)
भारत और वेस्टइंडीज के बीच शुक्रवार को रांची के मैदान पर खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में दोनों ही टीमों के बल्लेबाजों ने मिलकर भयंकर और धुआंधार बैटिंग की. इस मैच में 500 रन का आंकड़ा पार हो गया. अगर हम इस टी20 इंटरनेशनल मैच के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 501 रन बने. भारत और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने मिलकर इस मैच में कुल 46 चौके और 33 छक्के उड़ाए. इस दौरान दोनों ही टीमों के गेंदबाज बेबस होकर सिर्फ आसमान ताकते ही रह गए. रांची का यह मैदान शुक्रवार को गेंदबाजों के लिए कब्रगाह बन गया.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच यह मैच इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज हो गया. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में यह किसी मुकाबले में दूसरा हाईएस्ट मैच एग्रीगेट (दोनों टीमों के स्कोर का कुल जोड़) स्कोर है. भारत ने टॉस हारकर इस मैच में पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट खोकर 249 रन बनाए.भारत की पारी में उसके बल्लेबाजों ने कुल 25 चौके और 13 छक्के लगाए. वहीं, जवाब में वेस्टइंडीज की टीम ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 252 रन ठोक डाले और 9 गेंद बाकी रहते ही भारतीय टीम को 6 विकेट से शिकस्त दे दी. कैरेबियाई बल्लेबाजों ने वेस्टइंडीज की पारी में कुल 21 चौके और 20 छक्के उड़ाए.
भारत और वेस्टइंडीज की पारियों को मिलाकर रांची T20I मैच में कुल 501 रन बने जिसमें 46 चौके और 33 छक्के शामिल रहे. अगर हम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में किसी एक मुकाबले में बने हाईएस्ट मैच एग्रीगेट (दोनों टीमों के स्कोर का कुल जोड़) स्कोर की बात करें तो 26 मार्च 2023 को खेला गया ऐतिहासिक टी20 इंटरनेशनल मैच जहन में आता है. साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच 26 मार्च 2023 को सेंचुरियन में तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया था. इस T20I मैच में कुल 517 रन बने. साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने मिलकर इस मैच में कुल 46 चौके और 35 गगनचुंबी छक्के जमाए थे.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ 26 मार्च 2023 को सेंचुरियन में खेले गए टी20 इंटरनेशनल मैच में वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 258 रन बनाए थे. वेस्टइंडीज के लिए जॉनसन चार्ल्स ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 46 गेंदों में 118 रन ठोक दिए. उन्होंने 256.52 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 10 चौके और 11 छक्के लगाए. उनके अलावा काइल मेयर्स ने 27 गेंदों में 51 रन बनाए. मेयर्स की इस पारी में 5 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. वहीं, रोमारियो शेफर्ड ने भी तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 18 गेंदों में 41 रन जड़ दिए. उन्होंने अपनी पारी में 1 चौका और 4 छक्के लगाए.
वेस्टइंडीज की पारी में कुल 17 चौके और 22 छक्के लगे. वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका के सामने 258 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया था. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इससे पहले कभी भी 259 रन का लक्ष्य हासिल नहीं किया गया था, लेकिन साउथ अफ्रीका ने इतिहास रच दिया. साउथ अफ्रीका ने 18.5 ओवर में 4 विकेट खोकर 259 रन जड़ दिए और वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हरा दिया. साउथ अफ्रीका ने इसी के साथ ही टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़े सफल रन चेज का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. साउथ अफ्रीका की पारी में उलके बल्लेबाजों ने 29 चौके और 13 छक्के लगाए.
साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज - 517 रन - सेंचुरियन (26 मार्च 2023)
भारत बनाम वेस्टइंडीज - 501 रन - रांची (9 अक्टूबर 2026)
भारत बनाम इंग्लैंड - 499 रन - मुंबई (5 मार्च 2026)
भारत बनाम न्यूजीलैंड - 496 रन - तिरुवनंतपुरम (31 जनवरी 2026)
भारत बनाम वेस्टइंडीज - 489 रन - लॉडरहिल (27 अगस्त 2016)