App

फोन खरीदना होगा और भी महंगा! 30 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं कीमतें, जानिए 1 लाख रुपये से ऊपर के फोन से क्या उम्मीद रखें

प्रीमियम फ्लैगशिप स्मार्टफोन 30 प्रतिशत तक महंगे हो सकते हैं. जानिए 2027 में 1 लाख रुपये से ऊपर के फोन से खरीदारों को क्या उम्मीद रखनी चाहिए.

फोन खरीदना होगा और भी महंगा! 30 प्रतिशत तक बढ़ सकती हैं कीमतें, जानिए 1 लाख रुपये से ऊपर के फोन से क्या उम्मीद रखें
Image Credit: फ्लैगशिप स्मार्टफोन 30 प्रतिशत तक महंगे हो सकते हैं.

कुछ साल पहले तक भारत में एक लाख रुपये का स्मार्टफोन सुनकर ही लोग चौंक जाते थे. लगता था कि इतना महंगा फोन तो गिने-चुने लोग ही लेते होंगे. लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है. पहले जो प्रीमियम फ्लैगशिप फोन 50,000 से 70,000 रुपये के बीच मिल जाते थे, अब उनका दायरा धीरे-धीरे एक लाख रुपये और उससे ऊपर की तरफ खिसक रहा है. काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 की तुलना में 2026 के अंत तक प्रीमियम फ्लैगशिप डिवाइसेज की कीमतों में 30 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी होने का अनुमान है. ऐसे में जब जेब से एक लाख रुपये से ज्यादा खर्च करने की बात आती है, तो हर खरीदार यही सोचेगा कि आखिर उसे बदले में क्या खास मिलना चाहिए.

आखिर अचानक क्यों बढ़ रहे हैं दाम
कंपनियां यूं ही दाम नहीं बढ़ा रहीं, इसके पीछे एक बड़ी तकनीकी वजह है. काउंटरपॉइंट रिसर्च की रिपोर्ट कहती है कि एआई डेटा सेंटर्स की वजह से डीरैम और नैंड मेमोरी की मांग तेजी से बढ़ी है, जिससे इनके दाम चढ़ गए हैं. नतीजा यह हुआ कि किसी फोन को बनाने की कुल लागत में मेमोरी का हिस्सा 2025 की शुरुआत में जो करीब 13 प्रतिशत था, वह अब 40 प्रतिशत से भी ऊपर निकल गया है.

जब अंदर लगने वाले पुर्जे ही इतने महंगे पड़ने लगें, तो पुरानी कीमत पर फोन बेचना किसी भी कंपनी के लिए आसान नहीं रहता. इसीलिए ब्रैंड्स को अपने स्पेक्स, पार्ट्स और प्लानिंग में बदलाव करने पड़ रहे हैं ताकि बढ़ी हुई लागत को किसी तरह संभाला जा सके.

अब सिर्फ नाम और लोगो से काम नहीं चलेगा
एक लाख से ऊपर के फोन में लोग अब आंख मूंदकर पैसा नहीं लगाते. पहले कई लोग सिर्फ बड़े ब्रैंड के नाम या लोगो पर भरोसा करके फोन ले लेते थे, पर अब खरीदार ज्यादा हिसाब-किताब लगाने लगे हैं. इतनी बड़ी रकम खर्च करने पर कैमरा, बैटरी, स्पीड, सॉफ्टवेयर और रोज के इस्तेमाल में साफ फर्क दिखना चाहिए.

इसी वजह से मार्केट में मुकाबला भी दिलचस्प हो गया है. गूगल और आइकू जैसे ब्रैंड ऐसे फोन लाने पर जोर दे रहे हैं जो सालों तक टिकें और 2 लाख वाले फोन्स को भी सीधी टक्कर दे सकें. इंडिया मोबाइल कांग्रेस में दिखे आने वाले आइकू 16 में भी यही रुख नजर आया, जहां तेज चिपसेट, कैमरा, सॉफ्टवेयर और दमदार हार्डवेयर के साथ लंबे समय तक साथ निभाने वाले अनुभव पर फोकस रखा गया.

