App

न शहरों जैसा शोर, न अमीर-गरीब का दिखावा: पहली बार इंग्लैंड का गांव देखकर हैरान हुआ भारतीय यूट्यूबर; VIDEO वायरल

भारत में गांव का नाम सुनते ही अक्सर लोगों के मन में कच्ची सड़कें, खेती और साधारण रहन-सहन की तस्वीर बन जाती है. लेकिन इंग्लैंड के एक गांव को देखकर भारतीय यूट्यूबर काश चौधरी का नजरिया ही बदल गया. यहां आलीशान घर हैं, बाहर महंगी गाड़ियां खड़ी हैं, लेकिन न शोर-शराबा है और न दिखावे की होड़. गांव की सादगी और सुकून देखकर यूट्यूबर ने कहा कि गांव का मतलब पिछड़ापन नहीं, बल्कि लग्जरी के साथ जीना भी है.

न शहरों जैसा शोर, न अमीर-गरीब का दिखावा: पहली बार इंग्लैंड का गांव देखकर हैरान हुआ भारतीय यूट्यूबर; VIDEO वायरल
Image Credit: FB-Kaash Chaudhary | काश चौधरी ने वीडियो में दिखाई इंग्लैंड के खूबसूरत गांव की झलक!

विदेश घूमने जाने वाले लोग अक्सर वहां की बड़ी इमारतों, चमकती सड़कों और मशहूर जगहों के वीडियो बनाते हैं. लेकिन भारतीय यूट्यूबर काश चौधरी को इंग्लैंड में एक ऐसा गांव देखने को मिला, जिसने उनका ध्यान किसी बड़े शहर से ज्यादा खींचा.

काश ने अपने वीडियो में कॉट्सवोल्ड्स इलाके के बर्टन ऑन द वॉटर गांव की सैर कराई. यहां पहुंचकर वह आसपास का नजारा दिखाते हुए काफी प्रभावित नजर आए. गांव की खूबसूरत गलियां, पुराने अंदाज के घर और चारों तरफ फैली हरियाली देखकर उन्हें लगा कि गांव में रहने का मतलब बिल्कुल अलग भी हो सकता है.

गलियों में शोर नहीं, सुनाई देती है पक्षियों की आवाज

काश ने बताया कि यह जगह सिर्फ पर्यटकों के घूमने के लिए नहीं है, बल्कि यहां आम लोग भी रहते हैं. गांव में चारों तरफ पेड़-पौधे और हरियाली दिखाई देती है. सबसे खास बात यहां का शांत माहौल है. यूट्यूबर ने अपने वीडियो में कहा कि गलियों में चलते हुए उन्हें गाड़ियों के हॉर्न या लोगों के शोर की जगह पक्षियों की चहचहाहट सुनाई दे रही थी. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यहां तो उनके व्लॉग की आवाज ही सबसे ज्यादा सुनाई दे रही है. यहां के लोग अपनी जिंदगी शांति से जीना पसंद करते हैं. किसी को बेवजह शोर मचाने या दूसरों को परेशान करने की जल्दी नहीं दिखाई देती. यही बात काश को सबसे ज्यादा पसंद आई.

करोड़ों की गाड़ियां, लेकिन दिखावे का माहौल नहीं

गांव की गलियों में घूमते हुए काश की नजर घरों के बाहर खड़ी महंगी गाड़ियों पर भी गई. कई घरों के सामने मर्सिडीज जैसी लग्जरी कारें खड़ी थीं. इससे साफ था कि गांव में रहने वाले लोग आर्थिक रूप से संपन्न हैं. लेकिन यूट्यूबर को हैरानी इस बात की हुई कि इतनी महंगी गाड़ियां और आलीशान घर होने के बावजूद वहां किसी तरह का दिखावा नजर नहीं आता. लोग अपनी जिंदगी में व्यस्त हैं और आसपास का माहौल भी बेहद सामान्य है. काश ने इस बात पर जोर दिया कि अमीर होने का मतलब हर जगह अपनी दौलत दिखाना नहीं होता. कोई व्यक्ति अच्छी सुविधाओं के साथ भी सादगी से रह सकता है.

वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करों...

एक जैसे घरों के पीछे है खास सोच

इस गांव की एक और खास बात यहां के घरों का एक जैसा लुक है. गलियों में बने ज्यादातर मकानों की बनावट, दीवारों के पत्थर, छतों के रंग और बाहरी डिजाइन में काफी समानता दिखाई देती है. काश ने वीडियो में बताया कि यहां घर छोटा हो या बड़ा, उसका बाहरी अंदाज गांव की पहचान के अनुसार ही रखा जाता है. उन्होंने बताया कि इसके पीछे सोच यह है कि किसी की आर्थिक स्थिति के आधार पर गांव का पूरा लुक अलग-अलग न हो जाए. हालांकि, वीडियो में बताए गए नियमों और उनके लागू होने की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. लेकिन घरों की एक जैसी बनावट ने यूट्यूबर को काफी प्रभावित किया.

'गांव का मतलब गरीबी नहीं होता'

काश चौधरी ने अपने वीडियो में एक ऐसी बात कही, जिस पर सोशल मीडिया पर भी चर्चा होने लगी. उन्होंने कहा कि हमें इंग्लैंड के इस गांव से एक बात जरूर सीखनी चाहिए कि गांव का मतलब पिछड़ापन नहीं होता. उनके अनुसार, गांव में भी अच्छी जिंदगी जी जा सकती है. वहां लग्जरी सुविधाएं हो सकती हैं, खूबसूरत घर हो सकते हैं और साथ ही शांति भी बनी रह सकती है. उन्होंने कहा कि गांव का असली मतलब सुकून के साथ रहना है, न कि सुविधाओं की कमी में जीना.

सोशल मीडिया पर लोगों ने भी रखी अपनी राय

काश का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. कई लोगों ने उनकी बात से सहमति जताई और कहा कि गांव की पहचान गरीबी से नहीं होनी चाहिए. एक यूजर ने लिखा कि आपने बिल्कुल सही कहा. गांव का मतलब गरीबी नहीं होता. वहीं, एक दूसरे यूजर ने मजाक करते हुए कहा कि गड्ढे तो इनकी सड़कों पर भी हैं. एक अन्य यूजर ने पेड़-पौधों को लेकर टिप्पणी की कि शायद वहां बंदर नहीं होंगे, इसलिए इतनी हरियाली बची हुई है. वहीं, कुछ लोगों ने अपने देश के गांवों की खूबसूरती को बेहतर बताया.

गांव को देखने का नजरिया बदल गया

बर्टन ऑन द वॉटर की इस सैर ने काश चौधरी को सिर्फ एक खूबसूरत जगह नहीं दिखाई, बल्कि गांव में रहने के तरीके को लेकर सोचने का नया नजरिया भी दिया. उनकी बात का मतलब भी यही था कि अच्छी जिंदगी के लिए हमेशा बड़े शहरों में रहना जरूरी नहीं है. अगर आसपास साफ-सफाई हो, हरियाली हो, अच्छी सुविधाएं हों और लोग एक-दूसरे की शांति का ध्यान रखें तो गांव भी रहने के लिए शानदार जगह बन सकता है. शायद यही वजह है कि इंग्लैंड के इस छोटे से गांव का वीडियो अब भारतीय सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More