Most Catches in Test cricket as Fielder: साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने कमाल कर दिखाया है. उन्होंने डरबन में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली. इस बार बैटिंग नहीं बल्कि फील्डिंग में उनका जलवा देखने को मिला है. वह टेस्ट क्रिकेट में बतौर फील्डर एक बार फिर से सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी बन गए. स्मिथ ने इस मामले में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट को पीछे छोड़ दिया.
डरबन टेस्ट के तीसरे दिन साउथ अफ्रीका की पहली पारी में उन्होंने कप्तान तेम्बा बावुमा और डेविड बेडिंघम का कैच लिया. पैट कमिंस की गेंद पर बेडिंघम का कैच लेकर उन्होंने जो रूट को पीछे छोड़ा. साउथ अफ्रीका यह बल्लेबाज अर्धशतक पूरा नहीं कर पाया और 49 रन पर स्लिप में कैच देकर पवेलियन लौट गया. स्मिथ ने बाईं ओर डाइव लगाकर तेज कैच लपका.
Two incredible catches from Steve Smith has South Africa on the back foot early on day three 😲 #SAvAUS Live blog: https://t.co/hFfuHGM0fg https://t.co/sAEkbj26Ca
— cricket.com.au (@cricketcomau) October 11, 2026
पहले बावुमा, फिर बेडिंघम का कैच
स्मिथ ने इसके साथ अपनी कैच की संख्या 221 तक पहुंचा दी. उन्होंने जो रूट के 220 कैचों की संख्या को पार कर लिया. बेडिंघम से पहले स्मिथ ने बावुमा का कैच लिया था. यह उनका 220वां कैच था. ऑस्ट्रेलिया दिग्गज को रूट से आगे निकलने के लिए इस मैच में दो कैचों की दरकार थी. उन्होंने टेस्ट सीरीज में साउथ अफ्रीका की पहली पारी में ही यह उपलब्धि हासिल कर ली.
टेस्ट क्रिकेट में बतौर फील्डर सबसे ज्यादा कैच
221* - स्टीव स्मिथ
220 - जो रूट
210 - राहुल द्रविड़
205 - महेला जयवर्धने
200 - जैक्स कैलिस
196 - रिकी पोंटिंग
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में क्या हुआ?
सीरीज के पहले मैच में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया. ऑस्ट्रेलिया ने 390 रन बनाए. उसके लिए मैट रेनशॉ ने 190 रनों की पारी खेली. कमिंस ने 43 और मार्नस लाबुशेन ने 37 रन बनाए. साउथ अफ्रीका के लिए वियान मुल्डर ने 4 और मार्को यानसेन ने 3 विकेट लिए. एनरिच नॉर्खिया को 2 और सिमोन हार्मर को 1 सफलता मिली.