App

अनुभव से भरपूर अर्शदीप को कुर्बान कर 0 T20I खेलने वाले तेज गेंदबाज पर दांव लगाएगी पंजाब किंग्स? जानें क्या है प्लान

आईपीएल 2027 से पहले ट्रेड का रोमांच और सस्पेंस जारी है. स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब किंग्स हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल करना चाहती है और उनके लिए अर्शदीप सिंह को कुर्बान करने के लिए तैयार हैं.

अनुभव से भरपूर अर्शदीप को कुर्बान कर 0 T20I खेलने वाले तेज गेंदबाज पर दांव लगाएगी पंजाब किंग्स? जानें क्या है प्लान
Image Credit: अर्शदीप को कुर्बान कर 0 T20I खेलने वाले तेज गेंदबाज पर दांव लगाएगी पंजाब किंग्स? (IPL/BCCI)

आईपीएल 2027 के लिए होने वाले ऑक्शन से पहले ट्रेड का रोमांच और सस्पेंस जारी है. बीसीसीआई ने सभी 10 टीमों को 17 नवंबर तक अपने-अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करने को कहा है. 16 दिसंबर को गोवा में मिनी ऑक्शन का आयोजन होना है. इस तारीख से एक सप्ताह पहले तक सभी टीमों के लिए ट्रेड विंडो भी खुले रहेंगे. स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बड़ी डील लगभग पक्की हो चुकी है. जिसके तहत स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या आईपीएल 2027 में पंजाब किंग्स से जुड़ सकते हैं. इसके बदले में मुंबई इंडियंस ने पंजाब से अर्शदीप सिंह और विकेट कीपर बल्लेबाज विष्णु विनोद की मांग की है.

स्पोर्टस्टार की इसी रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि अर्शदीप सिंह की कमी पूरी करने के लिए पंजाब किंग्स लखनऊ सुपर जाएंट्स से ट्रेड करना चाहती है, जिसके तहत ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मार्कस स्टोइनिस LSG जाएंगे और पेसर मोहसिन खान पंजाब किंग्स में शामिल हो सकते हैं.

अर्शदीप गए तो मोहसिन को लाने की तैयारी

अपने पहले ट्रॉफी की तलाश कर रही पंजाब किंग्स अगर हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल करती है, तो ये उनके लिए बड़ी जीत होगी. लेकिन इस डील के कारण उन्हें स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की कुर्बानी देनी होगी. पंजाब किंग्स दिल पर पत्थर रखकर अर्शदीप को मुंबई इंडियंस को सौंप तो देंगे, लेकिन उन्हें उनके रिप्लेसमेंट की तलाश होगी. यही वजह है कि पंजाब किंग्स बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान को अपनी टीम में शामिल करने के लिए लखनऊ सुपर जाएंट्स को फंसाने में लगी है. इसके लिए वे हंसते-हंसते मार्कस स्टोइनिस को ट्रेड करने के लिए तैयार हैं.

अर्शदीप सिंह बनाम मोहसिन खान

बड़ा सवाल ये है कि अगर पंजाब किंग्स मोहसिन खान को टीम से जोड़ भी लेते हैं तो क्या वो अर्शदीप सिंह की कमी पूरी कर पाएंगे? 28 साल के मोहसिन को कई क्रिकेट एक्स्पर्ट्स काफी हाई रेट करते हैं. हालांकि, लगातार चोट की वजह से मोहसिन अभी तक वो पहचान नहीं बना सके हैं, जितनी उनसे उम्मीद की गई थी. आईपीएल में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. बाएं हाथ के पेसर ने अभी तक 31 IPL मैचों में 38 विकेट चटकाए हैं. 28 साल के मोहसिन के पास सिर्फ एक फर्स्ट क्लास मैच खेलने का अनुभव है, जबकि उन्होंने अभी तक भारत के लिए किसी भी फॉर्मेट में डेब्यू नहीं किया है.

दूसरी तरफ अर्शदीप सिंह के पास अनुभव का भरमार है. वो व्हाइट बॉल क्रिकेट में पिछले 2-3 सालों से जसप्रीत बुमराह के साथ टीम इंडिया के अहम हथियार साबित हुए हैं. खासकर, टी20 इंटरनेशनल में तो वो भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं. अर्शदीप के नाम 104 T20I में 151 विकेट है. अर्शदीप 2019 से ही पंजाब किंग्स के साथ हैं. बाएं हाथ के पेसर ने अब तक 96 आईपीएल मैचों में 111 विकेट चटकाए हैं.

क्या है पंजाब किंग्स का प्लान?

अगर ट्रेड की ये खबर सही है तो पंजाब किंग्स अपने बल्लेबाजी को और ताकतवर बनाने के लिए हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल करना चाहती है. हालांकि, इस कदम से उनकी गेंदबाजी निश्चित तौर पर कमजोर हो जाएगी. किसी भी गेंदबाज के लिए अर्शदीप को रिप्लेस करना आसान नहीं है. हालांकि, पंजाब किंग्स की सोच ये है कि अगर अर्शदीप की कुर्बानी देनी भी पड़े तो कम से कम मोहसिन खान किसी भी कीमत पर टीम के साथ जुड़े. देखना दिलचस्प होगा कि उनका ये प्लान सफल साबित होता है या नहीं.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More