)
साल 2026 का सबसे बड़ा ग्रह गोचर होने जा रहा है, ये राशि परिवर्तन है छाया ग्रह राहु-केतु का. जिन्हें ज्योतिष में क्रूर और मायावी ग्रह कहते हैं क्योंकि इन ग्रहों का अन्य ग्रहों की तरह कोई भौतिक पिंड नहीं है, बल्कि वे सूर्य-चंद्रमा के परिक्रमा पथ के वो बिंदु हैं, जहां वे एक-दूसरे को काटते हैं. लेकिन राहु-केतु ग्रहों का ज्योतिष में खासा महत्व है और लोगों की जिंदगी पर इसका बड़ा असर होता है. राहु-केतु ग्रह डेढ़ साल यानी कि 18 महीनों में गोचर करते हैं और 2026 के अंत में वे राशि बदलने वाले हैं, लेकिन इसकी तारीखों में 10 दिनों का अंतर बताया जा रहा है.
कुछ पंचांगों में राहु-केतु गोचर की तारीख 5 दिसंबर 2026 बताई गई है और कुछ में 25 नवंबर 2026. बस एक अंतर है, वो है सामान्य राहु-केतु के गोचर का और स्पष्ट राहु-केतु के गोचर का. द्रिक पंचांग के अनुसार, स्पष्ट राहु का मकर राशि में और स्पष्ट केतु का कर्क में गोचर 25 नवंबर 2026 को शाम 04:34 बजे हो रहा है. जबकि सामान्य राहु-केतु गोचर 5 दिसंबर 2026 की शाम 07:28 बजे हो रहा है.
राहु-केतु गोचर की तारीखों में 10 दिन के अंतर की वजह स्पष्ट और सामान्य राहु-केतु हैं. दरअसल, ज्योतिष में राहु-केतु की स्थिति की गणना 2 तरीकों से की जाती है - स्पष्ट राहु-केतु और मध्यम या सामान्य राहु-केतु.
स्पष्ट राहु-केतु : सूर्य और चंद्रमा के परिक्रमा पथ एक-दूसरे को जिन बिंदुओं पर काटते हैं, उन्हें राहु-केतु कहते हैं. ऐसे में तेज गति से चलने वाले चंद्रमा की स्थिति में पल-पल होने वाले बदलावों से राहु-केतु की जो स्थिति निकलती है, उसे स्पष्ट राहु और स्पष्ट केतु कहते हैं. आधुनिक पंचांग में स्पष्ट राहु-केतु की गणना को प्राथमिकता दी जाती है. इसके अनुसार ही राहु-केतु 25 नवंबर 2026 को राशि परिवर्तन करते हैं.
मध्यम या सामान्य राहु-केतु: चंद्रमा की स्थिति में हो रहे सूक्ष्म बदलावों को छोड़कर राहु-केतु की सामान्य गति मान ली जाती है, जिसे मध्यम राहु-केतु कहते हैं. पारंपरिक गणना करने वाले पंचांगों के अनुसार, राहु-केतु का गोचर 5 दिसंबर 2026 को है.
अगले 18 महीनों तक राहु मकर राशि में और केतु कर्क राशि में रहेंगे. जिसका असर सभी 12 राशि वालों पर होगा. चूंकि राहु महत्वाकांक्षा और अचानक बदलाव लाने वाले ग्रह हैं और केतु अलगाव व अध्यात्म के कारक हैं. राहु का शनि की राशि मकर में और केतु का चंद्रमा की राशि कर्क में जाना कुछ राशियों को शुभ तो कुछ को अशुभ असर देगा.
इन राशियों को होगा लाभ : मोटे तौर पर मेष, सिंह, कन्या, वृश्चिक और मीन राशि वालों के लिए यह गोचर अच्छा रह सकता है. इन लोगों को करियर में उन्नति, धन लाभ, रुके हुए काम पूरे होने के योग बनेंगे.
ये राशि वाले रहें सतर्क : वहीं इस दौरान मिथुन, कर्क, मकर और कुंभ राशि वालों को जल्दबाजी में लिए गए फैसले और विवाद परेशान कर सकते हैं.
वहीं वृष और कन्या राशि वालों पर औसत प्रभाव होगा.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य ज्योतिषीय गणनाओं और पंचांग पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)