)
इंसानों की तरह दिखने वाले ह्यूमनॉइड रोबोट अब सिर्फ बातें करने या छोटे मोटे काम करने तक सीमित नहीं हैं. अब रोबोट ऐसे-ऐसे काम कर रहे हैं, जो हैरान कर देने वाले हैं. इसी क्रम में चीन की रोबोटिक्स कंपनी Unitree ने टेक्नोलॉजी की दुनिया में कुछ ऐसा किया है, जिसने इंसानी सुरक्षा और ताकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं. चीनी कंपनी ने अपने नए रोबोट H2-X कुंग फू लीजेंड गार्डियन का नया वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें यह रोबोट कार उठाने से लेकर हवा में फ्लाइंग किक मारता दिखाई दे रहा है. आइए जानते हैं कि आखिर इस रोबोट में ऐसा क्या खास है....
Unitree का नया रोबोट मार्शल आर्ट्स जैसे स्टंट कर सकता है. यह रोबोट घूमकर किक मारने, हवा में कलाबाजी करने और लगभग 4 मीटर की ऊंचाई से गिरने जैसे कठिन काम करते हुए दिखाई दिया है. चीनी कंपनी के अनुसार, यह कार के अगले हिस्से को उठाने जितनी ताकत भी रखता है. इस रोबोट को खास तौर पर अपनी ताकत, फुर्ती और बैलेंस दिखाने के लिए पेश किया गया है. इसके सामने आए वीडियो में रोबोट तेजी से घूमकर किक मारता है और कई मुश्किल मूव्स करता दिखाई देता है. कुछ डेमो में यह कार के दरवाजे पर जोरदार वार करता है, जिससे दरवाजे पर डेंट पड़ जाता है.
कंपनी का कहना है कि रोबोट एक बार में लगभग 8 घंटे तक काम कर सकता है. लेकिन, इन प्रदर्शनों से यह साफ नहीं होता कि रियल लाइफ में लगातार काम करने के दौरान इसका प्रदर्शन कैसा रहेगा.
Unitree Introducing: H2-X Kung Fu Legend Guardian Powerful performance to serve and guard you, with a maximum endurance of approximately 8 hours. Please use the robot safely and in a friendly manner. https://t.co/5RU5kDzSUK
— Unitree (@UnitreeRobotics) October 21, 2026
ह्यूमनॉइड रोबोट ऐसे रोबोट होते हैं, जिनकी बॉडी इंसानों की तरह होती है. इनकी मदद से उन जगहों पर काम करने की उम्मीद की जाती है, जहां आमतौर पर इंसान काम करते हैं. चीन समेत कई देशों में ऐसी मशीनों को ज्यादा ताकतवर और बेहतर बनाने पर काम चल रहा है. किसी रोबोट के लिए घूमकर किक मारना या ऊंचाई से गिरने के बाद अपना बैलेंस बनाना सबसे मुश्किल कामों में से एक है. इसके लिए मोटर, सेंसर और कंट्रोल सिस्टम को मिलकर काम करना पड़ता है. रोबोट को यह भी समझना होता है कि उसका वजन किस तरफ जा रहा है और जमीन पर उतरते समय शरीर का बैलेंस कैसे कंट्रोल में रखा जाए.
Unitree के इस रोबोट के स्टंट इसी तरह की तकनीक को दिखाते हैं. लेकिन, सिर्फ शानदार करतब दिखा देना इस बात का सबूत नहीं है कि रोबोट हर तरह के काम में उतना ही बेहतर होगा.
ऐसे रोबोट भविष्य में फैक्ट्रियों, खतरनाक जगहों पर काम करने, जांच और सुरक्षा से जुड़े कामों में इस्तेमाल किए जा सकते हैं. जिन जगहों पर इंसानों के लिए काम करना खतरनाक होता है, वहां इनकी मदद लेने की संभावना है. लेकिन रोबोट जितना ताकतवर होगा, उसके इस्तेमाल में सावधानी बरतना भी उतना ही जरूरी होगा. तेज किक, भारी शरीर और जोरदार मूवमेंट से इंसानों या आसपास रखी चीजों को भी खतरा हो सकता है. कंपनी ने भी रोबोट को सुरक्षित तरीके से और सावधानी के साथ इस्तेमाल करने की सलाह दी है.