App

नोएल टाटा के विरोध के बीच होगी टाटा संस की लिस्टिंग, कंपनी ने शुरू कर दी तैयारियां; कितनी होगी वैल्यूएशन?

टाटा ग्रुप में मचे घमासान के बीच टाटा संस के आईपीओ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. 18 लाख करोड़ रुपये की वैल्यूएशन वाला टाटा संस का आईपीओ अगले साल मार्च-जून के बीच आने की उम्मीद है. कुछ आंकड़ों में कंपनी की वैल्यूशन 15 लाख करोड़ रुपये भी आंकी गई थी.

नोएल टाटा के विरोध के बीच होगी टाटा संस की लिस्टिंग, कंपनी ने शुरू कर दी तैयारियां; कितनी होगी वैल्यूएशन?
Image Credit: (AI) सूत्रों के अनुसार कंपनी की वैल्यूशन 18 लाख करोड़ रुपये होने की उम्मीद जताई जा रही है.

शेयर बाजार में आईपीओ और स्टॉक ट्रेडिंग के जरिये पैसा कमाने वालों के लिए अच्छी खबर आ रही है. जी हां, नोएल टाटा के विरोध के बीच टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी टाटा संस ने आईपीओ को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं. टाटा संस के आईपीओ की चर्चा ने पूरे बाजार में गर्मी ला दी है. चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की तरफ से बोर्ड मीटिंग के दौरान आईपीओ के प्लान को आगे बढ़ाने पर काम हो सकता है. सूत्रों के अनुसार कंपनी की वैल्यूशन 18 लाख करोड़ रुपये होने की उम्मीद जताई जा रही है. यदि पिछले अंदाज को देखें तो पूर्व डायरेक्टर वाईएस मालेगाम के समय वैल्यूएशन करीब 15 लाख करोड़ रुपये थी. लेकिन नए आंकड़ों और बिजनेस में आई तेजी के बाद वैल्यूशन बढ़कर 18 लाख करोड़ होने की उम्मीद है.

टाटा संस का आईपीओ आने के पीछे आरबीआई का नियम है. रिजर्व बैंक ने टाटा संस को अपर लेयर एनबीएफसी के तौर पर लिस्टेड किया हुआ है, इस नियम के अनुसार कंपनी की लिस्टिंग जरूरी है. इस समय सबकी नजरें चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के रुख पर टिकी हैं. कहा जा रहा है कि चंद्रशेखरन आने वाली बोर्ड मीटिंग में आईपीओ (IPO) के प्रपोजल को मुख्य एजेंडा में शामिल करके आगे बढ़ा सकते हैं. बोर्डरूम में इस तरह के फैसलों को लेकर लंबी चर्चा होती है, क्योंकि हर कदम का असर पूरे ग्रुप के भविष्य पर पड़ता है.

बोर्ड मीटिंग हंगामेदार होने की आशंका

टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा शुरुआत से ही टाटा संस की लिस्टिंग के पक्ष में नहीं रहे. यही कारण है कि उन्होंने लिस्टिंग की बजाय टाटा संस की रीस्ट्रक्चरिंग का प्रपोजल रखा था. टाटा ट्रस्ट्स की टाटा संस में करीब 66 फीसदी की हिस्सेदारी है. यानी नोएल टाटा के विरोध के बीच टाटा संस को पब्लिक करने की तैयारियां तेज हो रही हैं. ईटी में प्रकाशित खबर के अनुसर टाटा संस की अगली बोर्ड मीटिंग हंगामेदार होने की आशंका है. दरअसल, देश के सबसे बड़े कारोबारी घरानों में से एक टाटा ग्रुप पर कंट्रोल को लेकर टाटा ट्रस्ट्स और और टाटा संस के बीच पिछले कुछ समय से घमासान मचा है.

कब होगी शेयर बाजार में लिस्टिंग

सूत्रों की तरफ से दावा किया गया कि बोर्ड मीटिंग के बाद टाटा संस की लिस्टिंग के लिए जरूरी मंजूरियां लेने का प्रोसेस शुरू होगा. उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च से जून 2027 के बीच कंपनी की लिस्टिंग हो सकती है. मंजूरी प्रक्रिया के बाद 90 दिन के अंदर आईपीओ का शुरुआती ड्राफ्ट जमा करने का समय होता है. यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा और बाजार ने साथ दिया तो मार्च से जून 2027 के बीच लिस्टिंग होने की संभावना है.

