)
टीम इंडिया के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे इंटरनेशनल मैच में अपनी धारदार तेज गेंदबाजी से कहर मचाकर रख दिया था. अंशुल कंबोज ने इस मैच में 10 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट चटकाए. इस दौरान उन्होंने 2.20 के इकोनॉमी रेट के साथ गेंदबाजी की थी. अगले साल अक्टूबर-नवंबर में साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में 2027 ICC वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप खेला जाएगा.
भारत अपने ज्यादातर मैच साउथ अफ्रीका में खेलेगा जहां के हालात काफी हद तक न्यूजीलैंड जैसे ही होंगे. ऐसे में अंशुल कंबोज टीम इंडिया के लिए सबसे घातक हथियार साबित हो सकते हैं. अंशुल कंबोज की सबसे बड़ी ताकत हवा में गेंद को मूव कराना है. बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज मिडिल ओवर्स और डेथ ओवर्स में कसी हुई गेंदबाजी कर विकेट निकालने में माहिर है. IPL 2026 में भी अंशुल कंबोज ने दिखाया था कि डेथ ओवर्स में उन पर भरोसा किया जा सकता है.
अंशुल कंबोज ने दाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ 'राउंड द स्टंप्स' आकर वाइड यॉर्कर का बेहतरीन इस्तेमाल किया था. साउथ अफ्रीका की पिचों पर अंशुल कंबोज की गेंदबाजी शैली मिडिल ओवरों में बहुत काम आ सकती है. साउथ अफ्रीका में धूप में सूखने के बाद पिचें तेज हो जाती हैं और सीम मूवमेंट में मदद करती हैं. ऐसी पिचों पर, केवल बाउंस ही नहीं, बल्कि अच्छी कंट्रोल वाली गेंदबाजी भी बॉलिंग करने वाली टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित होती है.
अंशुल कंबोज लगातार 130 KMPH से अधिक की गति से गेंदबाजी करते हैं. साथ ही, वे अपनी फिटनेस पर भी काम कर रहे हैं, जिससे उनकी गति में और भी इजाफा हो सकता है. अंशुल कंबोज एक उपयोगी बल्लेबाज भी हैं, जो टीम को बल्लेबाजी में गहराई भी देते हैं. अंशुल कंबोज नई गेंद को दोनों तरफ स्विंग और सीम करा सकते हैं. भारत को एक ऐसे और सीमर की तलाश है, जो डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी कर सके और अंशुल कंबोज ने इस दिशा में अच्छे संकेत दिए हैं.
भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि अंशुल कंबोज में 2027 के वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने की क्षमता है. उनका कहना है कि अगर अंशुल कंबोज लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो चयनकर्ताओं के लिए इस युवा तेज गेंदबाज को नजरअंदाज करना मुश्किल हो जाएगा. क्रिकइन्फो के एक वीडियो में बात करते हुए इरफान पठान ने अंशुल कंबोज की डेथ-बॉलिंग स्किल्स का जिक्र किया, जिसमें राउंड द विकेट आकर वाइड यॉर्कर डालने की उनकी खूबी शामिल है.
इरफान पठान के अनुसार कई तरह की स्किल्स होने के कारण अंशुल कंबोज भविष्य के लिए एक बेहतरीन विकल्प बन जाते हैं. इरफान पठान ने कहा, 'अंशुल कंबोज नई और पुरानी गेंद दोनों के साथ गेंदबाजी करने का पूरा पैकेज है और वे गेंद को स्विंग भी करा सकते हैं. भविष्य के लिहाज से वे निश्चित रूप से आगे बढ़ेंगे. अगर वे इसी तरह का प्रदर्शन जारी रखते हैं, तो इसमें कोई हैरानी की बात नहीं होगी कि सेलेक्टर्स उन्हें 2027 ODI वर्ल्ड कप के संभावित खिलाड़ियों में शामिल करने के बारे में सोचने पर मजबूर हो जाएं.'