Afghanistan vs Bangladesh Hasan Mahmud hat-trick: बांग्लादेश और अफगानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट मैच अबू धाबी के शेख जाएद स्टेडियम में खेला जा रहा है. मैच के तीसरे दिन कुछ ऐसा देखने को मिला जो बांग्लादेश के टेस्ट इतिहास के 26 सालों में देखने को नहीं मिला था. बांग्लादेशी टीम ने साल 2000 में क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट में अपना पहला मैच खेला था. इतने सालों में उसके किसी भी तेज गेंदबाज ने टेस्ट में हैट्रिक विकेट लेने का कारनामा करके नहीं दिखाया था. अब हसन महमूद ने इतिहास रच दिया.
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने रविवार (11 अक्टूबर) को कमाल कर दिखाया. 26 साल के इस गेंदबाज ने अफगानिस्तान की पहली पारी में लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट लेकर इतिहास रच दिया. महमूद ने 83वें ओवर में इस्मत आलम को क्लीन बोल्ड किया. इसके बाद अगली गेंद पर उन्होंने कैस अहमद को विकेटकीपर लिटन दास के हाथों कैच करा दिया. जिया उर रहमान को एलबीडब्ल्यू करके उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी की.
Tiger of the Day! Hasan Mahmud delivers a fifer and a hat-trick in the Only Test against Afghanistan. 🇧🇩🔥 #Bangladesh #Tigers #HasanMahmud #TestCricket https://t.co/LxrUrusrIi
— Bangladesh Cricket (@BCBtigers) October 11, 2026
हैट्रिक पर गजब ड्रामा
हसन महमूद ने जब जिया उर रहमान को गेंद फेंकी तो बॉल सीधे पैड पर जाकर लगी. हसन ने जोरदार अपील की, लेकिन अंपायर ने उंगली नहीं उठाई. इसके बाद कप्तान नजमुल हुसैन शांतो से रिव्यू लेने को कहा. शांतो ने उनकी बात मानी और तीसरे अंपायर से अपील की. इसके बाद बॉल ट्रैकिंग में साफ-साफ दिखा कि हसन की गेंद ऑफ स्टंप से जाकर लगती. मैदानी अंपायर ने अपने फैसले को पलटा और जिया उर रहमान को आउट करार दिया. इस तरह हसन ने अपनी हैट्रिक पूरी की.
महमूद हैट्रिक लेने वाले तीसरे बांग्लादेश
महमूद भले ही टेस्ट में बांग्लादेश के लिए हैट्रिक लेने वाले पहले तेज गेंदबाज हैं, लेकिन उनसे पहले दो स्पिन गेंदबाज यह कारनामा करके दिखा चुके हैं. आलोक कपाली ने 2003 में पाकिस्तान के खिलाफ पेशावर में हैट्रिक ली थी. वह बांग्लादेश के लिए हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज हैं. उनके बाद 2013 में सोहाग गाजी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चटगांव में तीन गेंद पर लगातार तीन विकेट लिए थे.
हसन का फाइव विकेट हॉल
हसन महमूद ने अफगानिस्तान के खिलाफ पहली पारी में फाइव विकेट हॉल (एक पारी में 5 या उससे अधिक विकेट) का करनामा कर दिखाया. उन्होंने 21 ओवर में 55 रन देकर 5 विकेट लिए. अफगानिस्तान की टीम पहली पारी में 240 रनों पर सिमट गई. पहली पारी में 346 रन बनाने वाली बांग्लादेशी टीम को 106 रनों की बढ़त मिली.