए हैं. इससे इतर वह कई बार कह चुके हैं कि टकराव कम भी हो सकता है. कुछ दिनों पहले ही ट्रंप की ओर से कहा गया कि एक और बड़े हमले की संभावना काफी कम है. वहीं, 'एक्सियोस' ने पिछले दिनों अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि ट्रंप इजरायल के साथ मिलकर किसी संयुक्त अभियान पर विचार कर रहे हैं. 

इस रिपोर्ट में दावा किया गया कि इजरायल और अमेरिका, ईरान के जिन ठिकानों पर हमला करने का विचार कर रहे हैं, उनमें संदिग्ध परमाणु सुविधाओं के साथ पुल, ऊर्चा संयंत्र और ईरान के सैन्य और नागरिक नेता शामिल हैं. हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति के नए बयान से यह क्लियर हो गया कि ईरान पर फिलहाल अमेरिका कोई हमला नहीं करेगा.

व्हाइट हाउस ने मांगा संभावित आंकलन

इधर, व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने अमेरिका रक्षा विभाग यानी पेंटागन और खुफिया एजेंसियों से यह आंकलन भी मांगा है कि अलग-अलग हमलों की स्थिति में तेहरान की ओर से जवाबी कार्रवाई क्या हो सकती है. बताया जाता है कि ईरान की ओर से जवाबी हमले में खाड़ी देशों में तेल और गैस के बुनियादी ढांचों पर हमले किए जा सकते हैं.

बता दें कि गुरुवार को अमेरिकी सीनेट ने ईरान युद्ध रोकने के लिए डेमोक्रेट्स के प्रस्ताव को 48-51 से खारिज कर दिया. रिपब्लिकन सांसदों ने ट्रंप के अभियान का साथ दिया. हालांकि, तीन रिपब्लिकन सांसद प्रस्ताव के पक्ष में रहे. सीनेट ने ट्रंप की युद्ध शक्तियां घटाने वाला एक अन्य प्रस्ताव भी फिर गिरा दिया.

क्या इजरायल बना रहा हमले का दवाब?

वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि इजरायल के कार्यकारी पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिका से ईरान पर फिर से सैन्य कार्रवाई करने के लिए दबाव बना रहे हैं. बताया जाता है कि इजरायल की खुफिया एजेंसी 'मोसाद' के प्रमुख रोमन गोफमैन ने हाल में ही अमेरिका का दौरा किया था. उन्होंने यहां पर  CIA निदेशक जॉन रैटक्लिफ के साथ व्हाइट हाउस के दूत स्टीव विटकॉफ से मुलाकात की थी. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More