)
IND vs WI 4th T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जा रही है. अब तक हुए तीन मुकाबलों में से दो में टीम इंडिया ने बाजी मारी है, जबकि एक मैच वेस्टइंडीज के नाम रहा है. चौथा मुकाबला बुधवार, 14 अक्टूबर को हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में खेला जाएगा. वो ग्राउंड, जहां भारत ने आखिरी बार T20I में 297 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. उस मैच में संजू सैमसन बांग्लादेश के गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे थे. उनके एक स्पिनर को तो संजू ने पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया था और 6 छक्के जड़कर सनसनी मचाई थी.
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत ने आखिरी मुकाबला 12 अक्टूबर, 2024 को खेला था. बांग्लादेश के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 297 रन बनाए थे. अभिषेक शर्मा तो सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन संजू सैमसन ने बल्ले से कोहराम मचाते हुए शानदार शतक जड़ा था.
इस मैच में बतौर ओपनर संजू सैमसन ने 47 गेंदों पर 111 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी. 236.17 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए स्टार विकेट कीपर बल्लेबाज ने 11 चौके और 8 छक्के जड़े थे. इसमें से 6 सिक्स तो उन्होंने एक ही गेंदबाज के खिलाफ ठोक दिया था. उस दिन संजू बांग्लादेशी स्पिनर रिशाद होसैन पर रहम करने के मूड में नहीं थे.
7वें ओवर में बांग्लादेश के लेग स्पिनर रिशाद होसैन गेंदबाजी करने आए. इस ओवर में संजू ने दो चौके और एक छक्का जड़ा. रिशाद के अगले ओवर में सैमसन ने रौद्र रूप अपनाया और 5 लगातार छक्के जड़कर महफिल लूट ली. बांग्लादेशी स्पिनर के हाथ-पांव फूल गए. उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि कौन-सी गेंद डाले. उस मैच में सैमसन ने रिशाद होसैन की 10 गेंदों का सामना किया, जिसमें उन्होंने 6 छक्के और दो चौके जड़े. 111 रनों की शानदार पारी के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया था.
हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है. टीम इंडिया ने इस स्टेडियम में अब तक तीन T20I खेले हैं और तीनों में जीत दर्ज की है. इस ग्राउंड पर भारत ने 2019 में वेस्टइंडीज को 6 विकेट से रौंदा. 2022 में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से पटखनी दी और आखिरी बार 2024 में बांग्लादेश को 133 रनों के बड़े अंतर से मात दी.