)
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भारत लाजना मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी (BLM) पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) का शिकंजा कसता जा रहा है. इसी कड़ी में ईडी ने आज (बुधवार, 4 नवंबर) की सुबह-सुबह भारत लाजना मल्टी स्टेट को-ऑपरेटिव सोसायटी (BLM) के संस्थापक सदस्य और वर्तमान CMD आर. प्रेमकुमार समेत कई अन्य लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की. जानकारी के मुताबिक, केरल और चेन्नई में कुल 11 ठिकानों पर ED की टीमों ने एक साथ छापा मारा.
मनी लॉन्ड्रिंग में ED की बड़ी कार्रवाई
ईडी की इस कार्रवाई से कंपनी से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया. जांच एजेंसी के मुताबिक, प्रेमकुमार पर आरोप है कि उन्होंने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर सोसायटी में आम लोगों द्वारा जमा कराए गए करोड़ों रुपये अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर कराए और उनका निजी इस्तेमाल किया. ईडी अधिकारियों ने बताया कि BLM सोसायटी और उसके प्रमोटर के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में केरल और तमिलनाडु में कई ठिकानों पर छापा मारा गया है.
BLM संस्थापक पर बड़े गंभीर आरोप
उन्होंने बताया कि आज की कार्रवाई में BLM सोसायटी के संस्थापक सदस्य और प्रबंध निदेशक आर. प्रेमकुमार के अलावा कुछ अन्य लोग शामिल हैं. आरोप है कि सोसायटी के रागम थिएटर को ब्रियोस फिनवेस्ट के पास गिरवी रखा गया, लेकिन इसके बदले मिली रकम सोसायटी तक नहीं पहुंची.
प्रेमकुमार की पत्नी भी जांच के दायरे में
आर. प्रेमकुमार पर आरोप है कि उन्होंने कांचीपुरम में अपनी पत्नी के नाम पर करीब 500 एकड़ जमीन खरीदी है. ED का दावा है कि 'रागम थिएटर' को गिरवी रखने से मिले पैसे से प्रेमकुमार ने अपनी पत्नी के नाम पर जमीन खरीदी है. ED इस मामले में वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की जांच कर रही है.
प्रेमकुमार की हो चुकी है गिरफ्तारी
BLM पर केरल और चेन्नई में निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और फंड के गबन का आरोप है. करोड़ों रुपयों के कथित वित्तीय हेरफेर मामले में कोझीकोड क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा ने हाल ही में बीएलएम अध्यक्ष आर. प्रेमकुमार को चेन्नई से गिरफ्तार किया था. बता दें कि केरल के कोझीकोड के नादक्कवु पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज होने के बाद इसे आर्थिक अपराध शाखा को ट्रांसफर किया गया था.