South Africa vs Australia Matt Renshaw: ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला डरबन में खेला जा रहा है. मैच के दूसरे दिन उन्होंने शानदार शतक लगाया. बाएं हाथ के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने 190 रनों की पारी खेलकर टीम को संकट से निकाला. उन्होंने शतक लगाकर भारत के महान बल्लेबाज विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया. रेनशॉ की सेंचुरी की बदौलत कंगारू टीम ने पहली पारी में 390 रन बनाए.
रेनशॉ ने अपने करियर की बेस्ट पारी खेली. उन्होंने 190 रन बनाकर टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया. रेनशॉ ने टेस्ट मैच की एक पारी में टेलएंडर्स (निचले क्रम के बल्लेबाज) के साथ मिलकर सबसे ज्यादा रन बनाए. इस मामले में उन्होंने विराट के 10 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त किया.
Matt RAN-THE SHOW 🔥🥵 #SAvAUS #Renshaw https://t.co/i43J9e24KO
— FanCode (@FanCode) October 10, 2026
190 में से 174 रन निचले क्रम के साथ बनाए
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में रेनशॉ ने 397 गेंदों का सामना किया. उन्होंने नंबर-8 से लेकर 11 तक के बल्लेबाजों के साथ बैटिंग की और अपने खाते में 174 रन जोड़े. उनकी पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया की टीम ने दूसरे दिन पहली पारी में 124/6 के स्कोर से आगे बढ़कर 390 रन तक पहुंचने में सफल हुई.
विराट ने इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था रिकॉर्ड
कोहली ने दिसंबर 2016 में एक अनोखा कीर्तिमान स्थापित किया था. उन्होंने निचले क्रम के साथ बल्लेबाजी की थी और अपने खाते में 171 रन जोड़े थे. कोहली ने तब इंग्लैंड के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 235 रन की पारी खेली थी.
रेनशॉ की पारी ऐसे बढ़ी
रेनशॉ ने कप्तान पैट कमिंस के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 191 गेंदों पर 86 रन की साझेदारी की थी. कमिंस ने 43 रनों का योगदान दिया था. इसके बाद उन्होंने आठवें विकेट के लिए मिचेल स्टार्क के साथ 20 रन जोड़े. स्टार्क ने 6 रन बनाए. नाथन लियोन ने रेनशॉ का बखूबी साथ दिया और दोनों ने नौवें विकेट के लिए 286 गेंदों पर 134 रनों की साझेदारी की. लियोन ने 27 रन बनाए. जोश हेजलवुड 5 रन बनाकर नाबाद रहे और रेनशॉ के साथ 10वे विकेट के लिए 26 रन जोड़े.
पहले दोहरे शतक से चूके
रेनशॉ ने निचले क्रम के साथ मिलकर टीम को संकट से निकाला और धीरे-धीरे दोहरे शतक के करीब पहुंचे. ऐसा लग रहा था कि वह अपने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक बना लेंगे, लेकिन 138वें ओवर की दूसरी गेंद पर अपनी एकाग्रता खो बैठे. स्पिनर सिमोन हार्मर की गेंद उनके बल्ले के बाहरी किनारे से लगकर स्लिप में एडेन मार्करम के पास चली गई. रेनशॉ 190 पर आउट हुए.