App

गैस चैंबर बना दिल्ली-NCR... सीने में चुभ रहा धुआं! Air Purifier खरीदने जा रहे हैं? ये 5 बड़ी गलतियां करेंगी आपका पैसा बर्बाद

दिल्ली का AQI हुआ खतरनाक! घर के अंदर की हवा भी है जहरीली. सही Air Purifier कैसे चुनें? जानिए काम की बातें और पूरी गाइड.

गैस चैंबर बना दिल्ली-NCR... सीने में चुभ रहा धुआं! Air Purifier खरीदने जा रहे हैं? ये 5 बड़ी गलतियां करेंगी आपका पैसा बर्बाद
Image Credit: दिल्ली का AQI हुआ खतरनाक.

दिल्ली-एनसीआर का मौसम तेजी से बदल चुका है. सुबह उठते ही बाहर ऐसा घना कोहरा जैसा दिखता है कि सूरज के दर्शन होना मुश्किल हो जाता है. असल में यह कोई कोहरा नहीं, बल्कि जहरीला स्मॉग होता है जो आसमान को पूरी तरह पीला कर देता है. AQI यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स सीधे खतरनाक और गंभीर कैटेगरी में पहुंच जाता है. आज यानी 4 नवंबर की बात करें तो दिल्ली-NCR में AQI लेवल 600 से ज्यादा है. ऐसे में आंखें जलना, गले में खराश होना और सांस लेने में दिक्कत आम बात बन जाती है. इस जहरीले संकट से निपटने का एक ही बेहतरीन तरीका है और वो है एक दमदार एयर प्यूरीफायर घर लाना. लेकिन अगर आप इस विंटर सीजन एयर प्यूरीफायर खरीदने का मन बना रहे हैं, तो सिर्फ सबसे महंगे मॉडल पर पैसे मत लुटा दीजिए. हर एयर प्यूरीफायर दिल्ली-एनसीआर जैसे शहरों के खतरनाक प्रदूषण स्तर को नहीं झेल सकता. आइए जानते हैं कि अपने और अपने परिवार के लिए सही एयर प्यूरीफायर चुनते वक्त किन बातों का खास ख्याल रखना चाहिए.

सबसे पहले चेक करें HEPA फिल्टर की क्वालिटी
प्यूरीफायर खरीदते वक्त सबसे पहला काम यह देखना है कि उसमें फिल्ट्रेशन कैसा है. हमेशा ऐसा एयर प्यूरीफायर ढूंढिए जिसमें प्रॉपर True HEPA फिल्टर लगा हो, और वो भी H13 या H14 ग्रेड का होना चाहिए. ये फिल्टर्स टेस्टिंग कंडीशंस के हिसाब से 0.3 माइक्रोन तक के बहुत बारीक पार्टिकल्स को कम से कम 99.97 प्रतिशत तक खींच लेते हैं. इसका मतलब है कि PM2.5, धूल के छोटे कण, पराग यानी पोलन और फफूंद जैसी खतरनाक चीजें आसानी से छनकर अलग हो जाती हैं.

मार्केट में आपको 'HEPA-type', 'HEPA-like' या 'washable HEPA' जैसे फैंसी नाम वाले लेबल्स भी दिखेंगे. इनसे थोड़ा बचकर रहिए. ये लेबल्स हमेशा असली HEPA स्टैंडर्ड्स पर खरे नहीं उतरते हैं, इसलिए सिर्फ नाम देखकर दुकान वाले के झांसे में न आएं.

एक्टिवेटेड कार्बन फिल्ट्रेशन क्यों है जरूरी?
HEPA फिल्टर धूल-मिट्टी को तो रोक लेता है, लेकिन हर तरह की गैस या अजीब बदबू को वह अकेले खत्म नहीं कर सकता. यहीं पर एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर का असली रोल आता है. यह खतरनाक गैसों, वोलेटाइल ऑर्गेनिक कंपाउंड्स (VOCs) और घर की अजीब सी बदबू को चुटकियों में सोख लेता है. एक बढ़िया एयर प्यूरीफायर में हमेशा लेयर्स वाला सिस्टम होना चाहिए. यानी एक प्री-फिल्टर हो जो बाल और मोटे धूल के कणों को रोके, एक True HEPA फिल्टर हो जो बारीक पॉल्यूटेंट्स को पकड़े, और एक एक्टिवेटेड कार्बन फिल्टर हो जो धुएं और बदबू का सफाया करे.

दिल्ली की हवा में सिर्फ धूल नहीं होती, बल्कि कई तरह के टॉक्सिक धुएं भी होते हैं. इसीलिए कार्बन फिल्टर का होना बहुत जरूरी है. खरीदते वक्त यह भी देख लेना कि कार्बन की लेयर मोटी और सॉलिड हो, न कि कोई कागज जैसी पतली शीट जो कुछ ही महीनों में दम तोड़ दे.

CADR और ACH का गणित समझना है बेहद आसान
अब बात करते हैं CADR की, जिसका मतलब है क्लीन एयर डिलीवरी रेट. इसका मतलब सीधा सा है कि कोई एयर प्यूरीफायर कितनी तेजी से आपके कमरे की हवा को साफ कर सकता है. यानी एक घंटे में मशीन कितना फिल्टर किया हुआ एयर बाहर फेंकती है. जितनी ज्यादा CADR वैल्यू होगी, हवा उतनी ही जल्दी साफ होगी.

