वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही 5 मैचों की टी20 सीरीज में भारत 2-1 से आगे है. इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में टीम इंडिया ने 14 रनों से बाजी मारी. 224 रनों का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने अच्छी लड़ाई लड़ी, लेकिन 14 रन दूर रह गए. जिन लोगों ने ये मैच देखा होगा, उन्हें भारत की जीत के बाद प्रिंस यादव के उन 3 चौकों की याद जरूर आई होगी, जो अंत में जीत और हार का अंतर साबित हुआ. जी हां, नंबर-10 पर बल्लेबाजी करने आए प्रिंस ने 6 गेंदों का सामना किया और तीन चौके सहित 13 कीमती रन बनाए.
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे T20I में मिली जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में प्रिंस यादव की जमकर तारीफ हुई. बल्ले से योगदान देने के लिए उनके लिए खिलाड़ियों ने तालियां बजाई. उसके बाद बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें युवा तेज गेंदबाज स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा के साथ मजेदार बातचीत करते दिखे.
इंदौर में खेले गए मुकाबले में भारत की प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव की जगह प्रिंस यादव की एंट्री हुई. जाहिर है कि उनका चयन गेंदबाजी के लिए हुआ था, लेकिन हाथ में गेंद थामने से पहले उन्होंने उधार के बल्ले से कमाल कर दिया. जी हां, ये बैट उन्होंने अभिषेक शर्मा से मांगी थी. बल्ला देने से पहले अभिषेक ने उनसे कहा- ''बेइज्जती मत करवा दियो बैट की.''
अभिषेक शर्मा के साथ बातचीत में प्रिंस यादव ने खुलासा करते हुए कहा, ''जाहिर है भाई, टीम के लिए योगदान देना तो अच्छी बात ही है, वो चाहे बॉलिंग हो, बैटिंग हो, फील्डिंग हो, किसी से भी करे, तो मैं भी बस अच्छा महसूस कर रहा हूं. अभी भाई (अभिषेक शर्मा) ने वो बैट दी थी ना मेरे को, तो भैया बोले कि बेइज्जती मत करा दियो बैट की, तो मैंने उसकी इज्जत रखी.''
प्रिंस यादव ने आगे कहा कि मैंने इंग्लैंड में भी भैया के बैट से खेला था और आयरलैंड में छक्का भी मारा था, तो शुक्रिया. मैं अगली बार भी आपके बैट से खेलूंगा. इस बीच, अभिषेक ने प्रिंस की आखिर में अहम रन बनाने की काबिलियत की भी खूब तारीफ की. उन्होंने कहा, "मैंने उसकी बैटिंग देखी है. अगर किसी ने नहीं देखी है, तो बता दूं कि वो दिल्ली में 'सिंगल फट्टी' के लिए मशहूर है. सिंगल फट्टी का मतलब है आमने-सामने के मैच. इसमें आपको बैटिंग और बॉलिंग दोनों करनी होती हैं.
The batting talent you know 🔥 The reason you don't 😄 🎥 Prince Yadav and Abhishek Sharma reveal it in this 𝙛𝙪𝙣 𝙗𝙖𝙩 𝙨𝙩𝙤𝙧𝙮 👌 - By @ameyatilak #TeamIndia | #INDvWI | @mflone_ | @OfficialAbhi04 https://t.co/fl4WZkuKrr
— BCCI (@BCCI) October 12, 2026
कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी प्रिंस यादव की छोटी लेकिन असरदार पारी (कैमियो) की तारीफ की. मैच के बाद हुई प्रेजेंटेशन में श्रेयस ने कहा, "हमने मिडिल ऑर्डर में भी पारी को संभाला. इससे हम 223 के अच्छे स्कोर तक पहुंच पाए. मुझे लगता है कि आखिर में प्रिंस का आकर वह छोटी पारी खेलना और रन बनाना भी बहुत काम का रहा. बल्ले से 13 कीमती रन बनाने वाले प्रिंस यादव ने गेंद से अपने 4 ओवर में 37 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली.