)
मोहम्मद गुफरान/प्रयागराज: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) सबसे आगे निकलती दिख रही है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के निर्देश पर विधानसभा प्रभारियों की चौथी सूची जारी कर दी गई है. इस बार 6 विधानसभा सीटों पर प्रभारी बनाए गए हैं. खास बात ये है कि पार्टी जिन नेताओं को प्रभारी बना रही है, चुनाव में उन्हीं को प्रत्याशी बनाया जाएगा. मतलब साफ है कि, ये लिस्ट ही एक तरह से उम्मीदवारों की लिस्ट है.
पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से 22 नवंबर को जारी List के मुताबिक, हाथरस सदर (सुरक्षित) सीट से रमेश चंद्र को प्रभारी बनाया गया है. वहीं, आगरा की एत्मादपुर विधानसभा सीट की जिम्मेदारी रिंकू सेठ को सौंपी गई है. इसके अलावा शाहजहांपुर जिले की कटरा विधानसभा सीट से सलीम चांद उर्फ चांद बाबू और शाहजहांपुर सदर से हरिराम वर्मा को प्रभारी नियुक्त किया गया है. गोंडा की कर्नलगंज विधानसभा सीट से ऊषा देवी निषाद और गोरखपुर की पिपराइच सीट से विजय साहनी को जिम्मेदारी दी गई है.
सीट जिला प्रभारी
हाथरस सदर (सुरक्षित) हाथरस रमेश चंद्र
एत्मादपुर आगरा रिंकू सेठ
कटरा शाहजहांपुर सलीम चांद उर्फ चांद बाबू
शाहजहांपुर सदर शाहजहांपुर हरिराम वर्मा
कर्नलगंज गोंडा ऊषा देवी निषाद
पिपराइच गोरखपुर विजय साहनी

चंद्रशेखर आजाद की पार्टी ने उम्मीदवार तय करने में तेजी दिखा रही है.
पहली सूची-31 जुलाई को जारी हुई थी
दूसरी सूची-21 सितंबर को आई थी
तीसरी सूची-15 नवंबर को जारी हुई थी
चौथी सूची-22 नवंबर को जारी हुई है.
लगातार लिस्ट जारी करके पार्टी ये संदेश दे रही है कि वो चुनाव की तैयारी में किसी से पीछे नहीं है.
पार्टी की रणनीति बिल्कुल साफ है कि जिसे प्रभारी बनाया जा रहा है, उसे ही विधानसभा चुनाव में टिकट मिलेगा. इससे प्रभारी को अभी से अपने क्षेत्र में मेहनत करने का पूरा मौका मिलेगा. वो अभी से जनता के बीच जाकर संगठन मजबूत कर सकेंगे. पार्टी ने सभी नए प्रभारियों से कहा है कि जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं.