App

OpenAI ला रहा पहला ChatGPT Smartphone! iPhone बनाने वाली कंपनी को मिला पहला AI फोन बनाने का ऑर्डर

ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI अब अपना पहला AI स्मार्टफोन लाने की तैयारी में है. iPhone बनाने वाली कंपनी Foxconn इसे असेंबल करेगी. जानिए कब होगा लॉन्च.

OpenAI ला रहा पहला ChatGPT Smartphone! iPhone बनाने वाली कंपनी को मिला पहला AI फोन बनाने का ऑर्डर
Image Credit: ChatGPT बनाने वाली कंपनी OpenAI अब अपना पहला AI स्मार्टफोन लाने की तैयारी में है.

अगर आप दिन भर अपने फोन में ChatGPT खोलकर सवाल पूछते रहते हैं, असाइनमेंट बनवाते हैं या फोटो एडिट करते हैं, तो जरा सोचिए कि क्या हो अगर आपका पूरा फोन ही ChatGPT बन जाए. जी हां, आपने बिल्कुल सही पढ़ा. जिस कंपनी के AI टूल ने पूरी दुनिया में तहलका मचा रखा है, अब वह कंपनी खुद का स्मार्टफोन बनाने की तैयारी कर रही है. टेक गलियारों से आ रही ताजा खबरों की मानें तो OpenAI अब सिर्फ एक ऐप बनकर नहीं रहना चाहता. कंपनी अपना पहला हार्डवेयर डिवाइस यानी एक प्रॉपर स्मार्टफोन मार्केट में उतारने जा रही है. सबसे मजेदार बात यह है कि इस फोन को बनाने के लिए OpenAI ने उन्हीं कंपनियों से हाथ मिलाया है, जो सालों से Apple के लिए iPhone बनाती आ रही हैं.

iPhone बनाने वाली कंपनी को मिला बड़ा ऑर्डर
अप्रैल में पहली बार यह सुगबुगाहट शुरू हुई थी कि OpenAI स्मार्टफोन की दुनिया में कदम रखने का प्लान बना रहा है. अब चीन की सप्लाई चेन से आई नई रिपोर्ट्स ने इस खबर पर लगभग मुहर लगा दी है. चाइनीज पब्लिकेशन Securities Times की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग कंपनी Foxconn की सब्सिडियरी FIH Mobile को OpenAI का पहला स्मार्टफोन असेंबल करने का ऑर्डर मिल गया है.

आपको बता दें कि Foxconn वही कंपनी है जो Apple के लिए सबसे ज्यादा iPhone बनाती है. इसका मतलब साफ है कि जिस फैक्ट्री से iPhone बनकर निकलते हैं, अब वहीं से OpenAI का नया AI फोन भी तैयार होकर निकलेगा.

इसके अलावा एक अन्य रिपोर्ट Cailian Press का कहना है कि यह फोन साल 2027 के आखिरी महीनों या फिर 2028 में मार्केट में दस्तक दे सकता है. इससे पहले मशहूर टेक एनालिस्ट मिंग-ची कुओ ने बताया था कि Luxshare Precision इस प्रोजेक्ट में शामिल है. ताजा अपडेट यह है कि Luxshare के साथ-साथ Apple के पुराने सप्लायर्स Lingyi iTech और AAC Technologies इस फोन के पार्ट्स सप्लाई करने का काम करेंगे.

फोन के अंदर क्या-क्या तगड़े फीचर्स मिल सकते हैं?
भले ही नई रिपोर्ट्स में फोन के डिजाइन या स्क्रीन साइज को लेकर ज्यादा पत्ते नहीं खोले गए हैं, लेकिन मई में आई जानकारियों से इसके पावरफुल हार्डवेयर का अंदाजा जरूर लग गया था. अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक चला, तो 2027 की पहली छमाही में इसका मास प्रोडक्शन शुरू हो सकता है.