2027 में 1 लाख+ वाले फोन से क्या उम्मीद रखनी चाहिए
जब बात एक लाख या उससे ज्यादा की हो, तो दिखावे से ज्यादा काम की चीजें मायने रखती हैं. इस सेगमेंट में सात बातें सबसे अहम हो जाती हैं.

प्रोसेसर और असली रफ्तार: सिर्फ नंबर या स्कोर दिखाने से बात नहीं बनती. भारी काम और मल्टीटास्किंग के दौरान फोन बिना अटके कैसा चलता है, यही असली चीज है. सैमसंग और आइकू जैसे ब्रैंड तगड़े फ्लैगशिप प्रोसेसर के साथ रोजमर्रा के काम को स्मूद रखने की कोशिश करते हैं.

स्क्रीन का मजा: इतने महंगे फोन में डिस्प्ले दमदार होना ही चाहिए. साफ तस्वीर, हाई रिफ्रेश रेट, अच्छी ब्राइटनेस और सही रंग मिलकर देखने का मजा बढ़ाते हैं. जैसे आने वाले आइकू 16 में सैमसंग का नया एम16 ओलेड पैनल मिलने की बात है, जो दुनिया का पहला 2के 165 हर्ट्ज डिस्प्ले है.

कैमरा: सिर्फ ज्यादा मेगापिक्सल होने से फोटो अच्छी नहीं बन जाती. काम का टेलीफोटो और अल्ट्रा-वाइड लेंस, कम रोशनी में साफ फोटो और बढ़िया प्रोसेसिंग जरूरी है. आइकू, वीवो और ओप्पो जैसे ब्रैंड कैमरा सेटअप पर काफी काम कर रहे हैं.

बैटरी: दिनभर फोन चलाने के बाद शाम को बैटरी खत्म हो जाए तो मजा खराब हो जाता है. इसलिए तगड़ी बैटरी और तेज चार्जिंग इस बजट में बहुत जरूरी है.

सॉफ्टवेयर और लंबे अपडेट: महंगा फोन कोई एक साल के लिए तो लेता नहीं है. साफ इंटरफेस, काम के एआई फीचर्स और लंबे समय तक अपडेट मिलना बहुत मायने रखता है. सैमसंग का वन यूआई और आइकू का ओरिजिन ओएस 7 इसी दिशा में काम करते हैं. आइकू के पिछले फ्लैगशिप में पांच ओएस अपग्रेड और सात साल तक सिक्योरिटी अपडेट मिलने की बात भी सामने आई थी, जो लंबे समय के लिहाज से अहम है.

मजबूती: अच्छा मटेरियल, धूल-पानी से बचाव और ठोस बनावट फोन को सालों तक भरोसेमंद बनाए रखते हैं. इतनी कीमत देकर कोई भी कमजोर फोन नहीं चाहेगा.

सर्विस: फोन लेने के बाद अगर कोई दिक्कत आए तो सर्विस सेंटर और असली पार्ट्स आसानी से मिलना चाहिए. वीवो और आइकू ने अपने सर्विस नेटवर्क और सपोर्ट को मजबूत करने पर ध्यान दिया है.

हर किसी की जरूरत अलग होती है
सच बात यह है कि हर यूजर की पसंद एक जैसी नहीं होती. ऐप्पल और सैमसंग के फ्लैगशिप जहां दो लाख के आसपास पहुंच रहे हैं, वहीं गूगल और आइकू जैसे ब्रैंड कम कीमत में कड़े फीचर्स देकर लोगों को खींच रहे हैं.

इसके अलावा क्रॉस-डिवाइस कनेक्टिविटी भी अब बड़ी बात बन गई है. जो लोग काम के लिए लैपटॉप के साथ एक से ज्यादा फोन रखते हैं, उनके लिए फाइल और फोटो का आसान आदान-प्रदान काफी काम का होता है. ओरिजिन ओएस 7 के जरिए आइकू एंड्रॉयड और ऐप्पल के बीच की दूरी कम करने की कोशिश कर रहा है, ताकि विंडोज, मैकबुक या आईपैड चलाने वालों को भी चीजें शेयर करने में दिक्कत न हो. कुल मिलाकर, दाम बढ़ रहे हैं तो लोगों की उम्मीदें भी उसी हिसाब से ऊंची होना लाजमी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Mohit Chaturvedi

Mohit Chaturvedi

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More