India Tour Of New Zealand: भारतीय क्रिकेट टीम का न्यूजीलैंड में कड़ा इम्तिहान होने वाला है. वर्ल्ड कप 2027 से पहले ODI टीम विदेशी पिचों की चुनौतियों को पार करना चाहेगी, वहीं टेस्ट टीम का फोकस वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2027 के फाइनल में जगह बनाने पर होगा. न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया 5 टी20, 5 ODI और 2 टेस्ट मैच खेलेगी. इन 12 मैचों के नतीजे भविष्य के प्लान के लिए काफी अहम हैं. हालांकि, कई फैंस के मन में ये सवाल होगा कि अगर ये दौरा इतना अहम है तो केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल और मानव सुथार जैसे टेस्ट के मेन प्लेयर्स इंडिया ए टीम के लिए क्यों चुने गए हैं?
दरअसल, बीसीसीआई ने सोमवार (12 अक्टूबर) को न्यूजीलैंड दौरे के लिए इंडिया ए टीम के अपडेटेड स्क्वॉड का ऐलान किया. स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत शुरुआती दो मैचों से बाहर हो गए हैं. ईरानी कप में 'रेस्ट ऑफ इंडिया' टीम की कप्तानी करते समय विकेटकीपर-बल्लेबाज के बाईं तरफ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था. वो अभी BCCI की मेडिकल टीम की देखरेख में हैं उनकी जगह टीम में कुमार कुशाग्र की एंट्री हुई है.
ऋषभ पंत तो चोट की वजह से शुरुआती दो मैचों से बाहर हो गए हैं, लेकिन इंडिया ए स्क्वॉड में टेस्ट टीम के उपकप्तान केएल राहुल, ओपनर यशस्वी जायसवाल और स्पिनर मानव सुथार जैसे मुख्य खिलाड़ी मौजूद हैं. तो क्या ये सभी खिलाड़ी न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे? क्या चयनकर्ता न्यूजीलैंड में नए खिलाड़ियों पर दांव लगाने वाले हैं?
सबसे पहले तो ये साफ कर दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सिलेक्टर्स नए खिलाड़ियों पर बिल्कुल दांव नहीं लगाने वाले हैं. अहम सीरीज में टीम के मुख्य खिलाड़ी भी खेलेंगे. दरअसल, बीसीसीआई की मीटिंग में कप्तान शुभमन गिल ने ये मांग की थी कि विदेश में होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले खिलाड़ियों को अभ्यास और वहां की परिस्थितियों में ढलने के लिए समय चाहिए.
बीसीसीआई ने उनकी मांग को ध्यान में रखकर ही ये प्लान बनाया है. न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले कई मुख्य खिलाड़ियों को अभ्यास करने का पूरा मौका मिलेगा. उन्हें इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है, जो 24 अक्टूबर से न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन मल्टी-डे मैच खेलेगी. इन मैचों के जरिए केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और मानव सुथार जैसे खिलाड़ी टेस्ट सीरीज के लिए अच्छी तैयारी कर सकेंगे.

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, रविचंद्रन स्मरण, ध्रुव जुरेल (C), वाशिंगटन सुंदर, आकिब नबी, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, मानव सुथार, मुकेश चौधरी, साई सुदर्शन, यश राठौड़, मुकेश कुमार, कुमार कुशाग्र