बड़े इन्वेस्टमेंट बैंक और कीमत का हिसाब

जब किसी कंपनी की कीमत लाखों करोड़ में आंकी जाती है तो दुनिया के बड़े इन्वेस्टमेंट बैंक भी तस्वीर में आ जाते हैं. बैंक ऑफ अमेरिका, सिटी बैंक और जेपी मॉर्गन संभावित रूप से बातचीत में शामिल बताए जा रहे हैं. ये बैंक कीमत तय करने, निवेशकों की डिमांड समझने और स्ट्रक्चर बनाने पर काम करते हैं. किसी भी होल्डिंग कंपनी की कीमत निकालते समय कई चीजों को नोटिस किया जाता है. पहला होल्डिंग कंपनी का डिस्काउंट, जो बाजार में अक्सर ऐसी कंपनियों पर लगाया जाता है क्योंकि ये दूसरी लिस्टेड कंपनियों में हिस्सा रखती हैं. दूसरा है लिस्टेड निवेश की कीमत और अनलिस्टेड एसेट्स की ताकत. टाटा संस के कई बिजनेस की रफ्तार काफी तेज है.

शापूरजी पलोनजी ग्रुप पर क्या होगा असर?

टाटा संस की लिस्टिंग की तैयारियों के बीच शापूरजी पलोनजी ग्रुप भी बड़ा खिलाड़ी है. इस ग्रुप के पास टाटा संस में करीब 18.37 प्रतिशत की हिस्सेदारी है. इस ग्रुप पर बाजार का कर्ज हमेशा बड़ा मुद्दा रहा है. यदि टाटा संस की लिस्टिंग आगे बढ़ती है तो इसका असर शापूरजी पलोनजी ग्रुप के हिस्से की कीमत, ग्रुप के पास पैसा निकालने के विकल्प और कर्ज संभालने पर पड़ेगा. आसान शब्दों में कह सकते हैं जब कोई बड़ा अनलिस्टेड हिस्सा पब्लिक लिस्टिंग के रास्ते में आता है तो फंड जुटाने के रास्तों पर नया हिसाब शुरू हो जाता है.

टाटा संस की लिस्टिंग जरूरी क्यों?

सूत्रों के अनुसार टाटा संस ने प्रपोज्ड लिस्टिंग को लेकर बैंक ऑफ अमेरिका के साथ चर्चा शुरू कर दी है. बैंक ऑफ अमेरिका, सिटीबैंक और जेपीमोर्गन को इस पूरे प्रोसेस में इन्वेस्टमेंट बैंक बनाए जाने की उम्मीद है. टाटा संस की तरफ से कोर इनवेस्टमेंट कंपनी का रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने का आवदेन दिया गया था. लेकिन आरबीआई की तरफ से इसे खारिज कर दिया गया था. केंद्रीय बैंक की तरफ से टाटा संस से अपर लेयर एनबीएफसी के नियम फॉलो करने के लिए कहा गया  था. नियमों के अनुसार अपर लेयर एनबीएफसी को तीन साल के अंदर लिस्ट होना जरूरी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Kriyanshu Saraswat

Kriyanshu Saraswat

क्रियांशु सारस्वत वरिष्ठ बिजनेस जर्नलिस्ट (Business Journalist) हैं, उन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 साल का अनुभव है. मौजूदा समय में वह Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में बतौर 'असिस्टेंट न्यूज एडिटर' कार्यरत हैं. क्रियांशु को बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, टैक्सेशन, कमोडिटी और सरकारी योजनाओं आदि से जुड़ी खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाने में महारथ हासिल है. Zee News से पहले क्रियांशु ने टाइम्स इंटरनेट, हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण और अमर उजाला की वेबसाइट में अहम संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं. इस दौरान क्रियांशु ने ऑटो, टेक्नोलॉजी और लाइफस्‍टाइल लीड की जिम्मेदारी संभाली है. अभी क्रियांशु बिजनेस लीड हैं. यूपी से ताल्‍लुक रखने वाले क्र‍ियांशु पत्रकार‍िता में पोस्ट ग्रेजुएट हैं.
Read More