अगर आपका कमरा 150 से 200 वर्ग फीट का है, तो ऐसा प्यूरीफायर चुनें जिसकी CADR वैल्यू कम से कम 250 m³/h हो. अगर आपका लिविंग रूम काफी बड़ा है, तो आपको 400 m³/h या उससे ज्यादा पावर वाली मशीन की जरूरत पड़ेगी. अगर आपका पूरा घर बड़ा है और कई कमरे हैं, तो एक प्यूरीफायर से काम नहीं चलेगा.

इसके साथ ही यह भी चेक कर लें कि मशीन एक घंटे में पूरे कमरे की हवा को कितनी बार पूरी तरह छान देती है. इसे Air Changes Per Hour (ACH) कहते हैं. दिल्ली के भारी प्रदूषण के लिए कम से कम चार से पांच एयर चेंजेस प्रति घंटे होने चाहिए. अगर घर में कोई अस्थमा पेशेंट या एलर्जी वाला इंसान है, तो छह से आठ ACH वाला मॉडल ही बेस्ट रहेगा.

शोर का लेवल यानी नॉइज लेवल्स चेक करना न भूलें
कोई भी ऐसी मशीन घर में रखना पसंद नहीं करेगा जो ट्रैक्टर जैसी आवाज करे. ज्यादा शोर करने वाला प्यूरीफायर इंसान तंग आकर आखिरकार बंद ही कर देता है.

इसलिए सिर्फ सबसे कम स्पीड वाले विज्ञापनों पर आंख मूंदकर भरोसा मत करिए. अलग-अलग फैन स्पीड पर मशीन कितना शोर करती है, यह जरूर चेक करें. अगर आप इसे अपने बेडरूम के लिए ले रहे हैं, तो ऐसा स्लीप मोड होना चाहिए जो 30 से 35 डेसिबल से कम आवाज करे और रात में डिस्प्ले लाइट्स को भी डिम कर दे.

रनिंग कॉस्ट और रिप्लेसमेंट खर्च का हिसाब
दुकान पर डिब्बे पर लिखी कीमत तो सिर्फ शुरुआत होती है. भारी प्रदूषण वाले शहरों में एयर प्यूरीफायर के फिल्टर तीन से छह महीने में ही चोक यानी पूरी तरह बंद हो जाते हैं. इसलिए खरीदने से पहले इन चार बातों का पता जरूर लगा लें:

  • असली रिप्लेसमेंट फिल्टर्स की कीमत क्या है और वे आसानी से मार्केट में मिलते हैं या नहीं.
  • आपके शहर में कंपनी की वारंटी और आफ्टर-sales सर्विस कैसी है.
  • बिजली का बिल कितना आएगा, क्योंकि खतरनाक दिनों में इसे लंबे समय तक चलाना पड़ता है.
  • मशीन में फिल्टर-चेंज इंडिकेटर है या नहीं, ताकि आपको पता रहे कि अब नया फिल्टर डलवाने का वक्त आ गया है.

स्मार्ट फीचर्स
आजकल प्यूरीफायर्स में लाइव PM2.5 डिस्प्ले, ऑटो मोड, टाइमर और मोबाइल ऐप कंट्रोल जैसे स्मार्ट फीचर्स भर-भरकर आ रहे हैं. ये सब चीजें इस्तेमाल को आसान जरूर बनाती हैं, लेकिन इन्हें अपनी पहली प्राथमिकता मत बनाइए. सबसे पहले फिल्ट्रेशन क्वालिटी और कमरे का साइज ही मैटर करता है.

इसके अलावा, ऐसे मॉडल्स से थोड़ा बचकर रहें जो आयनाइज़र या ओजोनेटर का इस्तेमाल करते हैं. ये डिवाइसेस ओजोन गैस पैदा कर सकते हैं, जिससे फेफड़ों में जलन हो सकती है. अगर आपके प्यूरीफायर में आयनाइज़र है, तो यह जरूर कंफर्म कर लें कि वह जीरो या बिल्कुल नगण्य ओजोन पैदा करने के लिए सर्टिफाइड है.

प्यूरीफायर इस्तेमाल करते वक्त इन छोटी बातों का रखें ध्यान
दुनिया का सबसे महंगा और बेहतरीन एयर प्यूरीफायर भी बेकार साबित हो सकता है अगर उसका सेटअप सही न हो. जब भी एयर प्यूरीफायर चालू हो, कमरे के दरवाजे और खिड़कियां बिल्कुल बंद रखें. मशीन को पर्दों, फर्नीचर या तंग कोनों से थोड़ा दूर रखें ताकि हवा का सर्कुलेशन सही से हो सके.

सोने जाने से पहले और जब भी बाहर AQI अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाए, प्यूरीफायर को हाई स्पीड पर चला दें. हवा खराब होने का इंतजार मत करिए, बल्कि प्रदूषण बढ़ने से पहले ही अपनी तैयारी पूरी रखिए. इस तरह आप अपने और अपने परिवार के फेफड़ों को इस जहरीले मौसम में सुरक्षित रख सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Mohit Chaturvedi

Mohit Chaturvedi

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More