App

पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत का तुरंत मिला इनाम: रातोंरात बदली मोहित उल्वा की जिंदगी, सीनियर टी20 टीम में मिली एंट्री

मोहित उल्वा ने शानदार प्रदर्शन करके अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली. उन्होंने टीम इंडिया को नौवीं बार चैंपियन बना दिया. मोहित ने मैच की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर फाइनल को फिनिश किया.

पाकिस्तान पर ऐतिहासिक जीत का तुरंत मिला इनाम: रातोंरात बदली मोहित उल्वा की जिंदगी, सीनियर टी20 टीम में मिली एंट्री
Image Credit: मोहित उल्वा. ACC

भारत ने अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर टूर्नामेंट को जीत लिया. ओमान के अल अमरात में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में नौ विकेट पर 337 रन बनाए. भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 339 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया. मोहित उल्वा 10वें नंबर बैटिंग के लिए उतरे और 26 गेंद पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे. टीम इंडिया को जीत के लिए आखिरी गेंद पर तीन रन बनाने थे. मोहित ने चौका लगाकर मैच को खत्म किया.

इस जीत के कुछ घंटों बाद ही मोहित के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है. उनकी एंट्री डायरेक्ट सीनियर टीम में हो गई है. मोहित को सौराष्ट्र की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टीम में शामिल किया गया है. 18 साल के इस खिलाड़ी को इंदौर में टीम से जुड़ने के लिए कहा गया है. सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन (एससीए) ने मोहित को चल रहे घरेलू टी20 टूर्नामेंट के लिए अपनी टीम में शामिल करने का फैसला किया है और शनिवार को ओमान में हुए फाइनल में उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम दिया है.

 

 

एससीए के अध्यक्ष ने क्या कहा?

एससीए अध्यक्ष जयदेव शाह ने इस फैसले की पुष्टि कर दी है. उन्होंने हाई-प्रेशर मैच में हिम्मत और धैर्य दिखाने के लिए युवा खिलाड़ी की तारीफ की. जयदेव शाह ने क्रिकबज से बातचीत में कहा, ''मोहित ने हिम्मत और लड़ने की भावना का शानदार प्रदर्शन किया. एससीए ने उन्हें सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी स्क्वॉड में शामिल करने का फैसला किया है. हमने उसे सीधे इंदौर जाकर सौराष्ट्र स्क्वॉड में शामिल होने के लिए कहा है. वह बहुत प्रतिभाशाली लड़का है और राजकोट के पास सुरेंद्रनगर के एक साधारण परिवार से है. वह राजकोट में रहता है. हम हमेशा युवाओं को बढ़ावा देने की कोशिश करते हैं और हमने फैसला किया है कि वह टीम के लिए एक अच्छा खिलाड़ी होगा.''

मोहित और मनल की जोरदार पारी

भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 252 रनों पर आठ विकेट गंवा चुकी थी. यहां से मनल चौहान और मोहित उल्वा ने पारी को संभाला. दोनों ने नौवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी कर ली. मनल ने 32 गेंद पर 47 रन बनाए. वह जब आउट हुए, उस समय भारत को जीत के लिए 29 रनों की आवश्यकता थी. सी वेंकट ने मोहित के साथ मिलकर मैच को फिनिश कर दिया. उन्होंने आठ गेंद पर नाबाद 11 रन बनाए. आखिरी ओवर में लेग स्पिनर अहमद हुसैन का सामना करते हुए दबाव में मोहित ने अपनी प्रतिभा दिखाई. उन्होंने आखिरी गेंद पर आगे बढ़कर लॉन्ग ऑफ के फील्डर को छकाते हुए चौका मारकर मैच में टीम को जीत दिला दी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो