App

पाकिस्तान फतेह की कहानी: 41.3 ओवर तक हार की कगार पर था भारत, मनल चौहान और मोहित उल्वा ने जबड़े से छीन ली जीत

भारत ने पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप को जीत लिया. मनल और मोहित ने नौवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी करके टीम को जीत दिलाई. इस मैच में जीत की एनालिसिस स्टोरी.

पाकिस्तान फतेह की कहानी: 41.3 ओवर तक हार की कगार पर था भारत, मनल चौहान और मोहित उल्वा ने जबड़े से छीन ली जीत
Image Credit: मोहित उल्वा और मनल चौहान. BCCI

पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम की जीत किसी भी खेल में स्पेशल होती है. भारत की सीनियर महिला और पुरुष क्रिकेट टीम से लेकर हॉकी और फुटबॉल टीमों ने भी उसे हाल के समय में पटखनी दी है. सीनियर टीम की जीत तो पहले से लगभग तय सी होती है, लेकिन शनिवार (14 नवंबर) को अंडर-19 पुरुष क्रिकेट टीम ने जो ऐतिहासिक करनामा करके दिखाया है, उसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा. एशिया कप के फाइनल में टीम इंडिया ने नौ विकेट गंवाने के बाद आखिरी गेंद पर जीत हासिल करके खिताब अपने नाम कर लिया.

338 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया एक समय 252 रन पर आठ विकेट गंवा चुकी थी. यहां से मनल चौहान और मोहित उल्वा ने यादगार साझेदारी की. दोनों ने पाकिस्तान के खिलाफ काउंटर अटैक किया और टीम इंडिया को जीत दिला दी. मनल के आउट होने के बाद मोहित ने मोर्चा संभाला और चिगुरुपति वेंकट के साथ टीम इंडिया को जीत दिला दी. हार के कगार पर खड़ी टीम इंडिया ने अचानक से पाकिस्तानियों के वक्त और जज्बात दोनों बदल दिए.

 

 

'आउट ऑफ सिलेबस' आ गए मनल और मोहित

मनल थोड़ी बहुत बल्लेबाजी कर लेते हैं, लेकिन मोहित विशुद्ध तेज गेंदबाज के रूप में खेलते हैं. पाकिस्तानी टीम के लिए दोनों 'आउट ऑफ सिलेबस' आ गए. आठ विकेट गिर जाने के बाद भारत दबाव में आ गया था. बाएं हाथ के बल्लेबाज मनल ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और दूसरे छोर पर मोहित को संभलकर खेलने को कहा. मनल ने मैदान के चारों ओर पाकिस्तानियों को दौड़ाया. उनके काउंटर अटैक से पाकिस्तानी कप्तान फरहान यूसुफ की सारी प्लानिंग धरी की धरी रह गई. उन्हें अपने प्रमुख गेंदबाजों को जल्दी ही अटैक पर लाना पड़ा. मनल और मोहित उनके सामने डरे नहीं. गेंद को उसकी मेरिट के हिसाब से खेला और टीम के लिए रन बटोरे.

 

 

फैंस की बढ़ गई थीं धड़कनें

मनल जब आउट हुए तो टीम इंडिया का स्कोर 47.2 ओवर में नौ विकेट पर 309 रन हो गया. भारत को जीत के लिए 16 गेंद पर 29 रन बनाने थे. मनल 47 रन बनाकर आउट हुए और उन्होंने मोहित के साथ नौवें विकेट के लिए 35 गेंद पर 57 रनों की साझेदारी की. उनके बाद क्रीज पर वेंकट आए और उन्होंने किसी तरह अपने विकेट को बचाए रखा. वेंकट के स्ट्राइक पर होते ही भारतीय टीम और फैंस की धड़कनें तेज हो जाती थीं. वह किसी तरह गेंद को रोक ले रहे थे. यहां तक कि वेंकट ने आठ गेंदों में नाबाद 11 रन बना लिए. उन्होंने दो चौके भी लगाए. वह आखिर तक मोहित के साथ टिके रहे और जीत दिलाकर ही वापस लौटे.

मोहित ने दिखाई गजब की मानसिकता

एक बल्लेबाज के लिए मैच के इन मुश्किल परिस्थितियों में खुद को संयम में रखना काफी मुश्किल होता है और मोहित तो गेंदबाज थे. उन्होंने ऐसा बिल्कुल भी अनुभव नहीं होने दिया कि उन्हें बल्लेबाजी नहीं आती. मोहित ने डटकर पाकिस्तानियों का सामना किया और खराब गेंदों को बाउंड्री के पार पहुंचाया. आखिरी गेंद पर टीम इंडिया को जीत के लिए तीन रन चाहिए थे तो लोगों को लगा कि मोहित दो रन देकर किसी तरह मैच को सुपर ओवर में पहुंचाने की सोच सकते हैं. उन्होंने ऐसा नहीं होने दिया और आगे बढ़कर गेंद को लॉन्ग ऑफ बाउंड्री के बाहर भेजकर टीम को चैंपियन बना दिया. वह 26 गेंद पर 49 रन बनाकर नाबाद रहे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More