)
बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया के कदवा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम अपराधियों ने पूर्व मुखिया अजय सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. यह वारदात पकड़वासा और कासिमपुर गांव के बीच शाम करीब 4:30 बजे हुई. इस दौरान बदमाशों ने अजय सिंह को निशाना बनाते हुए चार गोलियां मारीं. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया.
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व मुखिया अजय सिंह एक ग्रामीण के घर से प्रसाद लेकर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी. हमले के दौरान अपराधियों ने लगातार गोलियां चलाईं, जिससे अजय सिंह को चार गोलियां लग गईं. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से भागने लगे. गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े. इसी दौरान ग्रामीणों ने भाग रहे दो आरोपितों को खदेड़कर पकड़ लिया.
ग्रामीणों के हत्थे चढ़े दोनों आरोपितों की पहचान मोहन सिंह और आशीष कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस फिलहाल दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हमले के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस की जांच के बाद ही फायरिंग की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.
इस घटना को 13 अक्टूबर को हुई एक अन्य हत्या से जोड़कर भी देखा जा रहा है. इससे पहले खोखा सिंह के बेटे ज्योतिष की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. अब पूर्व मुखिया अजय सिंह पर हुए जानलेवा हमले के बाद इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. पुलिस दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की जांच कर रही है. फिलहाल घायल अजय सिंह का इलाज बेगूसराय में कराया जा रहा है. वहीं, कदवा थाना पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: जी मीडिया