लीक्स के अनुसार इस फोन में ये खास चीजें देखने को मिल सकती हैं:

पावरफुल प्रोसेसर: इसमें कस्टम 2nm पर बना MediaTek Dimensity 9600 चिपसेट दिया जा सकता है.

डबल AI ताकत: सामान्य फोन से अलग, इसमें दो डेडिकेटेड AI प्रोसेसिंग यूनिट्स (APU) होंगे जो बिना इंटरनेट के भी भारी AI टास्क संभाल सकेंगे.

सुपरफास्ट मेमोरी: स्पीड के लिए इसमें LPDDR6 रैम और UFS 5.0 स्टोरेज मिलने की उम्मीद है.

खास कैमरा: इसका कैमरा सिर्फ सेल्फी या इंस्टाग्राम रील्स के लिए नहीं होगा, बल्कि इसे इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि AI आपके आसपास के माहौल को देख और समझ सके.

आखिर OpenAI को खुद का फोन बनाने की जरूरत क्यों पड़ी?
आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि जब हर फोन में ChatGPT का ऐप चल ही रहा है, तो नया फोन बनाने की क्या जरूरत है. दरअसल, अभी OpenAI पूरी तरह से Google और Apple के ऑपरेटिंग सिस्टम पर निर्भर है. चाहे आप Android चलाएं या iOS, ChatGPT को काम करने के लिए उनके बनाए नियमों और बाउंड्री के अंदर ही रहना पड़ता है.

खुद का स्मार्टफोन होने से OpenAI को पूरी आजादी मिल जाएगी. सिस्टम की परमिशन से लेकर बैकग्राउंड प्रोसेस तक, और फोन के माइक, कैमरा व सेंसर्स से मिलने वाले डेटा तक, हर चीज पर OpenAI का सीधा कंट्रोल होगा. तब आपको बार-बार अलग-अलग ऐप्स स्विच करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आपका फोन खुद समझ जाएगा कि आप कहां हैं, आपको किस चीज की जरूरत है और वह बिना कहे ही आपके काम निपटा देगा.

किस ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलेगा यह फोन?
यह सबसे बड़ा सवाल है जिस पर टेक एक्सपर्ट्स की नजर टिकी है. अगर OpenAI बिल्कुल नया ऑपरेटिंग सिस्टम बनाता है, तो उसे पूरी आजादी तो मिलेगी लेकिन दुनिया भर के ऐप डेवलपर्स और आम यूजर्स को एक नए प्लेटफॉर्म पर लाना पहाड़ चढ़ने जैसा मुश्किल काम होगा. इसलिए ज्यादा उम्मीद यही है कि OpenAI शुरुआत में Android का एक बेहद कस्टमाइज्ड वर्जन इस्तेमाल कर सकता है, ताकि लोगों को पहले से मौजूद सारे ऐप्स का सपोर्ट मिलता रहे.

Apple के साथ चल रही है तीखी कानूनी जंग
OpenAI का यह स्मार्टफोन सफर इतना भी आसान नहीं रहने वाला है. यह सब कुछ ऐसे समय में हो रहा है जब Apple और OpenAI के बीच कोर्ट में घमासान मचा हुआ है. Apple ने OpenAI पर गंभीर आरोप लगाए हैं कि उसने Apple के पुराने कर्मचारियों के जरिए प्रोडक्ट डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लायर्स से जुड़ी सीक्रेट जानकारी चुराई है.

हालांकि OpenAI ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है, लेकिन अक्टूबर में एक फेडरल जज ने Apple को इस मामले में सीमित जांच की इजाजत दे दी है. यह कानूनी लड़ाई OpenAI के हार्डवेयर प्लान की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर कर सकती है, लेकिन सप्लाई चेन की ताजा खबरें बताती हैं कि कंपनी पीछे हटने के मूड में बिल्कुल नहीं है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Mohit Chaturvedi

Mohit Chaturvedi

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More