SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

249 रन का पहाड़ भी भारत को नहीं बचा पाया, गावस्कर ने खोला गेंदबाजों का कच्चा चिट्ठा, कुलदीप पर साधा निशाना

भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी20 मैच में 249 रन बनाने के बावजूद टीम इंडिया को हार मिली. सुनील गावस्कर ने कुलदीप यादव को 17वां ओवर देने पर सवाल उठाए हैं.

Written By Tarun Verma
Published: Oct 10, 2026, 02:44 PM IST | Updated: Oct 17, 2026, 11:25 PM IST
Image Credit: Sunil Gavaskar
Join

भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में रनों की ऐसी बरसात हुई कि बल्लेबाजों के सामने गेंदबाज बेबस नजर आए. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 249 रन का स्कोर खड़ा किया और वेस्टइंडीज के सामने जीत के लिए 250 रनों का टारगेट रखा, लेकिन फिर भी श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया को 9 गेंद बाकी रहते 6 विकेट से हार मिली. वेस्टइंडीज ने 250 रनों का रिकॉर्ड लक्ष्य 19वें ओवर में ही हासिल कर लिया. भारत की ऐसी चौंकाने वाली हार के बाद पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया के बॉलिंग अटैक पर सवाल उठाए हैं.

सुनील गावस्कर का मानना है कि भारतीय बल्लेबाजों ने अपना काम बखूबी किया था. उनके मुताबिक, भारत का स्कोर 235 से 240 रन के आसपास रहने की उम्मीद थी, लेकिन टीम ने इससे भी ज्यादा रन बना दिए. ऐसे में बल्लेबाजों को हार के लिए जिम्मेदार ठहराना सही नहीं होगा. सुनील गावस्कर के मुताबिक भारतीय गेंदबाजों ने उस तरह गेंदबाजी नहीं की, जैसी उनसे उम्मीद थी. सुनील गावस्कर ने मांग उठाई कि भारत के बॉलिंग कोच से भारतीय गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन के बारे में सवाल पूछे जाने चाहिए.

ये भी पढ़ें- Analysis: एक T20I मैच में बने 501 रन, बल्लेबाजों ने उड़ाए 46 चौके और 33 छक्के, गेंदबाजों के लिए कब्रगाह बना रांची का मैदान

249 रन का पहाड़ भी भारत को नहीं बचा पाया

सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, 'मुझे लगा था कि कुछ शांत ओवरों के बाद भारत का स्कोर लगभग 235-240 होगा. भारत ने नौ रन ज्यादा बनाए. इसलिए, साफ है कि बल्लेबाजों को दोष नहीं दिया जा सकता. मुझे नहीं लगता कि वे उम्मीद के मुताबिक नहीं खेले. यह बिल्कुल साफ है कि गेंदबाजों ने उस तरह से गेंदबाजी नहीं की, जैसी उन्हें करनी चाहिए थी. असल में, यह जानना दिलचस्प होगा कि अगर कोई बॉलिंग कोच से पूछे कि उन्हें इन गेंदबाजों से क्या उम्मीद थी और क्या उन्होंने वैसा किया या नहीं.'

गावस्कर ने खोला गेंदबाजों का कच्चा चिट्ठा

इस मुकाबले में कुलदीप यादव का 17वां ओवर टीम इंडिया के लिए बेहद महंगा साबित हुआ. वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने इस ओवर में तीन छक्के और एक चौका जड़ा, जबकि एक अतिरिक्त रन वाइड से आया. कुलदीप यादव ने इस ओवर में कुल 24 रन खर्च कर दिए. कुलदीप यादव के इस ओवर के बाद मैच का पासा पलट गया और वेस्टइंडीज की टीम मैच जीतने की स्थिति में पहुंच गई. सुनील गावस्कर के मुताबिक मैच के इस निर्णायक मोड़ पर कुलदीप यादव की जगह अर्शदीप सिंह या मयंक यादव में से किसी एक को 17वां ओवर फेंकने की जिम्मेदारी दी जानी चाहिए थी.

ये भी पढ़ें- 250 रन भी नहीं बचा पाए श्रेयस अय्यर! वेस्टइंडीज ने कैसे छीन ली जीत? कप्तान का हार के बाद चौंकाने वाला जवाब

कुलदीप पर साधा निशाना

सुनील गावस्कर ने जियो स्टार पर बात करते हुए कहा, 'बिल्कुल. मैं 17वें ओवर में  कुलदीप यादव की जगह अर्शदीप या मयंक में से किसी एक को चुनता. हां, अर्शदीप ने अपने 18वें ओवर में काफी रन लुटाए, लेकिन मयंक ने शुरुआती झटके दिए थे.जो विकेट गिरे थे, उनमें से तीन मयंक ने लिए थे. उनका इकॉनमी रेट लगभग 12 रन प्रति ओवर था और उस समय वेस्टइंडीज को इससे ज्यादा की जरूरत थी. इसलिए, अगर उन्हें एक विकेट मिल जाता और कभी-कभी, जब खेल आपके पक्ष में चल रहा हो, तो कौन जाने, आपको विकेट मिल सकता था, भले ही वह कोई बहुत अच्छी गेंद न हो.'

शिवम दुबे को नौवां ओवर देना गावस्कर को नहीं आया पसंद

सुनील गावस्कर ने भारतीय टीम की गेंदबाजी रणनीति पर एक और सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि नौवें ओवर में शिवम दुबे को गेंद देना उस समय की परिस्थितियों के हिसाब से सही फैसला नहीं लगा. गावस्कर ने कहा, 'जब आपको एक बार विकेट मिल जाता है, तो अचानक विरोधी टीम बैकफुट पर आ जाती है. नए बल्लेबाज को आना पड़ता है. तो, मयंक यादव को आजमाया जा सकता था. मुझे लगता है कि उस नौवें ओवर में शिवम दुबे को गेंद देना उस समय की जरूरत के हिसाब से सही फैसला नहीं था.'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES