iPhone-Android के दौर में सोनाक्षी के हाथ में दिखा पुराना फ्लिप फोन, कौन सा है ये मोबाइल; क्या आज भी मिलता है?
आईफोन और एंड्रॉइड के इस दौर में एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा फ्लिप फोन इस्तेमाल करती दिखीं है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में 2000 के दशक की यादें ताजा कर दी हैं, जहां लोग यह जानने को बेताब हैं कि आखिर यह कौन सा फोन है.
आज के समय में मोबाइल फोन का मतलब लगभग-लगभग टचस्क्रीन वाला स्मार्टफोन हो चुका है. बड़े डिस्प्ले, कई कैमरे और ढेरों ऐप्स वाले फोन ही लोगों को पसंद आ रहे हैं और वही इस्तेमाल भी किया जा रहा है. iPhone-Android के दौर में अगर किसी के हाथ में पुराना कीपैड वाला मोबाइल फोन दिख जाए तो नजर जाना तय है. ऐसा ही कुछ सोनाक्षी सिन्हा के साथ हुआ है.
एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो एक पुराने डिजाइन वाले मोबाइल से बात करती दिखाई दे रही हैं. फोन को देखकर लोगों को 2000 के दशक के उन मोबाइल फोन्स की याद आ गई, जब फ्लिप डिजाइन और फिजिकल कीपैड का दौर था. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फोन के मॉडल को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है.
लेकिन, एक बार यहां साफ कर देना जरूरी है कि वीडियो में फोन का किस ब्रांड का है या कौन सा मॉडल है, यह नजर नहीं आया. इसलिए इसे किसी एक कंपनी का फोन बताना फिलहाल सही नहीं होगा. कुछ यूजर्स इसे Nokia N93 बता रहे हैं, वहीं इसका डिजाइन Motorola RAZR V3 से भी मिलता-जुलता नजर आता है.
Nokia N93 क्यों हो रहा चर्चा में?
Nokia N93 को लेकर यह फैंस इसलिए अनुमान लगा रहे हैं क्योंकि, इसका डिजाइन अपने समय के दूसरे मोबाइल फोन्स से काफी अलग था. इसे 2006 में पेश किया गया था और फोन को खास तौर पर कैमरा और वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए भी जाना जाता था. इसका पूरा डिजाइन नार्मल फ्लिप फोन जैसा नहीं था. फोन को अलग तरीके से घुमाकर कैमरा रिकॉर्डिंग के लिए इस्तेमाल किया जा सकता था. उस समय यह फीचर काफी शानदार माना जाता था. इसमें Carl Zeiss कैमरा, फिजिकल बटन और बाहर की तरफ एक छोटी स्क्रीन भी दी गई थी.
यानी अगर वायरल वीडियो में दिख रहा फोन वाकई N93 है, तो यह कोई नार्मल पुराना फीचर फोन नहीं बल्कि उस दौर का प्रीमियम मॉडल था.
Motorola RAZR V3 भी हो सकता है फोन
दूसरी तरफ, वीडियो में नजर आ रहा डिजाइन Motorola RAZR V3 की भी याद दिलाता है. खासकर फोन के बाहरी हिस्से पर दिखाई देने वाला कैमरा इस संभावना की ओर ध्यान खींचता है. Motorola RAZR V3 भी 2000 के दशक के सबसे फेमस फ्लिप फोन्स में शामिल रहा है. इसका पतला डिजाइन और मेटल जैसा लुक उस समय काफी अलग माना जाता था. सोनाक्षी जिस तरह फोन को हाथ में पकड़े नजर आती हैं, उससे कुछ लोगों को यह मॉडल भी संभावित लग रहा है.
लेकिन सिर्फ वीडियो देखकर दोनों में से किसी एक मॉडल की पुष्टि करना सही नहीं होगा. फोन पर कंपनी का लोगो या मॉडल नंबर दिखाई नहीं दे रहा है. ऐसे में अभी Nokia N93 और Motorola RAZR V3, दोनों ही सिर्फ संभावनाएं हैं.
सोनाक्षी के पास पुराना फोन क्यों?
अब सवाल यह है कि आखिर सोनाक्षी ने इतना पुराना फोन इस्तेमाल क्यों किया? इसकी कोई ऑफिशियल जानकारी सामने नहीं आई है. इसलिए इस बारे में फिलहाल सिर्फ संभावनाएं ही हैं. इसके पीछे की एक वजह डिजिटल डिटॉक्स भी हो सकती है. पुराने फीचर फोन में आज के स्मार्टफोन की तरह सोशल मीडिया ऐप्स, लगातार नोटिफिकेशन और दूसरी इंटरनेट सर्विसेज नहीं होतीं. ऐसे में कोई व्यक्ति फोन का इस्तेमाल सिर्फ कॉल और जरूरी कामों तक सीमित रखना चाहे तो इस तरह का मोबाइल एक ऑप्शन हो सकता है.
इसके साथ ही रेट्रो फैशन भी एक वजह हो सकती है. 90s और 2000s के दौर की कई चीजें दोबारा ट्रेंड में हैं. पुराने मोबाइल फोन भी अब कुछ लोगों के लिए टेक्नोलॉजी से ज्यादा एक स्टाइल स्टेटमेंट बन गए हैं. इसके साथ ही यह भी संभव है कि सोनाक्षी ने इसे किसी खास आउटफिट, शूट या इवेंट के लिए इस्तेमाल किया हो. जब तक उनकी तरफ से इस बारे में कोई जानकारी नहीं आती, फोन इस्तेमाल करने की असली वजह बताना मुश्किल है.
(ये भी पढे़ंः AI खुद बन गया हैकर! ऑस्ट्रेलिया की सरकारी वेबसाइट में घुसपैठ के बाद OpenAI ने मांगी माफी, रद्द हुआ नया मॉडल)
क्या आज भी खरीद सकते हैं ये फोन?
अगर आपको भी ये पुराने फोन पसंद आ गए हैं तो इन्हें खरीदना थोड़ा मुश्किल हो सकता है. Nokia N93 और Motorola RAZR V3 दोनों ही पुराने मॉडल हैं और अब इन्हें ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से खरीद नहीं सकते हैं. ऑफलाइन मार्केट में भी इनके नए यूनिट मिलना काफी मुश्किल है. हां, सेकेंड-हैंड या पुराने स्टॉक के तौर पर कोई डिवाइस मिल सकता है.
(ये भी पढ़ेंः AI से बनेगा पासपोर्ट, मिनटों में ऑनलाइन होगा पूरा काम! अमेरिका ने लॉन्च किया नया पोर्टल, जानें कैसे करेगा काम)