)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सेलेक्शन कमिटी ने बुधवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज, T20I सीरीज और ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम की घोषणा कर दी है. इसके अलावा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जापान के खिलाफ 22 सितंबर को सानो में होने वाले एकमात्र T20I मैच और एशियन गेम्स 2026 की टीम में भी बड़े बदलाव किए हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से शुरू होने वाली ODI सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान होते ही कई बड़े नामों को लेकर तस्वीर साफ हो गई है.
रोहित शर्मा और विराट कोहली ने वनडे टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है, जबकि शुभमन गिल की कप्तानी में केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है. वहीं, पंजाब के ऑलराउंडर नमन धीर और जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय सीनियर ODI टीम में शामिल किया गया है. रोहित के वनडे भविष्य को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा चल रही थी, लेकिन सेलेक्टर्स ने उन्हें टीम में बनाए रखा है. रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में शानदार शतक (138 रन) भी लगाया था. विराट भी टीम का हिस्सा बने हुए हैं. आइए 10 पॉइंट्स में समझते हैं, सेलेक्शन की बड़ी बातें क्या रहीं.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को 'हिटमैन' रोहित शर्मा के टैलेंट और अनुभव पर पूरा भरोसा है. वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए रोहित शर्मा का भारतीय टीम में सेलेक्शन इस बात का संकेत है कि वह भारत के लिए 2027 वर्ल्ड कप खेलने की रेस में बने हुए हैं. रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में कप्तान शुभमन गिल के साथ पारी की शुरुआत करेंगे, जबकि यशस्वी जायसवाल को रिजर्व ओपनर के तौर पर चुना गया है.
एशियन गेम्स 2026 में जब श्रेयस अय्यर टीम इंडिया की कप्तान कर रहे होंगे, तब वह वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज में उपलब्ध नहीं रह पाएंगे. ऐसे में श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में केएल राहुल को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए टीम इंडिया का उपकप्तान बनाया गया है.
पंजाब के ऑलराउंडर नमन धीर और जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय सीनियर ODI टीम में शामिल किया गया है. नमन धीर विस्फोटक बल्लेबाजी के अलावा ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. वहीं, आकिब नबी घातक तेज गेंदबाज हैं.
हार्दिक पांड्या को वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI टीम, टी20 इंटरनेशनल टीम और एशियन गेम्स 2026 की टीम से भी बाहर रखा गया है. हार्दिक पांड्या की कॉम्पिटीटिव क्रिकेट में वापसी 20 सितंबर से निर्धारित है. ODI टीम में वापसी से पहले सेलेक्टर्स यह देखना चाहते हैं कि वह 10 ओवर गेंदबाजी करने की क्षमता हासिल कर चुके हैं या नहीं.
ऋषभ पंत को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की ODI और T20I टीम में मौका नहीं मिला है. ऐसी उम्मीद थी कि ऋषभ पंत को कम से कम वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज में तो मौका मिलेगा ही, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. सेलेक्टर्स ने ध्रुव जुरेल पर भरोसा दिखाया है. ध्रुव जुरेल को वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज के लिए बैकअप विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है. वहीं, ऋषभ पंत को वेस्टइंडीज के खिलाफ T20I सीरीज से भी बाहर रखा गया है.
अनुभवी लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की लगभग 8 महीने बाद भारत की ODI टीम में वापसी हुई है. रवींद्र जडेजा ने भारत के लिए अपना पिछला ODI मैच 18 जनवरी 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में खेला था.
ऋतुराज गायकवाड़ को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है. श्रेयस अय्यर एशियन गेम्स 2026 में भारत की टी20 टीम की कप्तानी करेंगे. ऐसे में ODI टीम में उनकी गैरमौजूदगी के दौरान ऋतुराज गायकवाड़ के नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने की उम्मीद है.
एशियन गेम्स 2026 टूर्नामेंट और जापान के खिलाफ एकमात्र T20I मैच के लिए चोटिल वरुण चक्रवर्ती की जगह विपराज निगम को पहली बार भारत की T20I टीम में शामिल किया गया है. 22 साल के विपराज निगम एक स्पिन ऑलराउंडर हैं. वरुण चक्रवर्ती साइड स्ट्रेन के कारण एशियन गेम्स 2026 टूर्नामेंट और जापान के खिलाफ एकमात्र T20I मैच से बाहर हो गए हैं.
एशियन गेम्स 2026 के लिए चुने गए नीतीश कुमार रेड्डी को टीम से रिलीज कर दिया गया है. नीतीश कुमार रेड्डी अब एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने की बजाय वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली ODI सीरीज में खेलते नजर आएंगे.
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की ODI इंटरनेशनल सीरीज के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की भारत की ODI टीम में वापसी हुई है. मोहम्मद सिराज ने भारत के लिए अपना पिछला ODI मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 जनवरी 2026 को इंदौर में खेला था. वहीं, कुलदीप यादव को लंबे समय के बाद भारत की T20I टीम में शामिल किया गया है. कुलदीप यादव को वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 अक्टूबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की T20I सीरीज के लिए टीम इंडिया में मौका मिला है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की ODI टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान और विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर.
वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की T20I टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव.
ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम
ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), सनत सांगवान, शिखर मोहन, सुदीप घरामी, सरफराज खान (उपकप्तान), स्मरण रविचंद्रन, मानव सुथार, सारांश जैन, आकाश दीप, मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), आर्यन पांडे, अनुकूल रॉय, आयुष दोसेजा
जापान T20I और एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर, विपराज निगम.