SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चार साल भारत में रहा, आज भी नहीं भूला दिल्ली-मुंबई और गोवा: काबुल में भारतीय व्लॉगर से मिला अफगानी शख्स; कही दिल छू लेने वाली बात

विदेश में जब कोई अनजान शख्स अपने देश की तारीफ करे तो खुशी होना आम बात है. लेकिन काबुल की सड़कों पर एक भारतीय ट्रैवल व्लॉगर को ऐसा शख्स मिला, जिसका भारत से पुराना रिश्ता है. चार साल तक हिंदुस्तान में रह चुका यह अफगानी शख्स दिल्ली से लेकर गोवा और मनाली तक घूम चुका है. भारतीय व्लॉगर को देखते ही वह इतना खुश हुआ कि कहने लगा, आज वीजा मिल जाए तो तुरंत भारत चला जाऊं.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 29, 2026, 11:14 IST | Updated: Nov 29, 2026, 11:33 IST
Image Credit: @explore_with_manii | अफगानी शख्स की बातें सुनकर खुश हो गया भारतीय ट्रैवलर!
Join

अफगानिस्तान का नाम आते ही अक्सर लोगों के दिमाग में तालिबान, सख्त पाबंदियां और वहां के मुश्किल हालात की बेहद भयानक तस्वीर सामने आती है. लेकिन किसी देश की पहचान सिर्फ वहां की राजनीति से नहीं होती. वहां रहने वाले आम लोगों की अपनी पसंद, दोस्ती और रिश्ते भी होते हैं.

काबुल की सड़कों पर घूम रहे भारतीय ट्रैवल व्लॉगर के साथ हुई मुलाकात इसका एक अच्छा उदाहरण है. सोशल मीडिया पर 'Explore_with_manii' नाम से वीडियो शेयर करने वाले मणि को वहां दो ऐसे लोग मिले, जो उनके भारतीय होने की बात सुनकर ही खुश हो गए.

बोले- हिंदुस्तान तो एकदम फर्स्ट क्लास है

वीडियो में मणि की मुलाकात असिबुल्लाह नाम के एक शख्स से होती है. जैसे ही उसे पता चलता है कि सामने वाला भारत से आया है, वह हिंदुस्तान की तारीफ करने लगता है. बातों-बातों में वह कहता है कि भारत बहुत अच्छी जगह है और वहां के लोग भी अच्छे हैं. उसके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देती है. ऐसा लगता है जैसे भारत का नाम सुनकर ही उसे अपनी पुरानी यादें ताजा हो गई हों.

चार साल भारत में रहा, कई शहरों की यादें आज भी ताजा

बातचीत के दौरान असिबुल्लाह मणि को बताते हैं कि वह करीब चार साल भारत में रह चुके हैं. इस दौरान उन्होंने देश के कई शहरों की सैर की थी. वह दिल्ली, मनाली, मुंबई, गोवा और पटना जैसे शहरों के नाम गिनाने लगते हैं. खास बात यह है कि इन जगहों का जिक्र करते हुए उनकी खुशी देखने लायक होती है. वह सिर्फ शहरों के नाम नहीं बता रहे थे, बल्कि ऐसा लग रहा था जैसे उन दिनों को दोबारा जी रहे हों. मणि के साथ उनकी बातचीत में अपनापन भी नजर आता है. वह भारतीय मेहमान की खातिरदारी करने की बात करते हैं और पूछते हैं कि उन्हें क्या खाना पसंद है. उनके व्यवहार से साफ लगता है कि भारत में बिताया वक्त आज भी उनके लिए खास है.

 

 

'वीजा मिल जाए तो आज ही भारत चला जाऊं'

इस मुलाकात का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब आता है, जब असिबुल्लाह भारत लौटने की इच्छा जाहिर करते हैं. वह कहते हैं कि उनका वापस जाने का मन करता है. अगर आज ही वीजा मिल जाए तो वह तुरंत भारत चले जाएं. उनकी यह बात सुनकर मणि भी खुश हो जाते हैं. असिबुल्लाह भारत और अफगानिस्तान के रिश्तों को अच्छा बताते हैं. बातचीत के दौरान वह मणि से गले मिलने की इच्छा भी जताते हैं. एक अनजान देश में किसी शख्स का इस तरह अपनापन दिखाना मणि के लिए भी यादगार अनुभव बन जाता है.

सोशल मीडिया पर लोगों को पसंद आई यह मुलाकात

मणि का यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं. यूजर्स असिबुल्लाह की भारत के प्रति भावनाओं की तारीफ कर रहे हैं. कई लोगों ने कहा कि अलग-अलग देशों के लोगों के बीच प्यार और दोस्ती की ऐसी कहानियां सामने आनी चाहिए. एक यूजर ने लिखा कि अफगानिस्तान और भारत भाई-भाई. वहीं एक दूसरे यूजर ने कहा कि इसे अफगानिस्तान बनाम भारत नहीं, बल्कि अफगानिस्तान और भारत की तरह देखना चाहिए. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि किसी देश के आम लोगों के बीच रिश्ते सरकारों और राजनीतिक हालात से कहीं आगे होते हैं.

सरहदें अलग, लेकिन दिलों में अपनापन

काबुल की यह छोटी सी मुलाकात एक बार फिर दिखाती है कि लोगों के बीच बने रिश्ते कितने गहरे हो सकते हैं. असिबुल्लाह के लिए भारत सिर्फ घूमने की जगह नहीं, बल्कि जिंदगी के चार सालों से जुड़ी यादों का हिस्सा है. शायद इसी वजह से एक भारतीय को देखकर उनकी खुशी छिप नहीं पाई. उनकी बस इतनी सी ख्वाहिश है कि मौका मिले तो एक बार फिर हिंदुस्तान लौट सकें. और यही बात इस वीडियो को खास बना रही है.

यह भी पढ़ें:- कभी अफगानियों पर बरसाता था बम, अब बना आलीशान होटल: सोवियत हेलिकॉप्टर का बदला रूप देख विदेशी व्लॉगर रह गई हैरान; VIDEO वायरल

यह भी पढ़ें:- न शहरों जैसा शोर, न अमीर-गरीब का दिखावा: पहली बार इंग्लैंड का गांव देखकर हैरान हुआ भारतीय यूट्यूबर; VIDEO वायरल

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES