)
मध्य प्रदेश के देवास जिले के खातेगांव में अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ने के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके गृह ग्राम पहुंचा, पूरा गांव शोक में डूब गया. तिरंगे में लिपटे जांबाज बेटे का शव सामने आते ही बूढ़ी मां, पत्नी और मासूम बच्चे लिपटकर बिलख पड़े. इस गमगीन माहौल को देख पूरा गांव रो पड़ा और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों की आंखें भी नम हो गईं. दिलीप पुरी का पैतृक गांव में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा.
इससे पहले टीआई दिलीप पुरी का पार्थिव शरीर इंदौर के ओमेक्स सिटी स्थित उनके निवास पर लाया गया था, जहां पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. टीआई दिलीप पुरी के निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर है. पार्थिव शरीर पहुंचने के दौरान देवास कलेक्टर नेहा मीना, देवास के पूर्व पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और उनके बैचमेट अधिकारी मौजूद रहे. इसके बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए सरदारपुर तहसील के बरमंडल रवाना किया गया.
मां-पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
बेटे को खोने के बाद दिलीप पुरी की मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. बेटे का शव सामने आते ही मां लिपट गईं और बिलख-बिलखकर रोने लगीं. पिता भी गहरे सदमे में हैं. दिलीप पुरी की पत्नी कविता का भी रो-रोकर बुरा हाल है. बेटा और बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया और शव को देखते ही दोनों पिता से लिपट गए, जिसे देखकर मौके पर मौजूद सभी लोगों के आंखों में आंसू भर आया.
शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी को आयशर वाहन ने कुचला
हरदा से गुजरात जा रही अवैध शराब की खेप पकड़ने के दौरान आयशर वाहन ने टीआई को कुचल दिया. अस्पताल में करीब दो घंटे तक जिंदगी और मौत से संघर्ष के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया. इस घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और पत्नी को एसआई पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने का ऐलान किया है. वहीं, कांग्रेस ने शराब माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए सरकार को घेरा है.
घटना रविवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हरदा-नेमावर हाईवे की है. अवैध शराब तस्करी की सूचना पर खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करने पहुंचे थे. इसी दौरान शराब से भरे आयशर वाहन के चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया. वाहन का पिछला पहिया टीआई के ऊपर से गुजर गया. गंभीर रूप से घायल दिलीप पुरी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.
देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि पुलिस को हरदा से गुजरात जा रही अवैध शराब की खेप की सूचना मिली थी. कार्रवाई के लिए कई टीमें बनाई गई थीं. पुलिस ने आयशर वाहन जब्त कर उसमें से 1800 लीटर से अधिक अल्कोहल बरामद किया है. एसपी ने कहा है कि शराब माफिया के पूरे नेटवर्क की जांच होगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. (इनपुट- यत्नेश सेन)