मिनी ऑक्शन से पहले सहवाग के बेटे का धमाका, क्या आर्यवीर के लिए खुलेगा IPL का दरवाजा? ये टीम लगा सकती है दांव
अंडर-19 क्रिकेट में भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग तहलका मचा रहे हैं. नेपाल के खिलाफ मैच में तूफानी फिफ्टी के बाद उन्होंने यूएई अंडर-19 के खिलाफ 160 रनों की शानदार पारी खेली. ये चर्चा होने लगी है कि क्या आर्यवीर की एंट्री आईपीएल में होने वाली है?
ओमान में चल रहे मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 टूर्नामेंट में वीरेंद्र सहवाग के बेटे का शानदार प्रदर्शन जारी है. मंगलवार (10 नवंबर) को यूएई के खिलाफ मैच में आर्यवीर सहवाग ने 160 रनों की धमाकेदार पारी खेली. 19 वर्षीय सलामी बल्लेबाज ने 17 चौके और 7 छक्के जड़ सनसनी मचाई. खास बात ये है कि आर्यवीर के खेल में पिता की झलक तो दिखती ही है, साथ में वो क्रीज पर समय बिताकर भी खेलना पसंद करते हैं. इसका उदाहरण उन्होंने यूएई अंडर-19 के खिलाफ मैच में दिया, जहां उन्होंने 100 का आंकड़ा 131 गेंदों में पार किया और उसके बाद 37 गेंदों में 60 रन बना दिए.
आर्यवीर ने खुद भी ये कहा है कि वो सिर्फ पिता वीरेंद्र सहवाग के अंदाज में नहीं खेलना चाहते, बल्कि विराट कोहली के स्टाइल में भी खेलना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि वो विराट कोहली के बड़े फैन हैं. अंडर-19 एशिया कप में तबाही मचा रहे सहवाग के बेटे सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. कुछ फैंस ने उनके आईपीएल भविष्य पर भी चर्चा शुरू कर दी है.
क्या आर्यवीर के लिए खुलेगा IPL का दरवाजा?
आर्यवीर सहवाग की 160 रनों की पारी उस समय पर आई है, जब क्रिकेट के गलियारों में आईपीएल 2027 और उससे पहले होने वाले मिनी ऑक्शन की गूंज सुनाई दे रही है. अब ये भी बहस छिड़ गई है कि क्या पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की तरह सहवाग के लाडले आर्यवीर के लिए भी आईपीएल का दरवाजा खुलेगा?
सोशल मीडिया पर इस सवाल का जवाब जानने के लिए उत्साहित फैंस को बता दें कि अभी ये कहना जल्दबाजी होगी कि आर्यवीर की एंट्री आईपीएल में होगी या नहीं. दरअसल, आईपीएल 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन का प्रोसेस होना अभी बाकी है. 17 नवंबर तक सभी फ्रेंचाइजी को अपने-अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट बीसीसीआई को सौंपनी है. 10 दिसंबर को गोवा में मिनी ऑक्शन का आयोजन होना है. इससे एक सप्ताह पहले BCCI आईपीएल 2027 के लिए रजिस्टर्ड खिलाड़ियों की सूची जारी करेगा.
अब देखना दिलचस्प होगा कि वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर अपना नाम आईपीएल 2027 के लिए रजिस्टर करवाते हैं या नहीं. अगर वो अपना नाम पंजीकृत कराते हैं तो वो 10 दिसंबर को ऑक्शन में उतरेंगे और उनकी बोली लगाई जाएगी. बता दें कि आर्यवीर इस साल दिल्ली प्रीमियर लीग में वेस्ट दिल्ली लायंस टीम का हिस्सा थे. उन्हें सिर्फ दो मैचों में खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने 24 रन बनाए थे.
दिल्ली कैपिटल्स दिखा सकती है दिलचस्पी
अगर आर्यवीर सहवाग आईपीएल 2027 के लिए होने वाले मिनी ऑक्शन में उतरते हैं तो ये देखना दिलचस्प होगा कि कोई टीम उन्हें भाव देती है या नहीं. जिस तरह सचिन के बेटे अर्जुन को पहली बार मुंबई इंडियंस ने खरीदा था, उसी तरह सहवाग के बेटे पर दिल्ली कैपिटल्स दांव लगा सकती है. वीरेंद्र सहवाग दिल्ली के हैं और आईपीएल में भी वो 2008 से लेकर 2014 तक दिल्ली कैपिटल्स (पहले दिल्ली डेयरडेविल्स) के लिए खेले. उन्होंने इस टीम की कप्तानी भी की, लेकिन खिताब नहीं जीता सके. अगर आर्यवीर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बनते हैं तो इससे फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता भी बढ़ सकती है, क्योंकि इसी टीम से पिता सहवाग खेले थे और अब उनका बेटा विरासत को आगे बढ़ा सकता है. खैर, फैसला तो 10 दिसंबर को गोवा में होगा.
यह भी पढ़ें: पिता के नक्शे कदम पर बेटा... आर्यवीर सहवाग ने U19 क्रिकेट में मचाया तहलका, 24 चौके-छक्के जड़ बनाए 160 रन