App

वर्ल्ड कप की ये कैसी तैयारी? पूरी तरह फिट हैं बुमराह, फिर भी न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से रहेंगे बाहर!

India Tour of New Zealand: न्यूजीलैंड में टीम इंडिया 5 टी20 मैच, 5 ODI और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी. स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को सिर्फ टेस्ट में उतारने की प्लानिंग है. बड़ा सवाल ये है कि बुमराह को आराम देने से वर्ल्ड कप की तैयारी कैसे होगी?

वर्ल्ड कप की ये कैसी तैयारी? पूरी तरह फिट हैं बुमराह, फिर भी न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI सीरीज से रहेंगे बाहर!
Image Credit: BCCI/X

India Tour of New Zealand: न्यूजीलैंड में टीम इंडिया का क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में कड़ा इम्तिहान होने वाला है. कीवी देश में भारत 5 टी20 मैच, 5 ODI और 2 टेस्ट खेलने वाला है, जिसका आगाज 22 अक्टूबर से होगा. पहले T20I सीरीज खेली जाएगी, उसके बाद वनडे मुकाबले होंगे और फिर टेस्ट की चुनौती होगी. इस दौरे पर स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का अहम रोल रहेगा, लेकिन उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें एकदिवसीय सीरीज से बाहर रखा जा सकता है. बड़ा सवाल ये है कि अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिहाज से देखें तो क्या ये फैसला सही है?

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, टीम मैनेजमेंट चाहता है कि टेस्ट सीरीज से पहले बुमराह, इंडिया A और न्यूजीलैंड A के बीच होने वाला तीसरा और आखिरी अनौपचारिक टेस्ट खेलें, ताकि धीरे-धीरे उनका वर्कलोड बढ़ाया जा सके. सीरीज का तीसरा मैच 7 नवंबर से शुरू होगा. न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज 9 नवंबर से वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में शुरू होने वाली है.

न्यूजीलैंड के खिलाफ ODI नहीं खेलेंगे बुमराह?

इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे वनडे में घुटने में चोट लगने के कारण, बुमराह श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज नहीं खेल पाए थे. टीम मैनेजमेंट की योजना बुमराह को उन वनडे सीरीज में न उतारने की है, जो 2027 में भारत में होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले खेली जाएंगी.

रिपोर्ट के अनुसार सूत्र ने बताया कि यह योजना सिर्फ न्यूजीलैंड के लिए ही नहीं है, बल्कि अगले साल होने वाली BGT (बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी) को लेकर भी बातचीत चल रही है. कम अहमियत वाली द्विपक्षीय सीरीज में बुमराह को उतारकर उन्हें बर्बाद करने का कोई मतलब नहीं है. अभी पूरा ध्यान WTC (वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप) पर है, और सारी ऊर्जा उसी की तैयारी में लगाई जाएगी.

वर्ल्ड कप की ये कैसी तैयारी?

एक तरफ टीम इंडिया अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी है. दूसरी ओर बुमराह को ODI से दूर रखने का प्लान बनाया जा रहा है, ताकि वो टेस्ट के लिए पूरी तरह से फिट रहें. बुमराह को घर पर होने वाली एकदिवसीय शृंखला में रेस्ट देने की बात तो समझ आती है, लेकिन न्यूजीलैंड में उन्हें नहीं उतारने की प्लानिंग थोड़ा समझ से बाहर है.

बुमराह के बिना भारतीय गेंदबाजी उतनी धारधार नहीं नजर आती है. मौजूदा स्थिति को देखें तो अभी तक ये बताना मुश्किल है कि वर्ल्ड कप 2027 में भारत का पेस अटैक क्या होगा? ऐसे में अगर बुमराह भी इस फॉर्मेट से दूर रहते हैं तो इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ सकता है. ये भी देखना जरूरी है कि बुमराह के रहते हुए बाकी गेंदबाज कैसा प्रदर्शन करते हैं. ऐसे में चयनकर्ताओं के लिए वर्ल्ड कप के लिए तेज गेंदबाजों का चयन करना थोड़ा आसान हो सकता है.

T20I में बुमराह की वापसी

न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए, भारत ने भुवनेश्वर कुमार के अनुभव पर भरोसा जताया है और लगभग चार साल बाद उन्हें वापस T20I टीम में शामिल किया है. शुभमन गिल को यह जानकर खुशी होगी कि बुमराह फिट हैं और आगामी टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध हैं, जो उनके लिए WTC फाइनल की दौड़ में वापसी करने का एक मौका हो सकता है, लेकिन उन्हें इस बात की निराशा होगी कि वनडे सीरीज में वे इस तेज गेंदबाज की सेवाएं नहीं ले पाएंगे.

पहला मैच: 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
दूसरा मैच: 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च
तीसरा मैच: 27 अक्टूबर, वेलिंगटन
चौथा मैच: 30 अक्टूबर, ऑकलैंड
पांचवां मैच: 01 नवंबर, हैमिल्टन

5 ODI मैचों का शेड्यूल

पहला मैच: 4 नवंबर, ऑकलैंड
दूसरा मैच: 7 नवंबर, वेलिंगटन
तीसरा मैच: 10 नवंबर, हैमिल्टन
चौथा मैच: 13 नवंबर, माउंट मौंगानुई
पांचवां मैच: 15 नवंबर, माउंट मौंगानुई

2 टेस्ट मैचों का शेड्यूल

पहला टेस्ट: 19-23 नवंबर, वेलिंगटन
दूसरा टेस्ट: 27-01 दिसंबर, क्राइस्टचर्च

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो