App

iPhone 18 क्यों नहीं हुआ लॉन्च? Apple की बड़ी प्लानिंग, 2027 में आएगा फोन या बदलेगा पूरा गेम

ऐप्पल के सालाना इवेंट में स्टैंडर्ड आईफोन 18 के लॉन्च न होने से टेक जगत में चर्चा का दौर शुरू हो गया है. रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अब साल में दो बार फोन लॉन्च करने की तैयारी कर सकती है, जिसमें बजट मॉडल्स 2027 की शुरुआत में आ सकते हैं.

iPhone 18 क्यों नहीं हुआ लॉन्च? Apple की बड़ी प्लानिंग, 2027 में आएगा फोन या बदलेगा पूरा गेम
Image Credit: आईफोन 18 लॉन्च क्यों नहीं हुआ?

Apple ने 9 सितंबर को अपने सबसे बड़े इवेंट सरप्राइज एण्ड साइन में कई प्रोडक्श पेश किए. कंपनी ने नए Apple Watch मॉडल के साथ iPhone 18 Pro और अपना पहला फोल्डेबल iPhone Duo भी लॉन्च किया. हालांकि, इस इवेंट में एक बड़ा फोन गायब रहा और वह था स्टैंडर्ड iPhone 18. Apple ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि इस मॉडल को क्यों लॉन्च नहीं किया गया. और न ही इस बात की जानकारी सामने आई कि iPhone 18 को कब लॉन्च किया जा सकता है. मीडिया रिपोर्ट में अब iPhone 18 को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह फोन अब 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है.

इस बार केवल महंगे iPhone मॉडल पर फोकस

Apple के इस फैसले को कंपनी की नई रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. इस बार कंपनी ने प्रीमियम मॉडल और फोल्डेबल iPhone पर ज्यादा फोकस रहा. iPhone 18 Pro की कीमत भी पिछले मॉडल के मुकाबले 100 डॉलर ज्यादा बताई गई है. ऐसे में जो कस्टमर्स अभी नया iPhone खरीदना चाहते हैं, उनके पास फिलहाल महंगे मॉडल खरीदने का ही ऑप्शन है.

इसके पीछे एक वजह फोन के कंपोनेंट की बढ़ती कीमत भी हो सकती है. खासकर RAM की कमी के कारण मेमोरी और दूसरे कंपोनेंट महंगे हो रहे हैं. हालांकि, टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि iPhone 18 को बाद में लॉन्च करना सिर्फ सप्लाई या मेमोरी की समस्या की वजह से नहीं है. यह Apple की एक सोची समझी रणनीति हो सकती है.

अलग समय पर लॉन्च होंगे सस्ते और महंगे iPhone

CNET की एक रिपोर्ट के अनुसार कंपनी प्लानिंग के तहत Apple अपने फोन की लॉन्चिंग को साल में दो हिस्सों में बांट सकता है. महंगे और प्रीमियम iPhone सितंबर में लॉन्च किए जा सकते हैं, जबकि कम कीमत वाले और स्टैंडर्ड मॉडल साल की शुरुआत में पेश किए जा सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो iPhone 18 को 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है. इसके साथ iPhone 18E भी पेश किया जा सकता है. इससे Apple को अलग अलग कीमत वाले फोन पर अलग समय में ध्यान देने का मौका मिलेगा.

टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि इससे Apple को पूरे साल फोन की सेल को बेहतर तरीके से बांटने में मदद मिल सकती है. साथ ही सितंबर में लॉन्च होने वाले प्रीमियम मॉडल और फोल्डेबल iPhone को भी ज्यादा चर्चा मिल सकेगी.

iPhone Air 2 पर भी संकट

Apple की नई रणनीति का असर iPhone Air पर भी पड़ता दिख रहा है. पिछले साल लॉन्च हुआ iPhone Air काफी पतला था और इसे एक नए डिजाइन ट्रेंड की शुरुआत के तौर पर देखा गया था. लेकिन इसकी सेल उम्मीद के मुताबिक नहीं रही.

IDC के मुताबिक, चार तिमाहियों में iPhone Air की लगभग 7.7 मिलियन यूनिट बिकीं. इसी तरह Samsung Galaxy S25 Edge की पांच तिमाहियों में करीब 2.3 मिलियन यूनिट बिकीं. दोनों फोन अपने अपने ब्रांड की कुल बिक्री में 1.8 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सेदारी नहीं बना सके.

इसी वजह से Apple और सैमसंग ने पतले फोन के सेगमेंट पर फिलहाल ज्यादा ध्यान नहीं दिया है. हालांकि, Apple भविष्य में iPhone Air का नया मॉडल लॉन्च कर सकता है.

iPhone 18 और iPhone 18E के साथ बदल सकता है लॉन्च शेड्यूल

अगर Apple 2027 में iPhone 18 और iPhone 18E को एक साथ लॉन्च करता है, तो कंपनी का लॉन्च शेड्यूल काफी बदल जाएगा. इसका मतलब होगा कि कम कीमत वाले iPhone साल की शुरुआत में आएंगे, वहीं Pro और फोल्डेबल मॉडल सितंबर में पेश किए जाएंगे.

Apple पहले आमतौर पर नया स्टैंडर्ड iPhone लॉन्च करने के बाद पुराने मॉडल की कीमत करीब 100 डॉलर कम कर देता था और उसे एक साल तक बेचता था. इस बार कंपनी ने iPhone 17 की कीमत कम करने के बजाय उसे 900 डॉलर की कीमत पर रखा है. वहीं iPhone 16 की कीमत भी 700 डॉलर से बढ़ाकर 800 डॉलर कर दिया है.

वहीं iPhone 17E की कीमत 600 डॉलर रखी गई है. ऐसे में iPhone 18 को भविष्य में ज्यादा कीमत पर लॉन्च करने की तैयारी के तौर पर भी इस बदलाव को देखा जा रहा है.

Samsung की तरह हो सकता है Apple का नया लॉन्च प्लान

Apple का यह नया तरीका Samsung के लॉन्च पैटर्न जैसा हो सकता है. Samsung लंबे समय से साल में अलग अलग समय पर अपने प्रीमियम फोन और फोल्डेबल फोन लॉन्च करता है. अगर Apple भी ऐसा करता है तो कंपनी के पास साल के अलग अलग समय पर अपने अलग iPhone मॉडल को प्रमोट करने का मौका होगा. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि Apple 2027 में iPhone 18, iPhone 18E या iPhone Air 2 लॉन्च करेगा या नहीं. इसके लिए कंपनी की अगली घोषणा का इंतजार करना होगा.

आईफोन 18 की जगह ले सकता है नया 'आईफोन एयर'?

टेक जगत में इस समय एक औऱ चर्चा बहुत जोरों पर है. इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि ऐप्पल शायद आईफोन 18 को लाने के बजाय इसके विकल्प के रूप में आईफोन एयर का नया मॉडल उतार सकता है. इसके अनुसार, आने वाले समय में आईफोन एयर ही नई सीरीज का बेस यानी स्टैंडर्ड मॉडल बन सकता है, जिसे कंपनी मेन एंट्री-लेवल फोन के रूप में पेश करेगी. यानी यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि आईफोन 18 की जगह अब एयर सीरीज ले सकती हैं.

हालांकि अभी यह सब कयास है, कंपनी ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं है, ये बातें तभी साफ होगी, जब कंपनी iPhone 18 को लेकर अपनी योजना बताएगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Udbhav Tripathi

Udbhav Tripathi

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More