)
जिस अमेरिका को दुनिया सुपरपावर कहती है, वहां के आसमान में 14 नवंबर को आपातकाल लग गया. 4 घंटे से ज्यादा समय तक 4000 से ज्यादा विमान अमेरिका के आसमान में अटके रहे. समझ रहे हैं आप. 4000 से ज्यादा विमान चाहकर भी लैंड नहीं कर पा रहे थे. लाखों यात्री हजारों फीट ऊपर हवा में डरे-सहमे और फंसे हुए थे. यूएस में करीब साढ़े 4 घंटे तक हवाई इमरजेंसी घोषित कर दी गई. साढ़े चार घंटे तक अमेरिका के किसी भी एयरपोर्ट से किसी भी विमान ने उड़ान नहीं भरी.
अमेरिका में आखिरी बार ऐसी हवाई इमरजेंसी.. 9/11 आतंकी हमले के दौरान लगी थी. इसलिए इस घटना की गंभीरता आप समझ सकते हैं. आज आपको जानना चाहिए, आखिर अमेरिका इन दिनों एयरप्लेन मोड में क्यों चल रहा है? सबसे पहले आपको ये समझना चाहिए कि हम इसे अमेरिकी विमानों का एयरप्लेन मोड या फ्लाइट मोड क्यों कह रहे हैं...
#DNAमित्रों | अमेरिका में 9/11 जैसी 'हवाई इमरजेंसी' क्यों? 4000 विमान..4 घंटे तक हवा में क्यों अटके? क्या अमेरिका 'Aeroplane मोड' में चल रहा? #DNA #DNAWithRahulSinha #America #Flight #ATC @rahulsinhatv https://t.co/xsCS8r5nff
— Zee News (@ZeeNews) November 14, 2026
दरअसल, आपके फोन की सेटिंग में एक मोड होता है. Aeroplane Mode.. इसे आम बोलचाल की भाषा में फ्लाइट मोड कहा जाता है. इसे एक्टिवेट करने पर फोन में कोई नेटवर्क नहीं आता है.. न कॉल आती है, न मैसेज, न ही इंटरनेट चलता है. इसी तरह से कल अमेरिका के सारे एयरपोर्ट्स पर फ्लाइट मोड एक्टिवेट हो गया. सवाल है, अमेरिका के एयरपोर्ट्स पर नेटवर्क की ऐसी कौन सी दिक्कत पैदा हुई कि करीब साढ़े चार घंटे तक अमेरिका में एक भी फ्लाइट उड़ान नहीं भर पाई?
कल अमेरिका के Federal Aviation Administration यानी FAA ने देशभर के एयरपोर्ट्स पर एक आदेश जारी किया. आदेश में लिखा था.. NATIONAL GROUND STOP... तीन शब्दों के इस मैसेज का मतलब साफ था.. अमेरिका के सभी एयरपोर्ट्स से नई उड़ानें टेकऑफ नहीं करेंगी, जो विमान पहले से हवा में थे, किसी भी तरह उनकी सुरक्षित लैंडिंग करवाई जाए. आने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी या तो उनके निर्धारित एयरपोर्ट तक पहुंचाया जाए या फिर उन्हें डायवर्ट करके जल्द से जल्द लैंड करवाया जाए.. ये सुनने में जितना आसान लग रहा है उससे कहीं ज्यादा जटिल था..
क्योंकि जब ये आदेश जारी हुआ उस वक्त 4,042 से ज्यादा विमान अमेरिकी एयरस्पेस में उड़ रहे थे.. इसमें से 3,215 विमानों को उनके निर्धारित एयरपोर्ट पर लैंड करवाया गया. 670 विमानों को अपने शुरुआती एयरपोर्ट पर वापस भेज दिया गया और 157 विमानों को दूसरे एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया. इसके अलावा 6,000 उड़ानें रद्द की गईं.. 8600 फ्लाइट्स देरी से उड़ीं और इस फ्लाइट इमरजेंसी का असर 15 लाख से ज्यादा लोगों पर पड़ा.
न्यूयॉर्क से लेकर वाशिंगटन... शिकागो से लेकर बोस्टन और सैन फ्रांसिस्को से लेकर कैलिफोर्निया.. अमेरिका के हर बड़े हवाई अड्डे पर अफरातफरी मच गई. लोगों को पहले फ्लाइट्स डिले होने की खबर मिली और फिर एक के बाद एक फ्लाइट्स कैंसल होने लग गईं.
जैसा कि हमने आपसे कहा, अमेरिका में आखिरी बार ऐसी एयर इमरजेंसी नौ-ग्यारह हमले के बाद हुई थी, तब ट्विन टावर्स पर हमले के बाद अमेरिका में सभी फ्लाइट्स को कैंसल कर दिया गया था. लेकिन 25 साल बाद एक बार फिर उसी तरह की स्थिति देख लोगों के मन में कई सवाल उठने लगे..
ये सवाल पूछे जाने लगे कि क्या अमेरिका पर कोई हमला हुआ है.. सोशल मीडिया पर लोग ये पूछने लगे कि क्या अमेरिका पर कोई साइबर अटैक हुआ है. साथ ही ये भी अंदेशा जताया जाने लगा कि क्या ये स्थिति माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर डाउन होने का नतीजा है, इसीलिए सबसे पहले अमेरिकी एजेंसियों ने स्थिति साफ की.. यहां कथित सुपरपावर अमेरिका के एविएशन सेक्टर की सबसे बड़ी कमजोरी दुनिया के सामने आ गई..
साढ़े चार घंटों तक अमेरिका के आसमान में एक भी विमान ने उड़ान नहीं भरी. साढ़े चार घंटों तक एक भी विमान का उड़ान नहीं भरना कोई आम घटना नहीं है, क्योंकि इससे पूरा देश मानो थम सा गया. कोई अपने घर नहीं जा पाया तो कोई अपने दफ्तर नहीं जा पाया. कोई किसी जरूरी मीटिंग में नहीं पहुंच पाया तो कोई अपने इलाज के लिए दूसरे शहर समय पर नहीं पहुंच पाया. इससे लोगों को परेशानी तो हुई है लेकिन इससे अमेरिका को बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान भी हुआ है.
अगर देरी से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स से नुकसान का अंदाजा लगाया जाए तो करीब 500 करोड़ का नुकसान हो गया. फ्लाइट मिस होने की वजह से यात्रियों को करीब 660 करोड़ का नुकसान हो गया.. यानी कुल मिलाकर इस एयर इमरजेंसी ने 1160 करोड़ का नुकसान करवा दिया. अमेरिका में जो एयर इमरजेंसी दोपहर साढ़े तीन बजे शुरू हुई, उसे ठीक करने में आठ बजे तक का वक्त लग गया. अमेरिका के एयर ट्रैफिक के नेटवर्क को तो ठीक कर लिया गया है. फ्लाइट कैंसल और डिले होने की वजह से कई यात्री अभी भी एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं.