)
FBI एक बार फिर बड़े साइबर हमले की चपेट में आ गई है. इस बार हैकर्स ने सीधे उस क्राइम डेटाबेस में सेंध लगाई है, जिसका इस्तेमाल पूरे अमेरिका की पुलिस रोजमर्रा की जांच और अपराधियों को पकड़ने के लिए करती है. हाल के दिनों में सामने आए इस साइबर इंट्रूजन ने अमेरिकी सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की नींद उड़ा दी है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले कुछ महीनों के भीतर FBI के सिस्टम पर यह दूसरा बड़ा हमला है. आखिर क्या है यह पूरा मामला, कौन सा डेटाबेस हैक हुआ है और इसके पीछे किसका हाथ हो सकता है.
क्या है NCIC डेटाबेस, जिस पर हुआ है ताजा हमला
FBI फिलहाल अपने 'National Crime Information Center' यानी NCIC में हुई संदिग्ध साइबर सेंध की जांच कर रही है. अगर आपको NCIC के बारे में नहीं पता, तो समझ लीजिए कि यह अमेरिकी कानून व्यवस्था की रीढ़ की हड्डी है. FBI द्वारा चलाया जाने वाला यह सिस्टम पूरे अमेरिका की फेडरल, स्टेट और लोकल पुलिस एजेंसियों को आपस में जोड़ता है.
इस डेटाबेस में अपराधियों की पूरी हिस्ट्री, पेंडिंग अरेस्ट वारंट, संदिग्धों की जानकारी और बैकग्राउंड चेक से जुड़े बेहद संवेदनशील रिकॉर्ड्स मौजूद रहते हैं. जब भी अमेरिका में पुलिस किसी संदिग्ध को रोकती है या किसी केस की जांच करती है, तो सबसे पहले इसी सिस्टम से डेटा चेक किया जाता है. ऐसे में किसी बाहरी हैकर का इस सिस्टम तक पहुंच जाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. अगर चल रही गुप्त जांचों या पुलिस ऑपरेशन्स की जानकारी लीक हुई है, तो इससे बड़े अपराधियों को फायदा पहुंच सकता है. फिलहाल जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि हैकर्स ने अंदर कितना डेटा देखा है या क्या कोई फाइल चोरी भी हुई है.
एक तरफ टीवी पर सुरक्षा के दावे, दूसरी तरफ सिस्टम में सेंध
इस ताजा घटना की टाइमिंग भी काफी चर्चा में है. यह मामला गुरुवार को उस दिन सामने आया, जब FBI डायरेक्टर काश पटेल फॉक्स न्यूज (Fox News) पर एजेंसी की साइबर सिक्योरिटी को मजबूत करने की कोशिशों पर बात कर रहे थे. टीवी इंटरव्यू के दौरान पटेल ने 'Operation Winter Shield' का जिक्र किया, जिसका मकसद संस्थानों को अपने टेक सिस्टम अपडेट करने और साइबर हमलों से बचने के लिए तैयार करना है.
पटेल ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले जरूरी बदलाव नहीं किए गए, लेकिन अब उनकी टीम समय से आगे रहकर काम कर रही है. हालांकि, उनके इस बयान के ठीक आसपास NCIC में सेंध की खबर ने अमेरिका की साइबर तैयारियों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. वैसे भी हाल के समय में अमेरिका के बैंकों, नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) और एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी रुकावटों और साइबर घटनाओं ने पहले से ही माहौल गरम कर रखा है.
दो महीने पहले भी लीक हुआ था 38,000 FBI एजेंट्स का डेटा
ताजा हमला इसलिए भी ज्यादा डराने वाला है क्योंकि सितंबर में ही FBI को एक बहुत बड़ा झटका लगा था. उस वक्त 'ShinyHunters' नाम के एक कुख्यात हैकिंग ग्रुप ने दावा किया था कि उसने FBI की रिक्रूटमेंट वेबसाइट (FBIJobs.gov) से संवेदनशील जानकारी चुरा ली है.
