351 रन... इतना बड़ा स्कोर फिर भी मिली हार! शुभमन गिल ने किसे माना जिम्मेदार? मैच के बाद खोला बड़ा राज
टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में हार के बाद अपनी टीम की कमियों को उजागर किया है. करारी हार के बाद भारतीय कप्तान ने बड़ा बयान दिया है.
टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ शनिवार को न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे और आखिरी वनडे इंटरनेशनल मैच में 10 गेंद बाकी रहते ही 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है. हालांकि भारत इस हार के बावजूद से 2-1 से ODI सीरीज जीतने में कामयाब रहा है. भारत ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 352 रनों का टारगेट रखा था. वेस्टइंडीज की टीम ने भारत के इस टारगेट को बौना साबित करते हुए 48.2 ओवर में 352 रन बनाकर 5 विकेट से जीत दर्ज कर ली. भारत के कप्तान शुभमन गिल इस मैच में अपनी टीम की बॉलिंग से खुश नहीं थे.
शुभमन गिल ने माना कि फील्डिंग और डेथ ओवरों में बॉलिंग ऐसी चीजें हैं, जिनमें तुरंत सुधार की जरूरत है. शुभमन गिल ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा, 'कई चीजें सही रहीं. मुझे लगता है कि अभी भी कुछ ऐसी चीजें हैं, जिनमें निश्चित रूप से सुधार की जरूरत है. मैं हमारे बनाए गए स्कोर (351 रन) से बहुत खुश था. मुझे लगता है कि खेल हमारे कंट्रोल में था, लेकिन आखिरी ओवरों में उन्होंने हमसे खेल छीन लिया. मुझे लगता है कि कभी-कभी हम पूरी तरह से साफ नहीं होते कि हम अटैक कर रहे हैं या डिफेंड, खासकर जब हम डेथ ओवरों में बॉलिंग कर रहे होते हैं.'
शुभमन गिल ने किसे माना जिम्मेदार?
शुभमन गिल ने कहा, 'ऐसे मैच में अगर विरोधी टीम के पांच या छह विकेट गिर चुके हों, तो आप कभी भी पूरी तरह से पक्का नहीं होते कि कौन सी फील्डिंग सेट करनी है, क्या हम बहुत जल्दी डेथ ओवर वाली बॉलिंग करने लगे हैं या अभी भी मिडिल ओवरों की तरह ही बॉलिंग कर रहे हैं. मुझे लगता है कि ये कुछ ऐसे एरिया हैं, जिनमें हमें निश्चित रूप से बेहतर होने की जरूरत है.' शुभमन गिल ने रिस्ट-स्पिनर कुलदीप यादव के बचे हुए ओवरों को रोके रखने के अपने फैसले के बारे में भी बताया. उन्होंने कहा कि गुरनूर बरार को चोट लगने के डर से उन्हें रणनीति के तहत देरी करनी पड़ी.
'मैं कुछ और बेहतर कर सकता था'
शुभमन गिल ने कहा, 'नहीं, असल में ऐसा नहीं था. हमें नहीं पता था कि गुरनूर क्रैम्प्स के बावजूद वापस आकर बॉलिंग कर पाएंगे या नहीं. इसलिए थोड़ी अनिश्चितता थी और हमें पता था कि मैच आखिर तक जाएगा. वह विकेट लेने वाले बॉलर हैं और मैं चाहता था कि उनके कुछ ओवर आखिर के लिए बचे रहें.' जेडेन सील्स के हाथों जल्दी आउट होने के बारे में बात करते हुए शुभमन गिल ने कहा, 'जब भी आप जल्दी आउट होते हैं तो हमेशा निराशा होती है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि आज उस गेंद पर मैं कुछ और बेहतर कर सकता था.'
गेंदबाजी में सुधार की जरूरत
नवंबर में न्यूजीलैंड में होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज समेत आने वाले मैचों के बारे में बात करते हुए शुभमन गिल ने कहा कि टीम को अपनी फील्डिंग का स्तर सुधारना होगा और आखिरी ओवरों में बॉलिंग करते समय बेहतर रणनीति बनानी होगी. शुभमन गिल ने कहा, 'मैं कहूंगा कि मैं काफी हद तक खुश हूं, लेकिन जैसा कि मैंने कहा, मुझे लगता है कि अभी भी कुछ कमियां हैं. हमारी फील्डिंग और बेहतर हो सकती थी. पूरी सीरीज में, मुझे लगता है कि हमने लगभग छह या सात कैच छोड़े, जो वर्ल्ड कप से पहले अच्छा संकेत नहीं है. आप चाहते हैं कि आपकी फील्डिंग बेहतरीन हो.'