)
मध्य प्रदेश के देवास में अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने के मामले में पकड़े गए आरोपी ड्राइवर गजेंद्र उर्फ अक्कू का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया है. अक्कू को आलीराजपुर से पकड़ा गया था, जिसके बाद पुलिस उसे लेकर खातेगांव थाने जा रही थी. इस दौरान देवास के पास बरोठा मार्ग पर आरोपी ड्राइवर ने पुलिस को चकमा देकर भागने और पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर हमला करने की कोशिश की. इसके बाद पुलिस ने पहले चेतावनी दी और फिर जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद उसके दाहिने पैर में गोली लगी. आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.
खास बात यह है कि आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू का पारिवारिक बैकग्राउंड कानून से जुड़ा रहा है. अक्कू के पिता और दादा दोनों पुलिस विभाग से रिटायर हैं. हालांकि, अक्कू और उसके छोटे भाई बिल्कुल अलग निकले और गैर-कानूनी कामों में लग गए. रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्कू का छोटा भाई रंगदारी के मामलों में सक्रिय बताया जा रहा है.
हत्याकांड के मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत के अलावा सह आरोपी धीरज मंडलोई का पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शॉर्ट एनकाउंटर किया है. दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है. पुलिस दोनों को देवास SIT की टीम आलीराजपुर गिरफ्तार कर से देवास ला रही थी. इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए.मुख्य आरोपी अक्कू को इंदौर रेफर किया गया है, जबकि सह आरोपी का देवास में इलाज चल रहा है.
पहला घटनाक्रम राजोदा और बरोठा के बीच सामने आया, जहां पुलिस वाहन का टायर पंचर होने के दौरान मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू रावत ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाया. इसी बीच उसने एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और भागने लगा. आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया. छीनी गई सर्विस रिवॉल्वर भी बरामद कर ली गई। घायल आरोपी को देवास जिला अस्पताल से इंदौर के अरविंदो अस्पताल रेफर किया गया है.
वहीं, दूसरा शॉर्ट एनकाउंटर देवास के बीएनपी थाना क्षेत्र में हुआ. यहां सह आरोपी धीरज मंडलोई ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में धीरज के पैर में गोली लगी. फिलहाल आरोपी का देवास जिला अस्पताल में इलाज जारी है. देवास सीएसपी सुमित अग्रवाल ने दूसरे शॉर्ट एनकाउंटर की पुष्टि की है. खातेगांव TI दिलीप पुरी की हत्या के मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है.
देवास के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी हरदा से गुजरात जा रही अवैध शराब की खेप पकड़ने के लिए पहुंचे थे. घटना रविवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हरदा-नेमावर हाईवे की है, जब अवैध शराब तस्करी की सूचना मिलने पर दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करने पहुंचे थे. इसी दौरान शराब से भरे आयशर वाहन के चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया. वाहन का पिछला पहिया टीआई के ऊपर से गुजर गया. गंभीर रूप से घायल दिलीप पुरी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. (इनपुट- कमल सोलंकी)