इस अटैक में करीब 38,000 FBI कर्मचारियों का पर्सनल डेटा एक्सपोज हो गया था. इसमें उनके नाम, घर का पता, मोबाइल नंबर, ऑफिशियल ईमेल और एम्प्लॉई आईडी तक शामिल थे. इतना ही नहीं, कर्मचारियों के इमरजेंसी कॉन्टैक्ट्स की डिटेल्स, जैसे सोशल सिक्योरिटी नंबर और पर्सनल ईमेल भी लीक हो गए थे. इस हमले की आंच सिर्फ FBI तक सीमित नहीं रही थी, बल्कि FBI टास्क फोर्स के साथ काम करने वाले 8,000 से ज्यादा स्टेट और लोकल पुलिस अधिकारियों का डेटा भी इसकी चपेट में आ गया था. हैकर्स ने सबूत के तौर पर करीब 5,000 रिकॉर्ड्स का सैंपल ऑनलाइन पब्लिश भी किया था.
आखिर हैकर्स FBI के सिस्टम में घुस कैसे रहे हैं
साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स का मानना है कि सितंबर वाले हमले के पीछे Oracle PeopleSoft नाम के एक एचआर सॉफ्टवेयर की खामी जिम्मेदार थी, जिसका इस्तेमाल FBI करती है. दिलचस्प बात यह है कि Google के थ्रेट इंटेलिजेंस एक्सपर्ट्स ने जून में ही इस खामी को लेकर पब्लिक वॉर्निंग जारी कर दी थी. FBI ने इसके बाद सुरक्षा उपाय भी किए थे, लेकिन हैकर्स ने उन सुरक्षा दीवारों को भी चकमा दे दिया.
FBI के ही एक साइबर सिक्योरिटी एजेंट ने सवाल उठाया था कि आखिर कर्मचारियों की इतनी संवेदनशील जानकारी इंटरनेट से जुड़े सिस्टम पर क्यों रखी गई थी, बजाय इसके कि उसे सिर्फ इंटरनल नेटवर्क तक सीमित रखा जाता. एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर विदेशी खुफिया एजेंसियों के हाथ यह डेटा लग जाए, तो वे संवेदनशील मामलों की जांच कर रहे एजेंट्स की पहचान कर सकते हैं और उन्हें ब्लैकमेल या टारगेट कर सकते हैं. इस घटना ने लोगों को 2015 के उस बड़े साइबर अटैक की भी याद दिला दी है, जिसमें लाखों अमेरिकी सरकारी कर्मचारियों के फिंगरप्रिंट्स और सिक्योरिटी क्लियरेंस रिकॉर्ड्स चोरी हुए थे.
क्या यह FBI से बदला लेने की कोई साजिश है
सितंबर में हुए हमले के पीछे पैसे की जगह बदले की भावना भी नजर आई थी. दरअसल, मई में FBI ने एक पब्लिक एडवाइजरी जारी कर ShinyHunters को डेटा चोरी करने वाले एक बड़े साइबर खतरे के रूप में चिन्हित किया था. इस बात से नाराज होकर हैकिंग ग्रुप ने डार्क वेब पर पोस्ट लिखकर FBI से अपने आरोप वापस लेने को कहा था और एक हफ्ते का अल्टीमेटम दिया था. माना जाता है कि फ्रांस से जुड़े इस ग्रुप ने पहले भी कई बड़ी टेक और फाइनेंशियल कंपनियों को निशाना बनाया है.
इससे पहले 2023 में भी हैकर्स ने FBI के न्यूयॉर्क फील्ड ऑफिस के एक कंप्यूटर सिस्टम को एक्सेस कर लिया था, जिसमें जेफरी एपस्टीन से जुड़ी जांच की फाइलें मौजूद थीं. अब NCIC जैसे कोर पुलिस डेटाबेस पर हुए इस ताजा संदिग्ध हमले ने FBI के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को कटघरे में खड़ा कर दिया है. आने वाले दिनों में जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वे यह पता लगाएं कि हैकर्स अंदर तक कैसे पहुंचे और क्या इस हमले का तार भी पुराने हैकिंग ग्रुप्स से जुड़ा हुआ है.