App

आ गया स्वाद? सिराज को बाहर कर हवाई बातें कर रहे थे टीम इंडिया के बैटिंग कोच, न्यूजीलैंड ने दिया गहरा चोट

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज का नाम नहीं होने से फैंस को झटका लगा था. तब बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने भरोसा दिलाया कि हमनें सही टीम का चयन किया है और सिराज को बाहर करने का फैसला गलत नहीं है.

आ गया स्वाद? सिराज को बाहर कर हवाई बातें कर रहे थे टीम इंडिया के बैटिंग कोच, न्यूजीलैंड ने दिया गहरा चोट
Image Credit: सिराज को बाहर कर हवाई बातें कर रहे थे टीम इंडिया के बैटिंग कोच, न्यूजीलैंड ने दिया गहरा चोट (AI Graphic)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुआ. 720 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद टीम इंडिया ये मैच जीत नहीं सकी. बल्लेबाजों ने तो अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई, लेकिन गेंदबाजों ने बेड़ा गर्क कर दिया. मैच में पिछड़ने के बावजूद न्यूजीलैंड ने पलटवार किया और दूसरी पारी में डटकर 120 ओवरों का सामना किया और सिर्फ 5 विकेट गंवाए. आखिरी दिन भारतीय बोलर्स विकेट के लिए तरस गए. फैंस को मोहम्मद सिराज की याद आई, जिन्हें इस टेस्ट में मौका ही नहीं मिला.

मोहम्मद सिराज को इस टेस्ट से बाहर करने का फैसला ज्यादातर लोगों के लिए हैरान करने वाला था. पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने भी इस फैसले की आलोचना की थी. हालांकि, टीम इंडिया मैनजमेंट की सोच अलग थी. बैटिंग कोच सितांशु कोटक तो टेस्ट मैच के पहले दिन ही बड़ी-बड़ी बातें करने लगे थे. उन्होंने साफ-साफ कहा कि सिराज को बाहर करने का फैसला गलत नहीं है.

बैटिंग कोच ने क्या कहा था?

वेलिंगटन टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने के बाद टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए थे. जब सिराज को बाहर करने के पीछे की वजह पूछी गई तो उन्होंने हैरतअंगेज बयान दिया. उन्होंने कहा,

''सिराज के साथ कोई दिक्कत नहीं है. जब हमने टीम चुनी थी, तो हमें लगा कि यही सबसे अच्छी प्लेइंग इलेवन है. मुझे नहीं लगता कि सिराज को बाहर बैठाना कोई गलत फैसला था. यह तो बस पहला दिन है। हम टीम सिर्फ पहले दिन के लिए नहीं चुनते, बल्कि दूसरे, तीसरे और चौथे दिन के लिए भी चुनते हैं.''

आखिरी दिन खली सिराज की कमी

पहले टेस्ट के आखिरी दिन जब डेरेल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स क्रीज पर खूंटा गाड़े हुए थे, तब स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की खूब कमी खली. कप्तान शुभमन गिल को भी सिराज की याद जरूर आई होगी, क्योंकि पिछले साल इंग्लैंड में इसी तेज गेंदबाज ने भारत की लाज बचाई थी. लंदन के ओवल मैदान पर खेले गए आखिरी टेस्ट में सिराज ने पंजा खोलकर मैच का पासा पलटा था और भारत को यादगार जीत दिलाई थी. वो उस टेस्ट में 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी बने थे.

हालांकि, टीम इंडिया मैनेजमेंट की नजर में सिराज अब फर्स्ट चॉइस ऑप्शन नहीं रहे. वेलिंगटन में टीम इंडिया 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरी, लेकिन उसमें सिराज का नाम नहीं था. आखिरी दिन जब अंशुल कंबोज, आकाशदीप और प्रसिद्ध कृष्णा विकेट के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब सिराज की कमी खली, जो ऐसी स्थिति में विकेट दिलाने में माहिर माने जाते हैं. उन्होंने अपने करियर में कई बार ये कारनामा किया है. वो कहीं ना कहीं से एक विकेट ढूंढ ही लेते हैं.

WTC 2025-27 साइकिल में सिराज का प्रदर्शन

सिराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर करने का फैसला समझ से परे इसलिए भी है, क्योंकि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा सत्र में वो भारत की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. स्टार पेसर जसप्रीत बुमराह भी उनसे पीछे हैं. सिराज ने अब तक इस सत्र में 11 टेस्ट में 26.81 की औसत से 43 विकेट चटकाए हैं. WTC 2025-27 साइकिल में अब तक सबसे अधिक विकेट लेने वालों की लिस्ट में सिराज चौथे नंबर पर हैं, जबकि बुमराह 10वें स्थान पर हैं.

WTC 2025-27 में सबसे अधिक विकेट लेने वाले 10 गेंदबाज

रैंकगेंदबाजमैचविकेट
1मिचेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया)2573
2जोश टंग (इंग्लैंड)2464
3साइमन हार्मर (दक्षिण अफ्रीका)1650
4मोहम्मद सिराज (भारत)2143
5जोफ्रा आर्चर (इंग्लैंड)2041
6शमार जोसेफ (वेस्टइंडीज)1840
7मोहम्मद अब्बास (पाकिस्तान)1439
8बेन स्टोक्स (इंग्लैंड)2039
9जेडन सील्स (वेस्टइंडीज)2738
10जसप्रीत बुमराह (भारत)834


भारत के हाथ से कैसे फिसला मैच?

वेलिंगटन में खेले गए पहले टेस्ट में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. 70 रन पर 5 विकेट खोने के बाद कीवियों ने शानदार वापसी की. हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स के बीच 216 रनों की पार्टनरशिप हुई, जिसके दम पर न्यूजीलैंड ने 368 रन बनाए. निकोल्स ने 175 और फिलिप्स ने 118 रनों की पारी खेली.

इसके जवाब में भारत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. टॉप-7 विकेट के लिए 50 से अधिक रनों की साझेदारी हुई, जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है. केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शतक जड़ा, जबकि शुभमन गिल ने 98 रन, यशस्वी ने 85 रन, देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन और ध्रुव जुरेल ने 78 रनों का योगदान दिया. भारत ने 720 रनों का पहाड़ खड़ा किया, जो विदेशी जमीन पर उनका सबसे बड़ा स्कोर है. हालांकि, कहीं ना कहीं कप्तान शुभमन ने पारी घोषित करने में थोड़ी देर जरूर कर दी.

खैर, न्यूजीलैंड को दूसरी पारी में ऑलआउट करने के लिए भारतीय गेंदबाजों के पास पर्याप्त समय था. चौथे दिन के स्टंप्स तक कीवी टीम ने दो विकेट खो भी दिए. आखिरी दिन भारत को जीत के लिए 8 विकेट की दरकार थी. पहले सेशन में दो और दूसरे में एक विकेट मिली. इसके बाद मिचेल और फिलिप्स ने खूंटा गाड़ दिया और भारत के सभी गेंदबाज विकेट के लिए तरस गए. बुमराह भी कमाल नहीं दिखा सके. शायद सिराज होते तो बुमराह की ताकत भी दोगुनी हो जाती. मिचेल-फिलिप्स ने 43 ओवर तक बल्लेबाजी की और 63 रन जोड़े. इरादा मैच ड्रॉ करने का था, जिसमें दोनों कामयाब हुए.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More