SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'ये MI नहीं है...', मुंबई इंडियंस की हालत से परेशान थे रोहित शर्मा, कप्तानी फिर से करने की बताई वजह

रोहित शर्मा ने मुंबई इंडियंस की कप्तानी फिर से संभालने के पीछे के कारणों को बताया है. वह तीन सीजन के बाद फिर से टीम की कमान संभालते हुए आईपीएल में नजर आएंगे. उन्हें हार्दिक पांड्या की जगह कप्तानी मिली है.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 28, 2026, 16:13 IST | Updated: Nov 28, 2026, 16:22 IST
Image Credit: रोहित शर्मा- Mumbai Indians
Join

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2027 सीजन से पहले ऐतिहासिक फैसला करते हुए अपने दिग्गज रोहित शर्मा को फिर से कप्तान बना दिया है. रोहित 2013 से 2023 तक टीम का नेतृत्व संभाल रहे थे. इसके बाद तीन सीजन में हार्दिक पांड्या ने कमान संभाली. लगातार खराब प्रदर्शनों से निराश होकर हिटमैन को फिर से फ्रेंचाइजी ने कप्तानी दे दी. रोहित ने इस पद को स्वीकार करने के पीछे के कारणों के बारे में खुलासा किया है. उन्होंने कहा कि टीम की स्थिति को देखकर वह काफी परेशान थे और उन्होंने इसे पटरी पर लाने के लिए यह फैसला किया.

हिटमैन ने कप्तान बनाए जाने के एक दिन बात मुंबई इंडियंस द्वारा जारी वीडियो में अपने दिल की बात कही है. उन्होंने कहा 2026 आईपीएल सीजन समाप्त होने बाद ही टीम के मालिकों ने उनसे बात की. कप्तानी का ऑफर दिया गया, लेकिन वह शुरू में इसे स्वीकार करने के पक्ष में नहीं थे. हिटमैन ने बताया कि कुछ समय तक सोचने के बाद उन्हें लगा कि फ्रेंचाइजी को एक सही दिशा की जरूरत है और इसी कारण उन्होंने कप्तानी को स्वीकार कर लिया.

 

 

निराश थे टीम के खिलाड़ी

रोहित ने मुंबई इंडियंस को 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में पांच आईपीएल टाइटल जिताए. उन्होंने कहा कि हाल के सीजन में टीम के खराब प्रदर्शन से कई खिलाड़ी निराश हो गए थे. उन्होंने यह भी माना कि मुंबई इंडियंस उस तरह का क्रिकेट नहीं खेल रही थी जिसके लिए वे जानी जाती थी और उन्हें अपनी जीत की राह पर वापस आने के लिए और ज्यादा मेहनत करने की ज़रूरत थी.

रोहित ने क्या कहा?

रोहित ने कहा, ''जैसे ही हमने IPL (2026) खत्म किया, हमारा सीजन बहुत निराशाजनक रहा. मुझे लगा, सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि कई दूसरे खिलाड़ी भी हमारे खेलने के तरीके से काफी निराश थे. जाहिर है, यह किसी भी एथलीट के लिए एक आम बात है. अगर आप अच्छा नहीं खेल रहे हैं, अगर आपकी टीम अच्छा नहीं कर रही है, तो आप निराश महसूस करते हैं.''

ये भी पढ़ें: बेन स्टोक्स के छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटा, ऋषभ पंत बने नए 'सिक्सर किंग', वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में रच दिया इतिहास

रोहित ने क्यों ली कप्तानी?

रोहित ने आगे बताया कि घर लौटने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी से टीम की स्थिति पर बात की और सोचने लगे कि मुंबई इंडियंस अपने पुराने स्टैंडर्ड पर कैसे वापस आ सकती है. उन्होंने आगे कहा, "और फिर, जाहिर है, आकाश अंबानी ने मुझे फोन किया. हम मिले. हमने इस टीम को आगे कैसे ले जाना है, इस पर बात की. क्या किया जा सकता है और यह सब. बहुत सारे आइडिया आए.'' रोहित ने माना कि आकाश के प्रस्ताव पर उनका शुरुआती रिएक्शन यह था कि वह दोबारा जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार नहीं थे. हालांकि, थोड़ा सोचने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि MI को एक ऐसे लीडर की जरूरत है जो टीम को दिशा दे सके.

ये भी पढ़ें: मौके बनाते रहे आकाश दीप और छूटते रहे कैच... कमेंट्री बॉक्स में गावस्कर को आया गुस्सा, मेज पर दे मारा मुक्का

टीम को नए दिशा की जरूरत

रोहित ने कहा, ''शुरू में मेरा सच यही था कि मैं अभी इसके लिए तैयार नहीं हूं. मुझे पीछे जाकर इसके बारे में सोचना पड़ा, क्योंकि बहुत कुछ हो चुका था.  मुझे नहीं पता कि मैं ऐसा करने के मूड में था या नहीं. मेरे अंदर एक फीलिंग आई कि... मैं यह नहीं कह रहा कि इस टीम को एक लीडर के तौर पर मेरी जरूरत है, बल्कि इस टीम को अभी एक दिशा की जरूरत है. वह दिशा चाहे जो भी हो, अगर वह मैं हूं, तो मैं इस टीम को आगे बढ़ाने में बहुत खुश हूं."

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES