App

विदेश जाने वालों के लिए बड़ी राहत! पटना पासपोर्ट ऑफिस में एपोस्टिल व अटेस्टेशन सेवा शुरू; जानें कैसे मिलेगा लाभ

पटना पासपोर्ट ऑफिस में एपोस्टिल और अटेस्टेशन सेवा शुरू कर दी गई है. बिहार के निवासियों को इस काम के लिए अब किसी दूसरे शहर में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, राजधानी पटना में ही आसानी से काम हो सकेगा.

विदेश जाने वालों के लिए बड़ी राहत! पटना पासपोर्ट ऑफिस में एपोस्टिल व अटेस्टेशन सेवा शुरू; जानें कैसे मिलेगा लाभ
Image Credit: पटना पासपोर्ट ऑफिस में एपोस्टिल व अटेस्टेशन सेवा शुरू (AI IMAGE)

विदेश जाने वालों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. नागरिकों की सुविधा बढ़ाने और अंतरराष्ट्रीय यात्रा को आसान बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO), पटना ने 18 नवंबर से अपने कार्यालय में 'अपोस्टिल' (apostille) और 'अटेस्टेशन' (attestation) सेवाएं शुरू की हैं.  आइए जानते हैं इससे क्या लाभ मिलेगा-

जानें क्या है इसके पीछे का उद्देश्य-

अपोस्टिल' (apostille) और 'अटेस्टेशन' (attestation) सेवाएं शुरू करने के पीछे का उद्देश्य बिहार के नागरिकों को हाई एजुकेशन, रोजगार, व्यवसाय अप्रवास समेत विदेशों में कई उद्देश्यों के लिए आवश्यक दस्तावेजों के वेरिफिकेशन औरˌलीगलाइजेशन की सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराना है. 

इस सुविधा के शुरु होने से बिहार को निवासियों को अब इन सेवाओं का लाभ राज्य के अंदर यानी कि पटना में ही मिल सकेगा. इससे उन्हें इन कामों को कराने के लिए किसी दूसरे शहर में जाने की जरूरत नहीं होगी. इन सेवाओं में शैक्षणिक प्रमाणपत्र (डिग्री, डिप्लोमा और स्कूल सर्टिफिकेट), व्यक्तिगत दस्तावेज (जन्म, मृत्यु और विवाह प्रमाण पत्र), शपथ पत्र और पावर ऑफ अटॉर्नी और साथ ही अंतरराष्ट्रीय व्यापार और आधिकारिक कार्यों के लिए जरूरी व्यावसायिक दस्तावेजों का वेरिफिकेशन पटना में ही हो सकेगा.

बता दें कि विदेश मंत्रालय डॉक्यूमेंट्स के लीगलाइजेशन के लिए दो तरीके की सुविधा देता है. पहला-  एपोस्टिल और दूसरा सामान्य सत्यापन यानी कि नॉर्मल अटेस्टेशन. 

  • एपोस्टिल उन डॉक्यूमेंट्स पर लागू होता है, जिनका उपयोग 5 अक्टूबर, 1961 के हेग कन्वेंशन के सदस्य देशों में किया जाना है.  
  • नॉर्मल अटेस्टेशन उन देशों के लिए लागू होता है, जो इस कन्वेंशन के सदस्य नहीं हैं, यानी कि जहां एपोस्टिल की व्यवस्था लागू नहीं है.

उदारण से आसान शब्दों में समझें-

अगर बिहार का कोई निवासी नेपाल में हायर एजुकेशन लेना चाहता है और नेपाल सरकार ने उसके ओरिजनल एजुकेशनल डॉक्यूमेंट्स (10 क्लास या फिर उससे ऊपर) का भारत सरकार से सर्टिफिकेशन अनिवार्य किया गया है, तो उसे ई-सनद पोर्टल के माध्यम से अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों के सत्यापन के लिए आवेदन करना होगा. इसके बाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना द्वारा मूल प्रमाण-पत्रों पर अटेस्टेशन किया जाएगा, न कि एपोस्टिल, क्योंकि नेपाल हेग कन्वेंशन का सदस्य नहीं है.

अटेस्टेशन और एपोस्टिल की प्रक्रिया अब आसान

ई-सनद पोर्टल के जरिए विदेश जाने वाले शैक्षणिक और निजी दस्तावेजों का अटेस्टेशन और एपोस्टिल अब पूरी तरह ऑनलाइन और आसान हो गया है. आवेदक घर बैठे फॉर्म भरकर फीस भर सकते हैं. इसके बाद बिहार सरकार के संबंधित विभागों से डिजिटल जांच और RPO, पटना की मंजूरी के बाद प्रमाणित दस्तावेज या एपोस्टिल स्टिकर मिल जाता है.

इस सुविधा से विदेश में पढ़ाई करने वाले छात्रों, नौकरी चाहने वालों, परिवारों और व्यापारियों को बड़ा फायदा होगा. इससे जुड़ी पूरी जानकारी आपको विदेश मंत्रालय की वेबसाइट https://www.mea.gov.in/apostille-menu.htm पर मिल जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More