)
दिल्ली दंगों के आरोपी शरजील इमाम को लेकर अमेरिकी आयोग (USCIRF) ने बेतुका दावा किया है. आयोग ने शरजील को 'धार्मिक आजादी की वकालत करने वाला' बताकर उसकी गिरफ्तारी पर सवाल खड़े किए. अब इस पर अमेरिका में भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने जोरदार पलटवार किया है. उन्होंने दो टूक कहा कि भारतीय नागरिकों के अधिकारों पर बोलने का आयोग को कोई हक नहीं है. राजदूत ने आयोग को नसीहत दी कि दूसरों को ज्ञान देने के बजाय पहले वह अपने गिरेबान में झांके.
विनय मोहन क्वात्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट कर आयोग के दावों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने USCIRF पर धार्मिक आजादी और समान अधिकारों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को लेकर पक्षपातपूर्ण और बिना पूरी जानकारी के कमेंट करने का आरोप लगाया है.
Sharjeel Imam is a Muslim man detained in India for his religious freedom advocacy. Read his profile: https://t.co/Cj44GwlIj0 https://t.co/vyRTmG70Wf
— USCIRF (@USCIRF) November 13, 2026
क्वात्रा ने पोस्ट में लिखा, 'भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर फैसला सुनाने का USCIRF को कोई अधिकार नहीं है. इसके आदतन पक्षपातपूर्ण, आधी-अधूरी जानकारी वाले और पूर्वाग्रह से ग्रसित आकलन, सभी धर्मों के प्रति धार्मिक स्वतंत्रता और समान अधिकारों की भारत की संवैधानिक प्रतिबद्धता को कम नहीं कर सकते.'
भारतीय राजदूत ने आगे लिखा, 'USCIRF के एजेंडा-संचालित और पक्षपातपूर्ण नैरेटिव को धता बताते हुए भारत लगातार तरक्की कर रहा है. जिस तरह की आजादी USCIRF खुद ले लेता है, उसी का इस्तेमाल करते हुए एक सलाह है: अपने खुद के पूर्वाग्रहों पर आत्ममंथन करें और दूसरों को उपदेश देना बंद करें.'
बता दें कि USCIRF की स्थापना अमेरिकी सरकार ने 1998 में 'इंटरनेशनल रिलीजियस फ्रीडम एक्ट' लागू होने के बाद की थी. हालांकि, इस आयोग की सिफारिशों को मानना अमेरिकी विदेश विभाग (US State Department) के लिए जरूरी नहीं है.
एजेंसी ANI के मुताबिक, पूर्व छात्र कार्यकर्ता शरजील इमाम को जनवरी 2020 में गिरफ्तार किया गया था. यह गिरफ्तारी दिसंबर 2019 और जनवरी 2020 में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी थी. जांच एजेंसियों का आरोप है कि उसने भड़काऊ भाषण दिए, जिनसे सांप्रदायिक हिंसा भड़की. इसके बाद अगस्त 2020 में उस पर FIR 59/2020 के तहत आरोप तय किए गए.
यह मामला फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों की बड़ी साजिश से जुड़ा है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इसकी जांच कर रही है, जिसमें IPC और UAPA की गंभीर धाराएं लगाई गई हैं. इन आरोपों में दंगा भड़काना, हत्या, दुश्मनी फैलाना, गैरकानूनी गतिविधियां और आतंकी साजिश जैसे मामले शामिल हैं.