न पैसे, न राशन... बस सबको इंटरनेट दे दो! Elon Musk ने बताया गरीबी खत्म करने का अनोखा तरीका, वीडियो वायरल
दुनिया भर में गरीबी मिटाने को लेकर दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क ने एक नया और चौंकाने वाला तर्क दिया है. मस्क का दावा है कि चैरिटी या राशन बांटने के बजाय हर व्यक्ति को सिर्फ इंटरनेट देना चाहिए.
गरीबी हटाने के लिए क्या पैसे या राशन बांटना जरूरी है या फिर इसका कोई और स्थायी समाधान हो सकता है? दुनिया के सबसे अमीर लोगों में शामिल एलन मस्क ने गरीबी मिटाने को लेकर चौंकाने वाला दावा कर दिया है. एलन मस्क का मानना है कि दुनिया से गरीबी हमेशा के लिए खत्म करनी है, तो लोगों को मदद या चैरिटी देने के बजाय सिर्फ एक चीज उपलब्ध करानी चाहिए और वह है इंटरनेट. मस्क ने इस बयान के पीछे का क्या तर्क है और कैसे इंटरनेट से गरीबी दूर होगी? आइए जानते हैं...
एलन मस्क का मानना है कि अगर दुनिया के हर गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति को इंटरनेट की सुविधा मिल जाए तो वह अपनी जिंदगी बेहतर बना सकता है और कमाई के नए रास्ते तलाश सकता है. मस्क के अनुसार इंटरनेट के जरिए लोग नई चीजें सीख सकते हैं और अपने प्रोडक्ट या सर्विस को दुनिया भर के लोगों तक पहुंचा सकते हैं.
एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी एक पुरानी वीडियो क्लिप शेयर करते हुए यह बात कही. यह वीडियो 20 मई 2025 को हुए कतर इकोनॉमिक फोरम की है. इस वीडियो में मस्क इंटरनेट को गरीबी से लड़ने का एक बड़ा जरिया बताते नजर आए.
इंटरनेट से सीख सकते हैं नई स्किल
मस्क का कहना है कि इंटरनेट कनेक्शन मिलने के बाद कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन बहुत कुछ सीख सकता है. इंटरनेट पर कई तरह की जानकारी और सीखने के तरीके फ्री में मिल जाते हैं. ऐसे में किसी व्यक्ति को अपने आसपास मौजूद सीमित अवसरों पर डिपेंड रहना होगा. उन्होंने कहा कि इंटरनेट कनेक्शन के जरिए लोग अपनी पसंद की चीजें सीख सकते हैं और नई स्किल हासिल कर सकते हैं. इसके बाद वे इन स्किल का इस्तेमाल कमाई के लिए कर सकते हैं.
दुनिया भर में बेच सकेंगे सामान और सर्विस
मस्क के अनुसार इंटरनेट का सबसे बड़ा फायदा सिर्फ जानकारी हासिल करना नहीं है, बल्कि ग्लोबल मार्केट तक पहुंच बनाना भी है. इंटरनेट की मदद से कोई व्यक्ति अपने प्रोडक्ट और सर्विस को सिर्फ अपने शहर या देश तक सीमित रखने के बजाय दुनिया के अलग अलग हिस्सों में बेच सकता है.
यानी किसी छोटे गांव या दूरदराज इलाके में रहने वाला व्यक्ति भी इंटरनेट के जरिए संभावित ग्राहकों तक पहुंच सकता है. मस्क का मानना है कि इससे लोगों को आर्थिक रूप से आगे बढ़ने का मौका मिल सकता है.
स्टारलिंक से जुड़ा है मस्क का प्लान
मस्क की इस सोच को उनकी सैटेलाइट कंपनी स्टारलिंक से भी जोड़कर देखा जा रहा है. स्टारलिंक लो अर्थ ऑर्बिट में मौजूद हजारों सैटेलाइट के जरिए इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने पर काम करती है. इसका मुख्य फोकस उन इलाकों तक इंटरनेट पहुंचाना भी है जहां इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क नहीं पहुंचे हैं या बहुत कमजोर हैं.
ऐसे में इंटरनेट को गरीबी कम करने के एक जरूरी साधन के तौर पर पेश करने से स्टारलिंक को भी दुनिया के दूरदराज और कम कनेक्टिविटी वाले इलाकों के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में देखा जा सकता है.
(ये भी पढ़ेंः कार की कीमत पर महंगा iPhone: न लें टेंशन, ₹1.64 लाख में भी खरीद सकते हैं नया आईफोन)
भारत में स्टारलिंक को अभी इंतजार
भारत में स्टारलिंक की एंट्री को लेकर भी काफी समय से प्रयास चल रहा है. हाल ही में कंपनी को एक और बड़ी मंजूरी मिल गई है. हालांकि सैटेलाइट इंटरनेट सर्विस को भारत में शुरू करने के लिए कंपनी को कई प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ रहा है. भारत स्टारलिंक के लिए एक बड़ा मार्केट साबित हो सकता है, खासकर उन इलाकों में जहां तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी अभी भी एक चुनौती है. लेकिन यह देखना दिलचस्प है कि भारत में कब से स्टारलिंक सर्विस की शुरुात होती है.
(ये भी पढ़ेंः iPhone 18 क्यों नहीं हुआ लॉन्च? Apple की बड़ी प्लानिंग, 2027 में आएगा फोन या बदलेगा पूरा गेम)