SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

उम्र छोटी समझ बड़ी: वैभव सूर्यवंशी ने किसे दी वॉर्निंग? 'एक दिन ठुक जाओगे आप' वाला VIDEO वायरल

वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज में अभी तक वैभव सूर्यवंशी को खेलने का मौका नहीं मिला है. गुरुवार को वो पीएम मोदी से सम्मान समारोह में मिलने के लिए भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ दिल्ली पहुंचे. एयरपोर्ट पर उन्होंने पैपराजी को मजेदार वॉर्निंग दी.

Written By Ritesh Kumar
Published: Oct 15, 2026, 08:05 PM IST | Updated: Oct 15, 2026, 08:18 PM IST
Image Credit: BCCI/X
Join

वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज के बीच भारत के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है. गुरुवार, 15 अक्टूबर को वैभव टीम के साथ दिल्ली पहुंचे, जहां पीएम मोदी ने हाल में हुए एशियन गेम्स 2026 में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों से संवाद किया. श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल पर कब्जा किया था और वैभव भी टीम का हिस्सा थे.

गुरुवार को जब वो एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे थे तो कुछ पैपराजी उन्हें कैप्चर करने में लगे थे. 15 साल के धुरंधर बल्लेबाज ने उनसे जो कहा, वो देखकर आप ये बोलने पर मजबूर हो जाएंगे कि वैभव की उम्र छोटी है, लेकिन समझ बड़ी.

वैभव सूर्यवंशी ने दी जरूरी सलाह

वैभव सूर्यवंशी ने एयरपोर्ट पर उनका वीडियो लेने के लिए बहुत ज्यादा उत्सुकता दिखा रहे पैपराजी को एक मजेदार लेकिन जरूरी सलाह दी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सम्मान समारोह में मिलने के लिए भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ दिल्ली पहुंचे सूर्यवंशी को तुरंत ही कैमरापर्सन ने घेर लिया. हालांकि, उन्होंने उन्हें निराश नहीं किया और खुशी-खुशी तस्वीरें खिंचवाईं, लेकिन साथ ही उन्होंने फोटो खींचने वालों को अपने आस-पास के माहौल का ध्यान रखने और किसी गाड़ी की चपेट में आने से बचने की चेतावनी भी दी.

'रील के चक्कर में ठुक जाओगे तुम'

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देख सकते हैं कि झमाझम हो रही बारिश के बीच वैभव सूर्यवंशी दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे हैं. उनके पहनावे से ऐसा लगा कि उन्हें ठंड भी लग रही थी. सूर्यवंशी आमतौर पर फोटो या वीडियो की गुजारिश को कभी मना नहीं करते, लेकिन इसके साथ ही वो चाहते हैं कि पैपराजी सतर्क रहें. उन्होंने सलाह देते हुए कहा- ''रील्स के चक्कर में ठुक जाओगे आप कभी''.

वैभव को नहीं मिल रही प्लेइंग इलेवन में जगह

आईपीएल के लगातार दो सीजन में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद वैभव सूर्यवंशी के लिए भारत की T20I टीम का दरवाजा तो खुल गया, लेकिन प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए वो संघर्ष कर रहे हैं. पहले आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में उन्हें मौका नहीं दिया गया और अब घर पर भी उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है.

वेस्टइंडीज के खिलाफ अभी तक 4 टी20 मैच हुए हैं और इन सभी मैचों में वैभव बेंच पर बैठना पड़ा है. हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर बतौर ओपनर अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पर भरोसा जता रहे हैं. 5 मैचों की सीरीज 2-2 की बराबरी पर है. देखना दिलचस्प होगा कि बेंगलुरु में शनिवार को होने वाले आखिरी और निर्णायक मुकाबले में वैभव को मौका मिलता है या नहीं.

यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप की ये कैसी तैयारी? पूरी तरह फिट हैं बुमराह, फिर भी न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से रहेंगे बाहर!
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES